हांगकांग ओपन के सेमीफाइनल में हारे लक्ष्य सेन, 13 मैचों की जीत का सिलसिला टूटा

21 Nov 2026 19:30:55
लक्ष्य सेन


हांगकांग, 21 नवंबर (हि.स.)।

भारतीय खिलाड़ी लक्ष्य सेन की लगातार 13 मैचों में जीत का सिलसिला शनिवार को हांगकांग ओपन के सेमीफाइनल में हार के साथ समाप्त हो गया। उन्हें बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर सुपर 500 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में विश्व नंबर तीन डेनमार्क के एंडर्स एंटोनसेन ने सीधे गेमों में हराया।

विश्व नंबर 11 लक्ष्य, हायलो ओपन और जापान मास्टर्स में लगातार खिताब जीतने के बाद हांगकांग पहुंचे थे।हालांकि, वह 42 मिनट तक चले मुकाबले में एंटोनसेन के खिलाफ 13-21, 13-21 से हार गए। इस जीत के साथ डेनमार्क के खिलाड़ी ने लक्ष्य के खिलाफ आमने-सामने के मुकाबलों में अपना रिकॉर्ड 6-3 कर लिया।

पहले गेम में धीमी शुरुआत के बाद लक्ष्य ने वापसी करते हुए 7-6 की बढ़त बना ली थी। लेकिन इसके बाद कई सहज गलतियों ने उनकी लय बिगाड़ दी। उनके जम्प स्मैश कोर्ट से बाहर जाने लगे और प्रतिद्वंद्वी के नियंत्रित क्लियर शॉट को समझने में भी उनसे चूक हुई। इसका फायदा उठाते हुए एंटोनसेन ने अगले 13 में से 10 अंक जीतकर 16-10 की बढ़त बना ली।

183 सेंटीमीटर लंबे एंटोनसेन की मजबूत रक्षात्मक क्षमता के सामने लक्ष्य के तेज फ्लैट ड्राइव, कोर्ट के किनारे की ओर लगाए गए स्मैश और नेट पर उनके शानदार खेल का कोई खास असर नहीं हुआ। कई लंबी रैलियों के दौरान 25 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी ने आखिरकार धैर्य खो दिया। वहीं, मौका मिलने पर डेनमार्क के खिलाड़ी ने अपने पसंदीदा क्रॉस-कोर्ट स्मैश का इस्तेमाल करते हुए कुछ अहम अंक हासिल किए।

हार के बाद लक्ष्य ने कहा, “उनके साथ गति बनाए रखना मेरे लिए बहुत मुश्किल था। कोर्ट पर वह बेहतर खिलाड़ी थे। अपने खेल के तरीके को लेकर मुझे लगा कि मैं अंक हासिल करने के लिए थोड़ा अधीर हो रहा था, क्योंकि मैं नहीं चाहता था कि रैलियां ज्यादा लंबी चलें।”

29 वर्षीय एंटोनसेन दूसरे गेम में भी काफी सहज नजर आए। उन्होंने कोर्ट के खाली हिस्सों को सटीक निशाना बनाते हुए 8-3 की बढ़त हासिल कर ली। लक्ष्य ने लगातार तीन अंक जीतकर मुकाबले में वापसी की कोशिश की और अंतर कम किया।

हालांकि, एंटोनसेन पर इसका कोई असर नहीं पड़ा और उन्होंने रैलियों पर अपना नियंत्रण बनाए रखा। डेनमार्क के खिलाड़ी ने तीसरे मैच प्वाइंट पर कोर्ट के किनारे की ओर लगाए गए स्मैश से अंक हासिल कर पिछले साल के उपविजेता लक्ष्य को बाहर का रास्ता दिखाया और रविवार को होने वाले फाइनल में जगह बना ली। खिताबी मुकाबले में उनका सामना थाईलैंड के विश्व नंबर दो कुनलावुत वितिदसर्न या उभरते हुए इंडोनेशियाई खिलाड़ी मोहम्मद जकी उबैदिल्लाह में से किसी एक से होगा।

लक्ष्य ने कहा, “पिछले दो सप्ताह के बाद मैं काफी थका हुआ था। जिन शॉट्स को खेलने की कोशिश कर रहा था, उन पर मैं बेवजह फिसलना नहीं चाहता था, क्योंकि मुझे पता था कि मेरे पैर काफी थके हुए हैं। संभवतः अगर मैं बहुत ज्यादा फिसलता तो चोट लगने की आशंका बढ़ जाती। मैंने अपने कोच के साथ मिलकर यही फैसला किया था।”

लक्ष्य सेन और एंडर्स एंटोनसेन दोनों ने बीडब्ल्यूएफ विश्व टूर फाइनल्स के लिए भी क्वालीफाई कर लिया है। यह टूर्नामेंट अगले महीने चीन के हांगझोऊ में आयोजित होगा, जिसमें इस सत्र के शीर्ष आठ खिलाड़ी हिस्सा लेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे

Powered By Sangraha 9.0