जीएसटी अधिकारियों ने 116 करोड़ रुपये के पान मसाला उपकर की चोरी पकड़ी, एक गिरफ्तार

20 Nov 2026 16:47:53
वित्त मंत्रालय के लोगो का प्रतीकात्मक चित्र


नई दिल्ली, 20 नवंबर (हि.स.)। वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) अधिकारियों ने हरियाणा के रेवाड़ी में स्थित एक पान मसाला विनिर्माण इकाई द्वारा 116.48 करोड़ करोड़ रुपये के उपकर की चोरी के सिलसिले में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

वित्त मंत्रालय ने शुक्रवार को एक बयान में बताया कि चार पाउच-पैकिंग मशीनों के मालिक और संचालक एक व्यक्ति को केंद्रीय जीएसटी (सीजीएसटी) फरीदाबाद आयुक्तालय ने गिरफ्तार किया है। तलाशी के दौरान धनराज ब्रांड पान मसाला के निर्माण के लिए उपयोग की जाने वाली 4 वर्टिकल पाउच-पैकिंग मशीनें वहां क्रियाशील पाई गईं।

मंत्रालय ने कहा कि एक विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर सीजीएसटी फरीदाबाद आयुक्तालय ने 16 नवंबर को हरियाणा के रेवाड़ी में रामगढ़ रोड स्थित एक फर्म के परिसर में तलाशी ली। उन्हें संदेह था कि एचएसएनएस उपकर का भुगतान किए बिना पान मसाला का निर्माण किया जा रहा था। जांच में पता चला कि फर्म ने न तो एचएसएनएस उपकर अधिनियम, 2025 के तहत पंजीकरण प्राप्त किया था और न ही अधिनियम के प्रावधानों के तहत अपनी पैकिंग मशीनों को आवश्यक घोषित किया था।

वित्त मंत्रालय ने कहा कि इकाई का संचालन करने वाली फर्म ने अपनी चालू मशीनों की घोषणा नहीं की थी, जो 'स्वास्थ्य सुरक्षा से संबंधित राष्ट्रीय सुरक्षा' (एचएसएनएस) उपकर अधिनियम, 2025 के तहत एक अपराध है। मंत्रालय ने कहा, ”एचएसएनएस उपकर अधिनियम, 2025 के अनुसार न चुकाई गई या चोरी की गई उपकर की राशि 116.48 करोड़ रुपये है।”

एचएसएनएस उपकर 01 फरवरी 2026 से लागू है और पान मसाला निर्माताओं पर स्थापित मशीनों की क्षमता के आधार पर लगाया जाता है। सीजीएसटी ने गिरफ्तार व्यक्ति को न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से न्यायालय ने उस व्यक्ति को 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। मामले की जांच की जा रही है।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0