
- जनवरी से अक्टूबर के दौरान निसान ने कुल 85,124 यूनिट्स की होलसेल बिक्री की
नई दिल्ली, 02 नवंबर (हि.स.)। वाहन विनिर्माता कंपनी निसान मोटर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (एनएमआईपीएल) ने अक्टूबर माह में घरेलू बाजार में कुल 3,600 वाहनों की थोक बिक्री दर्ज की है, जो पिछले साल इसी अवधि में बिकीं 2,402 इकाई के मुकाबले 50 फीसदी की वृद्धि है। निसान के लिए यह लगातार आठवां महीना रहा, जब कंपनी की घरेलू बिक्री में सालाना आधार पर बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
निसान मोटर इंडिया ने सोमवार को अपनी अक्टूबर की बिक्री रिपोर्ट जारी की, जिसमें बताया गया कि जनवरी से अक्टूबर के बीच निसान ने घरेलू और विदेशी बाजारों को मिलाकर कुल 85,124 गाड़ियों की थोक बिक्री की है। कंपनी ने बताया कि घरेलू होलसेल बिक्री में सालाना आधार पर 50 फीसदी की वृद्धि दर्ज की गई है। कंपनी ने बताया कि यह प्रदर्शन निसान के लगातार बढ़ते पोर्टफोलियो को प्रति ग्राहकों की शानदार प्रतिक्रिया को दिखाता है। इसके पोर्टफोलियो में नई निसान टेक्टॉन, मैग्नाइट और ग्रेवाइट है। साथ ही बढ़ते डीलर नेटवर्क से भी कंपनी के शानदार प्रदर्शन में योगदान मिला है। कंपनी व्यापक प्रोडक्ट ऑफरिंग, ग्राहकों तक ज्यादा पहुंच और उन्हें शानदार अनुभव देते हुए भारत में लगातार विकास करने पर फोकस कर रही है।
निसान मोटर इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर सौरभ वत्स ने कहा कि अक्टूबर में घरेलू बाजार में सालाना आधार पर 50 फीसदी की वृद्धि दर्ज करना निसान ब्रांड में ग्राहकों के लगातार बढ़ते भरोसे और भारत में हमारी प्रगति को दिखाने वाली है। उन्होंने कहा कि जनवरी से अक्टूबर के बीच घरेलू एवं निर्यात बाजारों में 85,124 यूनिट्स की बिक्री के साथ हम लगातार अपने पोर्टफोलियो और डीलर नेटवर्क को मजबूत बना रहे हैं। सौरभ वत्स ने कहा कि धनतेरस और दीवाली आने वाली है और हम अपने खास प्रोडक्ट्स एवं बेहतरीन अनुभव के साथ अपने ग्राहकों को सर्विस देने पर फोकस करते रहेंगे।
निशान सीईओ ने कहा कि अक्टूबर में निसान ने 4,710 यूनिट्स का निर्यात किया। कंपनी लगातार भारत में निर्माण करते हुए अंतरराष्ट्रीय बाजारों में ग्राहकों को सर्विस दे रही है। अपनी ‘वन कार, वन वर्ल्ड’ की रणनीति के तहत निसान भारत एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों में ग्राहकों को ऐसे प्रोडक्ट्स उपलब्ध करा रही है, जिन्हें गुणवत्ता के वैश्विक मानकों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। यह निसान के वैश्विक परिचालन में भारत की भूमिका को मजबूत करने वाला है।
उन्होंने कहा कि निसान के एसयूवी डीएनए पर डिजाइन की गई नई निसान टेक्टॉन में जापान की रिफाइंड क्राफ्टमैनशिप, इंटेलीजेंट टेक्नोलॉजी, कमांडिंग परफॉर्मेंस और हर दिन की व्यावहारिकता को साथ लाया गया है। मैग्नाइट एवं ग्रेवाइट के साथ-साथ टेक्टॉन भी सतत विकास की निसान की रणनीति में अहम भूमिका निभा रही है और भारतीय ऑटोमोटिव मार्केट के प्रमुख सेगमेंट्स में कंपनी की स्थिति को मजबूती दे रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर