पटना में 26 नवंबर को होगा सम्मान समारोह
नई दिल्ली, 20 नवंबर (हि.स.)। केंद्र सरकार ने देश में स्वदेशी गोवंशीय नस्लों के संरक्षण, संवर्धन एवं वैज्ञानिक विकास को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दिए जाने वाले प्रतिष्ठित राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार (एनजीआरए) 2026 के विजेताओं की घोषणा कर दी है।
केरल के मुरलीधरन नायर को राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार 2026 में प्रथम स्थान मिला है जबकि द्वितीय स्थान गुजरात के पोबंदर के ओडेदरा राजशिभाई और तीसरा स्थान हरियाणा के गुरुग्राम के मदन मोहन यादव को मिला है। इसके अलावा पूर्वोत्तर एवं हिमालयी क्षेत्र के लिए भी तीन विशेष पुरस्कारों की घोषणा की गई है।
मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्रालय के पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा जारी सूची में तीन प्रमुख श्रेणियों के अंतर्गत प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान के विजेताओं के साथ पूर्वोत्तर क्षेत्र एवं हिमालयी राज्यों के लिए विशेष पुरस्कार की भी घोषणा की गई है। इस वर्ष पुरस्कार के लिए कुल 1,583 आवेदन प्राप्त हुए थे। ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 10 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक राष्ट्रीय पुरस्कार पोर्टल awards.gov.in के माध्यम से संचालित की गई थी।
राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार के तहत निम्नलिखित तीन श्रेणियों में उत्कृष्ट योगदान देने वालों को सम्मानित किया गया हैः
स्वदेशी गाय एवं भैंस की नस्लों का पालन करने वाले सर्वश्रेष्ठ डेयरी किसान।
सर्वश्रेष्ठ डेयरी सहकारी समिति (डीसीएस), मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी (एमपीसी) एवं डेयरी फार्मर प्रोड्यूसर ऑर्गेनाइजेशन (एफपीओ)।
सर्वश्रेष्ठ कृत्रिम गर्भाधान तकनीशियन (एआईटी)।
इसके अलावा पूर्वोत्तर क्षेत्र (एनईआर) एवं हिमालयी राज्यों के लिए विशेष पुरस्कार दिए गए हैं, ताकि इन क्षेत्रों में डेयरी विकास गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।
राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार 2026 के विजेताओं की सूची
1. सर्वश्रेष्ठ डेयरी किसान (स्वदेशी गाय एवं भैंस नस्लों का पालन) गैर-पूर्वोत्तर एवं गैर-हिमालयी श्रेणी–
प्रथम स्थान : मुरलीधरन नायर–कोट्टायम, केरल।
द्वितीय स्थान : ओडेदरा राजशिभाई–पोरबंदर, गुजरात।
तृतीय स्थान : मदन मोहन यादव–गुरुग्राम, हरियाणा।
पूर्वोत्तर एवं हिमालयी क्षेत्र का विशेष पुरस्कार
1. सागर सिंह रावत–ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड।
2. सर्वश्रेष्ठ डेयरी सहकारी समिति/मिल्क प्रोड्यूसर कंपनी
गैर-पूर्वोत्तर एवं गैर-हिमालयी श्रेणी:
प्रथम स्थान : टीएनडी 93 थाट्चुर एपीसीएस– कल्लाकुरिची, तमिलनाडु।
द्वितीय स्थान : डिंका मिल्क प्रोड्यूसर्स कोऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड– मांड्या, कर्नाटक।
तृतीय स्थान : एरुथेनपैथी क्षीरोलपादक सहकारण संगम–पलक्कड़, केरल।
पूर्वोत्तर एवं हिमालयी क्षेत्र का विशेष पुरस्कार :
द चक देविया डेयरी कोऑपरेटिव लिमिटेड–कठुआ, जम्मू-कश्मीर।
3. सर्वश्रेष्ठ कृत्रिम गर्भाधान तकनीशियन
गैर-पूर्वोत्तर एवं गैर-हिमालयी श्रेणी :
प्रथम स्थान : शुभंकर नंदी–हुगली, पश्चिम बंगाल।
द्वितीय स्थान : राजेश कुमार महतो– गिरिडीह, झारखंड।
तृतीय स्थान : शेख शफी–जिला श्री पोट्टी श्रीरामुलु नेल्लोर, आंध्र प्रदेश।
पूर्वोत्तर एवं हिमालयी क्षेत्र का विशेष पुरस्कार :
सुधेश कुमार– ऊधम सिंह नगर, उत्तराखंड।
प्रथम पुरस्कार विजेता को मिलेंगे 5 लाख रुपये
राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार के अंतर्गत सर्वश्रेष्ठ डेयरी किसान और सर्वश्रेष्ठ डेयरी सहकारी समिति/एमपीसी/एफपीओ श्रेणियों में विजेताओं को नकद पुरस्कार, प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किए जाएंगे।
पुरस्कार राशि का विवरण इस प्रकार है
प्रथम स्थान: 5 लाख रुपये।
द्वितीय स्थान: 3 लाख रुपये।
तृतीय स्थान: 2 लाख रुपये।
पूर्वोत्तर एवं हिमालयी क्षेत्र का विशेष पुरस्कार: 2 लाख रुपये। वहीं, सर्वश्रेष्ठ कृत्रिम गर्भाधान तकनीशियन श्रेणी के विजेताओं को प्रमाण-पत्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान किए जाएंगे।
26 नवंबर को पटना में होगा पुरस्कार समारोह
राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार 2026 का सम्मान समारोह 26 नवंबर 2026 को राष्ट्रीय दुग्ध दिवस समारोह के अवसर पर बिहार की राजधानी पटना स्थित बापू सभागार, मुरादपुर में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर केंद्रीय मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह विजेताओं को सम्मानित करेंगे। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।
गौरतलब है कि स्वदेशी गोवंशीय नस्लों के संरक्षण, संवर्धन एवं वैज्ञानिक विकास के लिए केंद्र सरकार ने दिसंबर 2014 में राष्ट्रीय गोकुल मिशन (आरजीएम) की शुरुआत की थी। राष्ट्रीय गोपाल रत्न पुरस्कार इसी मिशन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। इस पुरस्कार के माध्यम से स्वदेशी नस्लों के संरक्षण में योगदान देने वाले पशुपालकों, डेयरी सहकारी समितियों, किसान उत्पादक संगठनों और कृत्रिम गर्भाधान तकनीशियनों के कार्यों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान एवं प्रोत्साहन दिया जाता है। इससे देश में स्वदेशी पशुधन के संरक्षण के साथ-साथ डेयरी क्षेत्र को मजबूत बनाने की दिशा में भी नई प्रेरणा मिलेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रामानुज शर्मा