भाजपा ने आशुतोष रांका और अभिजीत दिपके पर लगाया विदेशी आर्थिक मदद मिलने का आरोप

02 Nov 2026 17:49:54
प्रेम शुक्ला, भाजप प्रवक्ता


नागपुर, 02 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रेम शुक्ला ने आरोप लगाया कि कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के आशुतोष रांका को पाकिस्तान से आर्थिक मदद मिली थी। पाकिस्तान की सानिया निसार की ओर से रांका को पैसे मिलने का दावा करते हुए उन्होंने इन वित्तीय लेन-देन को ऑपरेशन सिंदूर के खिलाफ जनमत तैयार करने के प्रयासों से जोड़ा।

नागपुर में सोमवार को आयोजित पत्रकार वार्ता भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता शुक्ला ने कहा कि सीजेपी के नेता अभिजीत दिपके और आशुतोष रांका हाल ही में दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए आंदोलन के कारण चर्चा में आए थे। आंदोलन के दौरान तोड़फोड़ की कोशिश करने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया था।

शुक्ला ने अभिजीत दिपके को भी विदेश से आर्थिक सहायता मिलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विदेशों में रहने वाले भारतीय नागरिक विभिन्न संस्थाओं के माध्यम से एफसीआरए खातों के जरिए धन उपलब्ध कराते हैं। इस आधार पर उन्होंने इन वित्तीय लेन-देन की पारदर्शिता पर सवाल उठाए। हालांकि, इन आरोपों के समर्थन में कौन-से सबूत सार्वजनिक किए गए हैं, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और इंडिया गठबंधन पर भी तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि रविवार को रामलीला मैदान में आयोजित कांग्रेस की रैली अपेक्षा के अनुरूप प्रभावशाली नहीं रही। रैली में एक लाख लोगों के शामिल होने का दावा किया गया था, जबकि वास्तव में केवल 20 से 25 हजार लोग ही पहुंचे थे। उन्होंने यह भी दावा किया कि इस रैली में एसआईआर प्रक्रिया के कारण मतदाता सूची से नाम हटाए गए नागरिक शामिल नहीं थे, बल्कि मुख्य रूप से कांग्रेस के कार्यकर्ता ही मौजूद थे।

मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) को लेकर कांग्रेस की ओर से उठाए जा रहे सवालों का भी शुक्ला ने जवाब दिया। उन्होंने बताया कि देश में अब तक 12 बार एसआईआर की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जिनमें से 10 बार यह प्रक्रिया कांग्रेस के शासनकाल में हुई थी। उनका कहना था कि मतदाता सूचियों का शुद्धिकरण लोकतंत्र को अधिक पारदर्शी बनाने के लिए आवश्यक प्रक्रिया है। राहुल गांधी द्वारा 14 करोड़ मतदाताओं के नाम हटाए जाने के दावे को निराधार बताते हुए उन्होंने विभिन्न आंकड़े पेश किए। उनके अनुसार

6.30 करोड़ मतदाताओं के नाम दो स्थानों पर दर्ज थे।

3 करोड़ नागरिक सर्वेक्षण के दौरान अनुपस्थित थे।

2.80 करोड़ मतदाताओं की मृत्यु हो चुकी थी। इसके अलावा एक करोड़ अतिरिक्त मतदाताओं के नाम भी दो स्थानों पर दर्ज होने के कारण हटाए गए।

कांग्रेस के चुनावी प्रदर्शन का जिक्र करते हुए शुक्ला ने वर्ष 2014 से लेकर अब तक हुए लोकसभा चुनावों में पार्टी को मिली सीटों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को क्रमशः 44, 54 और पिछले लोकसभा चुनाव में 99 सीटें मिली थीं। इन आंकड़ों के आधार पर उन्होंने राहुल गांधी के नेतृत्व पर सवाल उठाए।

उन्होंने यह भी दावा किया कि कांग्रेस के विधायकों की संख्या वर्ष 2004 में 1,182 थी, जो अब घटकर 663 रह गई है। इसके विपरीत भाजपा के विधायकों की संख्या दोगुनी हो गई है।

---------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुलकर्णी

Powered By Sangraha 9.0