
काठमांडू, 02 नवंबर (हि.स.)। भारतीय सेना में गोरखा भर्ती फिर से शुरू करने की मांग को लेकर सोमवार को भारतीय पूर्व सैनिक कल्याणकारी संघ ने काठमांडू में और ऑल नेपाल भारतीय पूर्व सैनिक कल्याणकारी संघ ने काठमांडू के माइतीघर में प्रदर्शन किया।
भारत सरकार की ओर से अग्निपथ योजना लागू किए जाने के बाद से गोरखा भर्ती बंद है। इससे पहले 12 अगस्त को पोखरा में पूर्व गोरखा सैनिकों और युवाओं ने भर्ती फिर से शुरू करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। इसी तरह, 19 अगस्त को भारतीय थल सेना प्रमुख जनरल धीरज सेठ के नेपाल दौरे के दौरान भी पूर्व गोरखा सैनिकों ने भर्ती फिर से शुरू करने के लिए पहल करने का आग्रह किया था। हालांकि, भारतीय सेना प्रमुख के नेपाल दौरे के दौरान भी भर्ती फिर से शुरू करने के मुद्दे पर कोई ठोस सहमति नहीं बन पाई।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने बेरोजगार नेपाली युवाओं के लिए भरोसेमंद रोजगार की व्यवस्था करने की भी मांग की। प्रदर्शनकारियों ने सचिव स्तर के फैसले को खारिज करते हुए पूर्व गोरखा सैनिकों की संस्था या संगठन के पंजीकरण का नवीनीकरण करने की व्यवस्था करने की भी मांग की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास