महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भारत की लगातार दूसरी जीत, कोरिया को 2-1 से हराया

21 Nov 2026 23:18:53
महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भारत-कोरिया के बीच खेले गए मैच की तस्वीर


महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भारत-कोरिया के बीच खेले गए मैच की तस्वीर


महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में भारत-कोरिया के बीच खेले गए मैच की तस्वीर


- जापान ने थाईलैंड को 3-0 से दी शिकस्त, चीन-मलेशिया का मुकाबला बराबरी पर छूटा

भोपाल, 21 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में चल रही महिला एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी 2026 में भारतीय टीम का शानदार प्रदर्शन जारी है। यहां बरखेड़ा नाथू स्थित हॉकी स्टेडियम में शनिवार को खेले गए मुकाबले में भारत ने कोरिया को 2-1 से हराकर लगातार दूसरी जीत दर्ज की। भारतीय टीम की ओर से मुमताज खान और सुनेलिता टोप्पो ने गोल किए। कोरिया ने आखिरी क्वार्टर में वापसी की कोशिश की, लेकिन भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी बढ़त बरकरार रखी।

दिन के अन्य मुकाबलों में जापान ने थाईलैंड को 3-0 से पराजित किया, जबकि चीन और मलेशिया के बीच खेला गया मैच 2-2 से बराबरी पर समाप्त हुआ।

तीसरे क्वार्टर में भारत ने बनाई दो गोल की बढ़त

चैंपियनशिप में भारत और कोरिया के बीच शनिवार को शाम 7.00 बजे शुरू हुए मुकाबले में शुरुआती दौर में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। कोरियाई खिलाड़ियों ने मजबूत रक्षापंक्ति के दम पर भारतीय हमलों को रोकने की कोशिश की। पहले दो क्वार्टर में भारतीय टीम को गोल करने में सफलता नहीं मिली।

तीसरे क्वार्टर में भारत ने आक्रामक रुख अपनाया। मुमताज खान ने 29वें मिनट में गोल कर टीम का खाता खोला। इसके बाद 33वें मिनट में सुनेलिता टोप्पो ने गेंद को गोलपोस्ट में पहुंचाकर भारत की बढ़त 2-0 कर दी।

दो गोल से पिछड़ने के बाद कोरिया ने आखिरी क्वार्टर में हमले तेज किए। 56वें मिनट में हांग यंगयून ने गोल कर अंतर 2-1 कर दिया। इसके बाद कोरियाई टीम ने बराबरी के लिए जोर लगाया, लेकिन भारतीय रक्षापंक्ति ने उसके प्रयासों को नाकाम कर दिया। भारत ने अंत तक बढ़त बनाए रखी और मुकाबला अपने नाम कर लिया।

गोल के मौकों को भुनाने पर करना होगा कामः सलीमा टेटे

भारतीय टीम की कप्तान सलीमा टेटे ने जीत के बाद कहा कि कोरिया के खिलाफ मुकाबला चुनौतीपूर्ण था। प्रतिद्वंद्वी टीम ने मजबूत डिफेंस किया और गोलकीपर ने भी कई अच्छे बचाव किए। भारतीय खिलाड़ियों ने लगातार सर्कल में प्रवेश कर गोल के मौके बनाने की कोशिश की, लेकिन शुरुआती सफलता नहीं मिली।

उन्होंने कहा कि टीम ने दबाव के बावजूद प्रयास जारी रखे और गोल करने के बाद भी हमले जारी रखे। पेनल्टी कॉर्नर से भी गोल हासिल हुआ। हालांकि, टीम को पेनल्टी कॉर्नर को गोल में बदलने और मिले अवसरों का बेहतर इस्तेमाल करने पर काम करना होगा।

सलीमा ने कहा कि खिलाड़ी मैच के वीडियो का विश्लेषण कर अपनी कमियों को दूर करेंगी। घरेलू मैदान पर खेलना टीम के लिए खास है। दर्शकों का उत्साह और समर्थन खिलाड़ियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि टूर्नामेंट में कोई भी टीम कमजोर नहीं है, इसलिए भारतीय टीम का ध्यान अपने खेल को बेहतर बनाने और एक-एक मुकाबले पर केंद्रित है।

जापान ने थाईलैंड के खिलाफ तीन गोल दागे

दिन के एक अन्य मुकाबले में जापान ने थाईलैंड को 3-0 से हराया। जापान की सासाकी रीस ने आठवें मिनट में गोल कर टीम को शुरुआती बढ़त दिलाई। उन्होंने 22वें मिनट में दूसरा गोल कर बढ़त दोगुनी कर दी। इसके बाद 40वें मिनट में यामामोटो रीना ने तीसरा गोल दागकर जापान की जीत सुनिश्चित कर दी। थाईलैंड की टीम पूरे मुकाबले में कोई गोल नहीं कर सकी।

चीन-मलेशिया का मुकाबला 2-2 से ड्रॉ

इससे पहले चीन और मलेशिया के बीच दिन का पहला मुकाबला 2-2 से बराबरी पर समाप्त हुआ। शुरुआती दो क्वार्टर गोलरहित रहे। तीसरे क्वार्टर में चीन की वेई किक्सियाओ ने 34वें मिनट में गोल कर टीम को बढ़त दिलाई। इसके बाद चीन की फेंग जियाक्सिन ने 40वें मिनट में दूसरा गोल कर स्कोर 2-0 कर दिया।

मलेशिया ने भी हार नहीं मानी। सिति मोहम्मद ने 30वें मिनट में पेनल्टी स्ट्रोक को गोल में बदलकर अंतर कम किया। इसके बाद अजहैरी अजमीरा ने 44वें मिनट में गोल कर स्कोर 2-2 कर दिया। अंतिम क्वार्टर में दोनों टीमों ने बढ़त बनाने की कोशिश की, लेकिन कोई भी सफल नहीं हो सकी।

24 नवंबर को चीन से होगा भारत का मुकाबला

लीग चरण में भारतीय टीम का अगला मुकाबला 22 नवंबर को थाईलैंड से होगा। इसके बाद 24 नवंबर को चीन और 25 नवंबर को जापान से भिड़ंत होगी। लीग चरण के मुकाबले 25 नवंबर तक खेले जाएंगे। इसके बाद 27 नवंबर को पोजिशन के आधार पर मैच होंगे, जबकि 28 नवंबर को कांस्य और स्वर्ण पदक के लिए मुकाबले आयोजित किए जाएंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर

Powered By Sangraha 9.0