
चेन्नई, 20 नवंबर (हि.स.)। तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) विधायक दवंगत वी.एस. बाबू के पार्थिव शरीर का शुक्रवार को पूरे विधि-विधान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। तिरु.वी.का. नगर विद्युत शवदाह गृह में उनका अंतिम संस्कार हुआ। इससे पहले अंतिम यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री जोसेफ विजय भावुक नजर आए। उन्होंने विधायक के पार्थिव शरीर को कंधा दिया और अंतिम यात्रा में शामिल हुए।
चेन्नई के कोलाथुर विधानसभा क्षेत्र से विधायक वी.एस. बाबू का स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण गुरुवार को निधन हो गया था। अचानक तबीयत बिगड़ने पर उन्हें नौ सितंबर को अमैंदकरै स्थित एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां करीब 70 दिनों से फेफड़ों के संक्रमण का इलाज चल रहा था। इलाज के दौरान ही गुरुवार को अचानक दिल का दौरा पड़ने से उनका निधन हो गया। अस्पताल प्रशासन ने भी इस संबंध में बयान जारी किया था।
उनका पार्थिव शरीर अंतिम दर्शन के लिए पेरंबूर स्थित आवास पर रखा गया था। मुख्यमंत्री विजय, राज्य सरकार के मंत्रियों, विधायकों और कांग्रेस, विदुथलाई चिरुथैगल काची, एमडीएमके सहित विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं ने उनके पार्थिव शरीर पर श्रद्धांजलि अर्पित की।
शुक्रवार शाम अंतिम संस्कार की रस्में पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर को अंतिम यात्रा के रूप में पास के तिरु.वी.का. नगर विद्युत शवदाह गृह ले जाया गया। आवास से पार्थिव शरीर बाहर लाए जाने के दौरान मुख्यमंत्री विजय आगे बढ़े और उसे अपने कंधे पर उठाया। बाद में फूलों से सजाए गए वाहन में पार्थिव शरीर रखा गया और अंतिम यात्रा शुरू हुई।
अंतिम यात्रा में मुख्यमंत्री विजय के साथ मंत्री, विधायक, गठबंधन दलों के नेता और टीवीके कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में लोग पैदल शामिल हुए। मुख्यमंत्री भी तिरु.वी.का. नगर विद्युत शवदाह गृह तक पैदल गए। इस दौरान विधायक के बेटे को रोता देख मुख्यमंत्री विजय ने उन्हें अपने कंधे से लगाकर सांत्वना दी। विद्युत शवदाह गृह में वी.एस. बाबू का अंतिम संस्कार किया गया।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / Dr. Vara Prasada Rao PV