मप्र के उज्जैन में मंगल कलश यात्रा के साथ कालिदास समारोह का आगाज, शनिवार में सजेगा साहित्य और संस्कृति का मंच

20 Nov 2026 15:15:58
उज्जैन में कालीदास समारोह से पहले निकली कलश यात्रा में मालवी लोक कलाकार प्रस्तुति देते हुए


रंगकर्मी वाणी त्रिपाठी टिक्कू (संस्कृति विभाग द्वारा उपलब्ध कराई गई तस्वीर)


उज्जैन, 20 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की धर्मनगरी उज्जैन में 68वें अखिल भारतीय कालिदास समारोह का उत्सवी आगाज हो गया है। सात दिवसीय आयोजन की पूर्व बेला पर शुक्रवार को मंगल कलश यात्रा निकाली गई। इसके साथ ही समारोह के औपचारिक शुभारंभ से पहले सांस्कृतिक गतिविधियों का सिलसिला शुरू हो गया।

संस्कृति विभाग के तत्त्वावधान में कालिदास संस्कृत अकादमी एवं सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय द्वारा आयोजित अखिल भारतीय कालीदास समारोह का मुख्य आयोजन 21 से 27 नवंबर तक कालिदास संस्कृत अकादमी में होगा। इसमें देशभर के साहित्यकार, विद्वान, कलाकार और संस्कृति प्रेमी शामिल होंगे। महाकवि कालिदास की साहित्यिक विरासत को केंद्र में रखकर व्याख्यान, शोध संगोष्ठियां, नाट्य प्रस्तुतियां और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

समारोह के एक दिन पहले शुक्रवार को उज्जैन में परंपरागत कलश यात्रा निकाली गई। सुबह शिप्रा नदी के किनारे रामघाट पर मंगल कलश का पूजन किया गया। इसके बाद मालवी लोक कलाकार ढोल और झांझ की थाप पर नृत्य करते हुए यात्रा में शामिल हुए। इस बार यात्रा टॉवर चौक से शुरू हुई, जो फ्रीगंज, देवास रोड और दशहरा मैदान होते हुए कालिदास अकादमी पहुंचकर समाप्त हुई। इस अवसर पर कालीदास अकादमी के निदेशक गोविंद गंधे, विक्रम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अर्पण भारद्वाज सहित अन्य समाजसेवी मौजूद रहे। यात्रा मार्ग पर जगह-जगह आकर्षक रंगोलियां बनाई गईं।

सुविख्यात रंगकर्मी वाणी त्रिपाठी टिक्कू को मिलेगा राष्ट्रीय कालिदास सम्मान ‘रंगकर्म’-202

संस्कृति विभाग के संचालक एनपी नामदेव ने बताया कि समारोह का शुभारंभ शनिवार, 21 नवंबर को शाम 6 बजे कालिदास संस्कृत अकादमी के पं. सूर्यनारायण व्यास संकुल सभागार में समारोह का शुभारंभ होगा। कार्यक्रम में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शामिल होंगे। इस अवसर पर प्रसिद्ध रंगकर्मी वाणी त्रिपाठी टिक्कू को वर्ष 2026 का राष्ट्रीय कालिदास सम्मान (रंगकर्म) प्रदान किया जाएगा।

नामदेव ने बताया कि रंगकर्म के क्षेत्र में उत्कृष्टता और श्रेष्ठ उपलब्धि को सम्मानित करने के उद्देश्य से वर्ष 1982 से कालिदास सम्मान प्रदान किया जा रहा है। यह सम्मान रंगकर्म में असाधारण सृजनात्मकता, उत्कृष्टता और दीर्घ कला-साधना के आधार पर दिया जाता है। अब तक 37 विभूतियों को कालिदास सम्मान से अलंकृत किया जा चुका है। सम्मान के अंतर्गत 5 लाख रुपये की कर-मुक्त राशि, प्रशस्ति पट्टिका एवं शॉल-श्रीफल प्रदान किए जाते हैं।

वाणी त्रिपाठी टिक्कू एक बहुआयामी कलाकार

भारतीय रंगमंच की सुप्रतिष्ठित हस्ती वाणी त्रिपाठी टिक्कू एक बहुआयामी कलाकार हैं, जिन्होंने अभिनय, रंगमंचीय प्रशिक्षण, नाट्य शिक्षा, सिनेमा और साहित्य के माध्यम से अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित की है। अकादमिक अध्ययन के साथ-साथ रंगमंच के प्रति उनकी गहरी रुचि निरंतर विकसित होती रही, जिसके परिणामस्वरूप उन्होंने लिविंग थिएटर अकादमी ऑफ ड्रामा से रंगकर्म का प्रशिक्षण प्राप्त किया तथा भारतीय रंगमंच के महान निर्देशक एवं रंगगुरु इब्राहिम अल्काज़ी के मार्गदर्शन में अभिनय की बारीकियों को आत्मसात किया। रंगमंच के प्रति वाणी त्रिपाठी की रूचि जगाने में बैरी जॉन, माया राव, ब.व. कारंत और त्रिपुरारी शर्मा जैसे प्रतिष्ठित रंगकर्मियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। विश्व साहित्य के प्रतिष्ठित नाटककारों जैसे एंतोन चेखव, पीटर शेफर, आर्थर मिलर और टेनेसी विलियम्स की प्रसिद्ध रचनाओं पर आधारित नाट्य प्रस्तुतियों में वाणी त्रिपाठी का अभिनय उनकी रंगमंचीय समझ और कलात्मक विविधता को दर्शाता है।

सात दिन होंगे साहित्यिक और सांस्कृतिक आयोजन

समारोह के दौरान अलग-अलग दिन राष्ट्रीय शोध संगोष्ठी, स्मृति व्याख्यान, संस्कृत नाटक, काव्यपाठ और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। 22 नवंबर को पंडित सूर्यनारायण व्यास स्मृति व्याख्यान, 23 नवंबर को महाकवि कालिदास स्मृति व्याख्यान और 24 नवंबर को पद्मश्री वाकणकर स्मृति व्याख्यान आयोजित किया जाएगा। वहीं, 25 नवंबर को संस्कृत कवि समवाय और हिंदी नाटक की प्रस्तुति होगी। 26 नवंबर को संत समागम सहित अन्य कार्यक्रम होंगे, जबकि 27 नवंबर को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और पुरस्कार वितरण के साथ समारोह का समापन होगा। इस बार विभिन्न राज्यों के नृत्य दलों के बीच प्रतियोगिता भी आकर्षण का केंद्र रहेगी।

कालिदास समारोह उज्जैन की साहित्यिक और सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण आयोजन है। वर्ष 1958 में शुरू हुए इस समारोह के माध्यम से महाकवि कालिदास के साहित्य, संस्कृत भाषा और भारतीय कला परंपरा को मंच मिलता रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0