मप्र के भोपाल में महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का आगाज, चीन और थाईलैंड के बीच उद्घाटन मैच शुरू

युगवार्ता    19-Nov-2026
Total Views |
भोपाल में महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का आगाज


- भारतीय टीम आज मलेशिया से भिड़ेगी

भोपाल, 19 नवम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी-2026 का रोमांच शुरू हो गया है। उद्घाटन मुकाबले में चीन ने थाईलैंड के खिलाफ दमदार प्रदर्शन करते हुए तीसरे क्वार्टर तक पांच गोल दाग दिए। 19 से 28 नवंबर तक चलने वाले इस टूर्नामेंट में भारत समेत छह देशों की टीमें खिताब के लिए जोर आजमाइश कर रही हैं।

दरअसल, भोपाल के नाथू बरखेड़ा स्थित अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में गुरुवार को महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी-2026 की शुरूआत हो चुकी है। प्रतियोगिता के पहले दिन मेजबान भारतीय महिला हॉकी टीम अपने अभियान की शुरुआत मलेशिया के विरुद्ध करेगी। भारत और मलेशिया के बीच मुकाबला शाम 4:35 बजे खेला जाएगा। प्रतियोगिता में भारत सहित चीन, जापान, दक्षिण कोरिया, मलेशिया और थाईलैंड की छह टीमें हिस्सा लेंगी। सभी टीमें भोपाल पहुंच चुकी हैं। प्रतियोगिता के पहले दिन तीन मुकाबले खेले जाएंगे। चीन और थाईलैंड के बीच उद्घाटन मैच शुरू हो गया है। इसके बाद जापान और कोरिया की टीमें आमने-सामने होंगी। मेजबान भारतीय टीम शाम 4:45 बजे मलेशिया के खिलाफ मैदान में उतरेगी। इसके बाद शाम 6:30 बजे औपचारिक उद्घाटन समारोह आयोजित किया जाएगा।

भोपाल में इससे पहले वर्ष 2009 में वर्ल्ड सीरीज हॉकी का आयोजन हो चुका है। ऐशबाग स्टेडियम में कई वर्षों तक पुरुष हॉकी के राष्ट्रीय स्तर के मुकाबले भी खेले गए हैं, लेकिन महिला हॉकी का अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट पहली बार राजधानी में आयोजित हो रहा है। टूर्नामेंट में शामिल टीमों की विश्व रैंकिंग पर नजर डालें तो चीन चौथे स्थान के साथ सबसे मजबूत टीम है। भारतीय टीम सातवें स्थान पर है। जापान 11वें, कोरिया 15वें, मलेशिया 21वें और थाईलैंड 28वें स्थान पर है। एशियाई रैंकिंग में चीन पहले और भारत दूसरे स्थान पर है। ऐसे में भारतीय टीम के सामने घरेलू मैदान पर बेहतर प्रदर्शन कर खिताब की दावेदारी मजबूत करने की चुनौती होगी।

लीग चरण में भारत के पांच मुकाबले

भारतीय टीम लीग चरण में सभी पांच प्रतिद्वंद्वी देशों से मुकाबला करेगी। उसका पहला मैच 19 नवंबर को मलेशिया के खिलाफ होगा। इसके बाद 21 नवंबर को कोरिया, 22 नवंबर को थाईलैंड, 24 नवंबर को चीन और 25 नवंबर को जापान से सामना होगा। मलेशिया के खिलाफ पहला मैच शाम 4:45 बजे खेला जाएगा, जबकि भारत के बाकी चार लीग मुकाबले शाम 7 बजे शुरू होंगे।

28 नवंबर को होगा फाइनल

लीग चरण के मुकाबले 25 नवंबर को समाप्त होंगे। इसके बाद 27 नवंबर को टीमों की रैंकिंग के आधार पर तीन पोजिशन मैच खेले जाएंगे। दोपहर 2 बजे पांचवें और छठे स्थान की टीमें भिड़ेंगी। शाम 4:30 बजे पहले और चौथे स्थान की टीमों के बीच मुकाबला होगा, जबकि शाम 7 बजे दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमें आमने-सामने होंगी। टूर्नामेंट का समापन 28 नवंबर को होगा। इस दिन शाम 4:30 बजे ब्रॉन्ज मेडल और शाम 7 बजे गोल्ड मेडल के लिए मुकाबला खेला जाएगा। इसके साथ ही 10 दिन तक चलने वाली महिला एशियन चैंपियंस ट्रॉफी का खिताबी सफर पूरा होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत

Tags