आईएफएफआई में ‘क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो’ के छठे संस्करण का शुभारंभ, 100 युवा प्रतिभाएं लेंगी 48 घंटे की फिल्म निर्माण चुनौती में हिस्सा

21 Nov 2026 22:21:53
उद्घाटन समारोह में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार


पणजी, 21 नवंबर (हि.स.)। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय की पहल और राष्ट्रीय फिल्म विकास निगम (एनएफडीसी) द्वारा संचालित ‘क्रिएटिव माइंड्स ऑफ टुमॉरो’ (सीएमओटी) के छठे संस्करण का शनिवार को गोवा के कला अकादमी में शुभारंभ हुआ। 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (आईएफएफआई) के तहत आयोजित इस पहल में देशभर से 100 युवा रचनात्मक प्रतिभाएं हिस्सा ले रही हैं। इसका उद्देश्य युवा प्रतिभाओं को एक मंच पर लाना, उन्हें अपनी कला और कौशल प्रदर्शित करने का अवसर देना तथा फिल्म उद्योग से जोड़ना है।

उद्घाटन समारोह में सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार, मंत्रालय के अपर सचिव प्रभात, भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई) के रजिस्ट्रार लौकिक पारख, मंत्रालय के संयुक्त सचिव के.के. निराला, एनएफडीसी के अध्यक्ष जी. कृष्णकुमार और एनएफडीसी के महाप्रबंधक गौतम भनोट उपस्थित रहे।

इस अवसर पर चंचल कुमार ने कहा कि यहां मौजूद प्रत्येक प्रतिभागी पहले ही अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुका है। अगले 48 घंटे उन्हें अपनी प्रतिभा को एक फिल्म के रूप में प्रस्तुत करने का अवसर देंगे। उन्होंने कहा कि हमारी जड़ें संस्कृति, भाषा और अनुभवों से जुड़ी होती हैं, जबकि सपने कल्पनाशीलता, जिज्ञासा और कुछ नया करने के साहस से जन्म लेते हैं। फ्रांसीसी दार्शनिक जोसेफ जौबर्ट का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कल्पनाशीलता सपने देखने में मदद करती है, कला का ज्ञान उन सपनों को दिशा देता है और हमारी जड़ें कहानियों को आवाज देती हैं।

उन्होंने प्रतिभागियों से अपनी सांस्कृतिक और सामाजिक पृष्ठभूमि से प्रेरणा लेने का आग्रह किया, लेकिन अपनी कहानियों की पहुंच को सीमित न रखने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि भारत के किसी छोटे गांव से निकली कहानी भी यदि ईमानदारी से प्रस्तुत की जाए तो वह दुनियाभर के दर्शकों के दिलों तक पहुंच सकती है।

चंचल कुमार ने सिनेमा को सामूहिक कला बताते हुए प्रतिभागियों से एक-दूसरे के विचार सुनने, अपनी टीम पर भरोसा करने, नए प्रयोग करने और रचनात्मक जोखिम उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवा अपनी जड़ों से जुड़े रहें, कल्पनाओं को उड़ान दें और अपनी कहानियों को दुनिया के सामने प्रस्तुत करें।

48 घंटे की फिल्म निर्माण चुनौती शुरू

समारोह का प्रमुख आकर्षण 48 घंटे की फिल्म निर्माण चुनौती का औपचारिक शुभारंभ रहा। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय के सचिव चंचल कुमार ने विशेष रूप से तैयार फिल्म क्लैपरबोर्ड पर ताली बजाकर इस चुनौती की शुरुआत की।

वर्ष 2026 के इस संस्करण में 13 फिल्म निर्माण विधाओं से जुड़े 100 प्रतिभागी शामिल हैं। इनमें निर्देशन, अभिनय, सिनेमैटोग्राफी, संपादन एवं सबटाइटलिंग, पटकथा लेखन, पार्श्व गायन, संगीत संयोजन, ध्वनि रिकॉर्डिंग, कॉस्ट्यूम डिजाइन, हेयर एवं मेकअप, कला निर्देशन, एनीमेशन, विजुअल इफेक्ट्स (वीएफएक्स), ऑगमेंटेड रियलिटी (एआर), वर्चुअल रियलिटी (वीआर) और वॉयस ओवर एवं डबिंग जैसी विधाएं शामिल हैं।

भारतीय फिल्म एवं टेलीविजन संस्थान (एफटीआईआई), पुणे और एनएफडीसी के सहयोग से आयोजित इस चुनौती में प्रतिभागियों की पांच टीमें बनाई गई हैं। ये टीमें 48 घंटे के भीतर अपनी अवधारणा तैयार कर लघु फिल्मों का निर्माण करेंगी। तैयार फिल्मों का आईएफएफआई में विशेष प्रदर्शन किया जाएगा और फिल्म उद्योग के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों की जूरी उनका मूल्यांकन करेगी।

फिल्म उद्योग से जुड़ने का मिलेगा अवसर

सीएमओटी टैलेंट कैंप के माध्यम से प्रतिभागियों को मीडिया और मनोरंजन उद्योग से भी जोड़ा जाएगा। इसके तहत उन्हें प्रोडक्शन हाउस, स्टूडियो, म्यूजिक लेबल, ओटीटी प्लेटफॉर्म, प्रसारकों और उद्योग से जुड़े अन्य प्रतिनिधियों के साथ बातचीत करने का अवसर मिलेगा।

वर्ष 2021 में शुरुआत के बाद से सीएमओटी उभरती रचनात्मक प्रतिभाओं और मीडिया एवं मनोरंजन उद्योग के बीच एक महत्वपूर्ण मंच बनकर उभरा है। इसके पूर्व प्रतिभागी अंतरराष्ट्रीय फिल्म परियोजनाओं में काम कर चुके हैं और कान फिल्म महोत्सव, बर्लिनाले, टोरंटो अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव तथा अंतरराष्ट्रीय एमी पुरस्कार जैसे प्रतिष्ठित मंचों पर पहचान बना चुके हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Powered By Sangraha 9.0