नदिया में महुआ मोइत्रा के काफिले पर पथराव का आरोप, टीएमसी सांसद ने भाजपा व पुलिस पर लगाए आराेप

19 Nov 2026 16:34:53
महुआ


कोलकाता, 19 नवंबर (हि.स.)। तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने गुरुवार को आरोप लगाया कि नदिया जिले के कालीगंज में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के समर्थकों के एक समूह ने उनकी कार और काफिले पर पत्थर तथा अंडे फेंके। पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर से लाेकसभा सांसद ने राज्य पुलिस पर कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश के बावजूद उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करने में विफल रहने का आरोप लगाया है।

सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर महुआ मोइत्रा ने दावा किया कि उन पर हमला करने के लिए गोबरा ग्राम पंचायत इलाके में 80-90 भाजपा समर्थक जमा थे और पुलिस को इस जमावड़े की पहले से पूरी जानकारी थी। उन्होंने पश्चिम बंगाल पुलिस, राज्य के पुलिस महानिदेशक और कृष्णानगर पुलिस जिले को संबोधित करते हुए लिखा कि कलकत्ता उच्च न्यायालय के आदेश के तहत उनकी सुरक्षा पुलिस की जिम्मेदारी है और सारी जानकारी होने के बावजूद भाजपा के लोग उन पर हमला करने के लिए वहां मौजूद हैं।

सांसद ने पश्चिम बंगाल पुलिस पर भाजपा समर्थकों के साथ मिलीभगत करने का आरोप लगाते हुए इसे अदालत की अवमानना करार दिया। उन्होंने अपने पोस्ट में उच्चतम न्यायालय के न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता, मुख्य न्यायाधीश सूर्यकांत और कलकत्ता उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश का उल्लेख करते हुए कहा कि जब उनकी सुरक्षा के लिए आदेशित पुलिस ही भाजपा के साथ मिलकर उन पर हमले की अनुमति दे, तो यह अदालत की अवमानना है। उन्होंने तुषार मेहता का नाम लेते हुए कहा कि वे अदालत में खड़े होकर इसे सही ठहराने की कोशिश न करें।

एक अन्य पोस्ट में तृणमूल कांग्रेस सांसद महुआ मोइत्रा ने आरोप लगाया कि पुलिस को सभी सूचनाएं देने के बावजूद प्रदर्शनकारियों को उनका कार्यक्रम बाधित करने और पुलिस सुरक्षा वाले काफिले पर हमला करने की अनुमति दी गई। घटनास्थल से सामने आए दृश्यों में देखा गया कि जब सांसद का काफिला इलाके से गुजर रहा था, तब प्रदर्शनकारी काले झंडे दिखा रहे थे और 'वापस जाओ' के नारे लगा रहे थे। हालांकि, इन आरोपों पर पुलिस या भाजपा की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर

Powered By Sangraha 9.0