
मुंबई, 21 नवंबर (हि.स.)। जिमी शेरगिल, अध्ययन सुमन और प्रणूतन बहल की आगामी सस्पेंस थ्रिलर फिल्म 'प्यादे' का पहला आधिकारिक टीजर जारी कर दिया गया है। टीजर में जिमी शेरगिल और अध्ययन सुमन के बीच तीखी पूछताछ दिखाई गई है, जो कहानी को लेकर कई सवाल खड़े करती है।
सत्ता, साजिश और रहस्यों के इर्द-गिर्द बुनी गई इस फिल्म में हर किरदार के अपने इरादे हैं और कहानी में कई अप्रत्याशित मोड़ देखने को मिलेंगे। शाइनिंग मून पिक्चर्स के बैनर तले बनी यह फिल्म 11 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
टीजर की शुरुआत पूछताछ के एक तनावपूर्ण दृश्य से होती है। इसमें जिमी शेरगिल एक अधिकारी की भूमिका में हैं, जबकि अध्ययन सुमन संदिग्ध के रूप में नजर आते हैं। दोनों के बीच सवाल-जवाब का सिलसिला धीरे-धीरे रहस्य को और गहरा करता है। हर जवाब के साथ एक नया सवाल सामने आता है, जिससे कहानी के पीछे छिपे सच को लेकर उत्सुकता बढ़ती है। लेखक और निर्देशक शेखर एस. झा के मुताबिक, फिल्म के जरिए इंसानी व्यवहार, व्यक्तिगत स्वार्थ और हर कदम के परिणामों को दिखाने की कोशिश की गई है। उनके अनुसार, पूछताछ का यह दृश्य एक बड़े खेल की सिर्फ शुरुआत है।
फिल्म का निर्माण रिंकू सिंह ने किया है। इससे पहले वह प्रियंशु चटर्जी अभिनीत फिल्म ‘लिटिल बेबी’ का निर्माण कर चुकी हैं, जो 2019 में रिलीज हुई थी। शेखर एस. झा के लेखन और निर्देशन में बनी 'प्यादे' में जिमी शेरगिल, अध्ययन सुमन और प्रणूतन बहल प्रमुख भूमिकाओं में हैं। रहस्य और रोमांच से भरपूर यह फिल्म 11 दिसंबर को दर्शकों के सामने आएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश चंद्र दुबे