मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अयोध्या में भगवान श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में किए दर्शन

21 Nov 2026 23:04:53
मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. यादव अयोध्या में भगवान श्रीराम जन्म भूमि मंदिर में किए दर्शन


मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. यादव अयोध्या में भगवान श्रीराम की आरती उतारते हुए


मप्र के मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अयोध्या में भगवान श्रीराम जन्म भूमि मंदिर में किए दर्शन


भोपाल, 21 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शनिवार शाम को उत्तरप्रदेश के प्रवास के दौरान अयोध्या में भगवान श्रीराम जन्म भूमि (रामलला) मंदिर में दर्शन किए। इस अवसर पर बाबा रामदेव भी उनके साथ उपस्थित थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भगवान श्रीराम की प्रतिष्ठापित प्रतिमा के समक्ष नमन किया। साथ ही श्रीराम दरबार में भी पूजा अर्चना की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भगवान श्रीराम जन्म भूमि मंदिर में दर्शन के बाद मीडिया से बातचीत करते हुए कहा कि भगवान श्रीराम की जन्मभूमि और श्री अयोध्या धाम में करोड़ों लोगों की आस्था के प्रतीक, भव्य एवं दिव्य श्रीराम मंदिर में हमारे आराध्य श्री रामलला के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त हुआ। प्रभु के दिव्य दर्शन कर मन आनंद एवं श्रद्धा से अभिभूत हो उठा।

उन्होंने कहा कि इस पावन धाम में पहुंचकर ऐसा प्रतीत हुआ कि पूर्व जन्मों के पुण्य के कारण भगवान के दर्शन प्राप्त होते हैं। सरयू नदी के किनारे बसी अयोध्या नगरी में भगवान श्रीराम मुस्करा रहे हैं। उन्होंने नागरिकों को देवउत्थान एकादशी (प्रबोधनी एकादशी) की बधाई दी। उन्होंने भगवान श्रीराम से सभी के सुख, समृद्धि एवं कल्याण की कामना की।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने भगवान श्रीराम मंदिर परिसर में अनेक श्रद्धालुओं से भी भेंट की। इस अवसर पर अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित थे। अयोध्या में मुख्यमंत्री डॉ. यादव के पहुंचने पर सामाजिक कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने पुष्पहार से स्वागत किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0