'मॉन्स्टर' में सलमान और नयनतारा की जोड़ी दिखाएगी दम, एक्शन से सजेगी फिल्म

20 Nov 2026 13:57:52
सलमान, नयनतारा - फोटो सोर्स एक्स


मुंबई, 20 नवंबर (हि.स.)। सलमान खान और नयनतारा की आगामी फिल्म 'मॉन्स्टर' अपने एक्शन को लेकर चर्चा में है। निर्देशक वामशी पेडिपल्ली इस फिल्म में पारिवारिक ड्रामा के साथ बड़े स्तर का एक्शन दिखाने की तैयारी कर रहे हैं।

इसके लिए निर्माताओं ने छह अनुभवी एक्शन कोरियोग्राफर और स्टंट विशेषज्ञों की अंतरराष्ट्रीय टीम बनाई है। वैरायटी इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, यह टीम सलमान और नयनतारा के फाइट सीक्वेंस को खास अंदाज देने के लिए काम करेगी।

इस टीम में दक्षिण कोरिया के एक्शन निर्देशक और स्टंट कोऑर्डिनेटर ओह से-योंग शामिल हैं। वह 'वॉर', 'किल', 'धुरंधर: द रिवेंज', हॉलीवुड फिल्म 'एवेंजर्स: एज ऑफ अल्ट्रॉन' और ऑस्कर विजेता 'पैरासाइट' जैसी फिल्मों में काम कर चुके हैं। उनके अलावा दक्षिण अफ्रीका के एक्शन निर्देशक क्रेग मैकरे, थाई एक्शन विशेषज्ञ केचा खम्फकडी और बुल्गारिया के एक्शन निर्देशक कालोयान वोडेनिचरोव भी इस टीम का हिस्सा हैं।

भारतीय स्टंट विशेषज्ञ सुनील रोड्रिग्स और अनल अरासु को भी फिल्म के एक्शन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। सुनील रोड्रिग्स 'एनिमल', 'किंग' और 'एक्सट्रैक्शन' जैसी फिल्मों से जुड़े रहे हैं, जबकि अनल अरासु के काम में 'महाराजा' और 'जना नायकन' शामिल हैं।

'मॉन्स्टर' में पहली बार सलमान खान और नयनतारा की जोड़ी बड़े पर्दे पर साथ नजर आएगी। फिल्म में जैकी श्रॉफ और अरविंद स्वामी भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे। निर्माताओं ने इसे हिंदी, तमिल और तेलुगु भाषाओं में रिलीज करने की तैयारी की है। फिल्म ईद 2027 के मौके पर सिनेमाघरों में दस्तक देगी।

_______________

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे

Powered By Sangraha 9.0