
नई दिल्ली, 20 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने समाजवादी पार्टी और आजम खान पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सांप्रदायिक राजनीति उसका उद्देश्य है। आजम खान को यह याद रखना चाहिए कि उन्हें जमानत मिली है लेकिन वे अभी भी मुकदमे का सामना कर रहे हैं, उन्हें दोषमुक्त नहीं किया गया है।
गौरव भाटिया ने शुक्रवार को मीडिया से बातचीत में कहा कि एक तरफ उत्तर प्रदेश में विकास के कार्य हो रहे हैं और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश की कानून-व्यवस्था को मजबूत किया है। इसके विपरीत अखिलेश यादव और आजम खान के शासनकाल में महिलाएं सुरक्षित नहीं थीं। जनता के पैसे का इस्तेमाल कब्रिस्तानों की चहारदीवारी बनाने और हज हाउस के निर्माण में किया जाता था। उनका उद्देश्य केवल सांप्रदायिक और तुष्टिकरण की राजनीति करना था।
भाजपा प्रवक्ता ने आजम खान के हालिया बयान पर तंज कसते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में अगर किसी में शेर जैसी हिम्मत और पराक्रम है तो वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हैं। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की जनता ने भाजपा को लगातार तीसरी बार सत्ता में लाने का फैसला कर लिया है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा एक बार फिर सरकार बनाएगी और जीत की हैट्रिक लगाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी