दिल्ली के रघुबीर नगर में घर में आग लगने से महिला की मौत, बहू गंभीर; मां को बचाने के लिए तोड़ी कमरे की दीवार

21 Nov 2026 19:54:53

नई दिल्ली, 21 नवंबर (हि.स.)। पश्चिमी दिल्ली के रघुबीर नगर में शनिवार दोपहर एक घर में आग लगने से 55 वर्षीय महिला की मौत हो गई, जबकि उनकी 21 वर्षीय बहू गंभीर रूप से झुलस गई। महिला को कमरे से बाहर निकालने के लिए पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने हथौड़े से उससे सटी दीवार तोड़ी। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे में महिला का 21 वर्षीय बेटा भी घायल हुआ, जिसे उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। बहू को बेहतर इलाज के लिए सफदरजंग अस्पताल रेफर किया गया है।

पुलिस के मुताबिक शनिवार दोपहर करीब 12:05 बजे ख्याला थाने को बी-2 स्कूल के पास रघुबीर नगर की एक रिहायशी इमारत में आग लगने और कुछ लोगों के अंदर फंसे होने की सूचना मिली। पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची। आग टैक्सी चालक धर्मेंद्र के घर में लगी थी। घटना के समय घर में उनकी पत्नी सुनीता, बेटा ध्रुव और बहू नीति मौजूद थे। आग लगने के बाद स्थानीय लोगों और परिवार के सदस्यों ने ध्रुव और नीति को बाहर निकालकर गुरु गोबिंद सिंह अस्पताल पहुंचाया। सुनीता एक कमरे में फंसी रह गई थीं। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से हथौड़े से कमरे से सटी दीवार तोड़ी और उन्हें बाहर निकाला। ईआरवी स्टाफ उन्हें अस्पताल ले गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उनका शव डीडीयू अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है।

इस बीच दमकल की दो गाड़ियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया। कैट्स एंबुलेंस भी घटनास्थल पर पहुंची। शुरुआती पूछताछ में ध्रुव ने पुलिस को बताया कि उसे आग लगने की वजह का पता नहीं चला। आग तेजी से फैल गई थी। पत्नी नीति की चीख सुनकर वह बालकनी से उसे बचाने दौड़ा, लेकिन तेज गर्मी और लपटों के कारण मां को कमरे से बाहर नहीं निकाल सका। पुलिस ने घटनास्थल पर क्राइम टीम और फॉरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल) की टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए हैं। आग लगने की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस बिजली से जुड़े पहलुओं सहित अन्य संभावित कारणों की जांच करा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रशांत शेखर

Powered By Sangraha 9.0