
नई दिल्ली, 20 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को पश्चिम बंगाल, बिहार और उत्तर प्रदेश के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे शिक्षा, कौशल विकास और बुनियादी ढांचे से जुड़े कई बड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेंगे। बिहार के वैशाली में करीब 34,470 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास तथा गंगा नदी पर बने 'नीतीश सेतु' का लोकार्पण होगा।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार प्रधानमंत्री मोदी शनिवार सुबह 09:45 बजे पश्चिम बंगाल स्थित देश के पहले भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (1951 में स्थापित) आईआईटी खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में शामिल होंगे। इस अवसर पर वे संस्थान की 75 साल की गौरवशाली यात्रा के प्रतीक के रूप में 75 छात्रों के साथ संवाद करेंगे और समारोह को संबोधित भी करेंगे।
पश्चिम बंगाल के बाद प्रधानमंत्री दोपहर 01:15 बजे बिहार स्थित वैशाली जिले में गंगा नदी पर बने छह लेन के एक्स्ट्राडोज्ड केबल-स्टेड ब्रिज 'नीतीश सेतु' का निरीक्षण करेंगे और उसे राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके बाद दोपहर करीब दो बजे प्रधानमंत्री वैशाली में एक जनसभा को संबोधित करेंगे और करीब 34,470 करोड़ रुपये के परियोजना की सौगात देंगे।
इसके अलावा, प्रधानमंत्री मोदी शाम 05:30 बजे उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में 5वें कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे और युवाओं को संबोधित करेंगे। वर्ष 2021-22 में शुरू हुए इस राष्ट्रीय मंच पर इस साल औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई), राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों (एनएसटीआई) और प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण संस्थानों के 52 राष्ट्रीय स्तर के टॉपर्स को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी