गोधूलि बेला में हरिद्वार पहुंचेगी जूना अखाड़े की रमता पंचों की जमात, अर्धकुंभ-2027 का होगा आध्यात्मिक आगाज

युगवार्ता    20-Nov-2026
Total Views |
जूना खड़े के नागा साधु नगर प्रवेश करते हुए फाइल फोटो


अखाड़े के संरक्षक श्री महंत हरी गिरी जी महाराज


हरिद्वार, 20 नवंबर (हि.स.)। सनातन परंपरा के बड़े और महत्वपूर्ण पर्व अर्धकुंभ-2027 की आध्यात्मिक शुरुआत होने जा रही है। 21 नवंबर को श्री पंच दशनाम जूना अखाड़े के रमता पंचों की जमात गोधूलि बेला में हरिद्वार में नगर प्रवेश करेगी। इसी के साथ कुंभ की धार्मिक गतिविधियों का औपचारिक शुभारंभ माना जाएगा।

जूना अखाड़ा देश का सबसे बड़ा और प्राचीन शैव अखाड़ा है। इसकी परंपरा आदि शंकराचार्य द्वारा स्थापित सन्यास परंपरा से जुड़ी मानी जाती है, जिसका उद्देश्य सनातन धर्म की रक्षा रहा है। कुंभ में जूना अखाड़े के नागा संन्यासियों की पेशवाई और अमृत स्नान हमेशा से सबसे बड़े आकर्षण का केंद्र रहते हैं।

अखाड़े के अंतरराष्ट्रीय संरक्षक श्री महंत हरि गिरि महाराज ने बताया कि पूर्व निर्धारित शुभ मुहूर्त में जमात का चंडी घाट चौक पर नागा संन्यासियों, श्रद्धालुओं और प्रशासन द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि जमात कुंभ के निर्विघ्न और सकुशल संपन्न होने की कामना के साथ उत्तराखंड के प्रमुख तीर्थों की हरिद्वार में ही प्रतीकात्मक पूजा-अर्चना करेगी। इसके बाद हरिद्वार के पौराणिक तीर्थों हर की पैड़ी में मां गंगा, दक्षेश्वर महादेव, नगर की अधिष्ठात्री देवी माया देवी, बिल्वकेश्वर महादेव, गौरी शंकर महादेव और नीलेश्वर महादेव का पूजन किया जाएगा। अंत में जमात ज्वालापुर स्थित पांडे वाला पहुंचकर माता ज्वाला देवी के दर्शन करेगी और वहीं शिविर स्थापित करेगी।

श्री महंत हरि गिरि महाराज ने बताया कि पांडे वाला में रुकना पुरानी सनातन परंपरा है। प्राचीन काल में मायापुरी हरिद्वार में रात्रि विश्राम निषेध माना जाता था, इसलिए यात्री और नागरिक ज्वाला देवी के नाम पर बसे ज्वालापुर में ही विश्राम करते थे। अखाड़ा आज भी उसी परंपरा का निर्वाह करता है।

उन्होंने बताया कि पांडे वाला का प्राचीन नाम पांडव वाला था, जहां पांडवों ने अपनी अंतिम हिमालय यात्रा के दौरान विश्राम कर मां ज्वाला देवी की पूजा की थी और फिर हिमालय की ओर प्रस्थान किया था।

अखाड़े द्वारा घोषित कार्यक्रम इस प्रकार है:

21 नवंबर 2026 — रमता पंचों की जमात का नगर प्रवेश

1 दिसंबर 2026 — भैरव अष्टमी पर अभिजीत मुहूर्त में भूमि पूजन

23 दिसंबर 2026 —भगवान दत्तात्रेय जयंती पर धर्म ध्वज की स्थापना

इसी के साथ धार्मिक दृष्टि से कुंभ का विधिवत शुभारंभ माना जाएगा 14 जनवरी 2027 मकर संक्रांति पर्व पर भव्य पेशवाई निकाली जाएगी

मेला प्रशासन के अनुसार, हरिद्वार अर्धकुंभ-2027 का मुख्य मेला 14 जनवरी से 20 अप्रैल 2027 तक चलेगा, जिसमें कुल 10 प्रमुख स्नान होंगे।

रमता पंच अखाड़े की चलायमान पंचायत होती है, जो कुंभ से पहले नगर में आकर छावनी, धर्म ध्वजा और पेशवाई की तैयारियों का मार्ग प्रशस्त करती है। इसके बाद ही अखाड़ा पूरी तरह कुंभ नगरी में स्थापित होता है। इसलिए 21 नवंबर का नगर प्रवेश केवल एक शोभायात्रा नहीं, बल्कि अर्धकुंभ-2027 की आध्यात्मिक यात्रा की विधिवत शुरुआत है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला

Tags