
- दोनों नेताओं के बीच दिखी गर्मजोशी और आपसी सम्मान की झलक
पटना, 21 नवंबर (हि.स.)। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पटना हवाईअड्डे पर पूर्व मुख्यमंत्री एवं जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार से हुई आत्मीय मुलाकात की तस्वीरें साझा की हैं। नीतीश सेतु के उद्घाटन के लिए बिहार पहुंचे प्रधानमंत्री का पटना एयरपोर्ट पर नीतीश कुमार ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच सौहार्दपूर्ण माहौल में मुलाकात हुई। एक-दूसरे के प्रति सम्मान और अपनापन उनके हाव-भाव एवं मुस्कुराहट में साफ झलक रहा था।
प्रधानमंत्री मोदी ने इस मुलाकात की तस्वीरें अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर साझा करते हुए लिखा, नीतीश कुमार जी से पटना एयरपोर्ट पर मिलकर अत्यंत प्रसन्नता हुई। तस्वीरों में दोनों नेता गर्मजोशी से एक-दूसरे का अभिवादन करते और बातचीत करते नजर आ रहे हैं। यह मुलाकात दोनों नेताओं के बीच आत्मीय एवं सौहार्दपूर्ण संबंधों की झलक पेश करती है।
प्रधानमंत्री के बिहार से प्रस्थान के समय उन्हें विदाई देने के लिए भी नीतीश कुमार पटना एयरपोर्ट पर मौजूद रहे। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच एक बार फिर वही गर्मजोशी और परस्पर सम्मान का भाव देखने को मिला।
इस अवसर पर जदयू विधायक दल के नेता श्रवण कुमार, बिहार विधान परिषद के कार्यकारी सभापति प्रो. रामवचन राय, विधान परिषद में सत्तारूढ़ दल के उपनेता ललन कुमार सर्राफ, मुख्य सचेतक संजय कुमार सिंह उर्फ गांधी जी, बिहार सरकार की मंत्री लेशी सिंह एवं डॉ. अशोक चौधरी समेत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के कई नेता मौजूद रहे।-----------
हिन्दुस्थान समाचार / चंदा कुमारी