रियल मैड्रिड के निदेशक मंडल में शामिल हुए राफेल नडाल

युगवार्ता    21-Nov-2026
Total Views |
रियल मैड्रिड के निदेशक मंडल में शामिल हुए राफेल नडाल


मैड्रिड, 21 नवंबर (हि.स.)। टेनिस के दिग्गज खिलाड़ी राफेल नडाल ने खेल से संन्यास लेने के बाद अब प्रशासनिक क्षेत्र में नई जिम्मेदारी संभाली है। स्पेन के प्रतिष्ठित फुटबॉल क्लब रियल मैड्रिड के निदेशक मंडल में उनकी नियुक्ति को 21 नवंबर को क्लब की आमसभा ने मंजूरी दे दी। इसके साथ ही नडाल क्लब के बोर्ड में शामिल हो गए हैं।

22 ग्रैंडस्लैम खिताब जीत चुके 40 वर्षीय नडाल वर्ष 2011 से रियल मैड्रिड के मानद सदस्य हैं। क्लब के अध्यक्ष फ्लोरेंटिनो पेरेज के साथ भी उनके अच्छे संबंध रहे हैं। नियुक्ति के बाद नडाल ने क्लब के प्रति आभार जताते हुए इसे बड़ी जिम्मेदारी बताया।

नडाल ने कहा कि उन्हें मानद सदस्य बनाए जाने का अवसर उनके लिए बेहद खास था और निदेशक मंडल में शामिल होना उस रिश्ते का अगला महत्वपूर्ण पड़ाव है। उन्होंने कहा कि रियल मैड्रिड केवल एक फुटबॉल क्लब नहीं, बल्कि ऐसी संस्था है जिसकी परंपरा पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ती है और जो लोगों को आपस में जोड़ती है। इस क्लब के भविष्य से जुड़ना उनके लिए बड़ा अवसर है।

क्लब अध्यक्ष फ्लोरेंटिनो पेरेज ने नडाल की नियुक्ति का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि नडाल का निदेशक मंडल में शामिल होना केवल एक प्रतिष्ठित खेल हस्ती का जुड़ना नहीं है, बल्कि यह दर्शाता है कि दुनिया के महान खिलाड़ियों में शामिल एक शख्स क्लब के भविष्य में भागीदारी करना चाहता है। पेरेज के मुताबिक, नडाल की मौजूदगी आने वाली पीढ़ियों के लिए रियल मैड्रिड को और मजबूत बनाने में मददगार होगी।

अपने शानदार टेनिस करियर में नडाल ने रिकॉर्ड 14 बार फ्रेंच ओपन का एकल खिताब जीता। वह 22 ग्रैंडस्लैम खिताब के साथ टेनिस इतिहास के सबसे सफल खिलाड़ियों में शामिल हैं।

----------------------

हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय

Tags