(अपडेट) बाराबंकी में एम्बुलेंस और पिकअप की टक्कर में पांच लोगों की मौत, शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया

21 Nov 2026 13:37:53
एंबुलेंस व पिकअप टक्कर


-जयपुर से शव लेकर पश्चिम बंगाल जा रही थी एंबुलेंस, दोनों चालक भी मृतकों में शामिल

बाराबंकी, 21 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार सुबह एंबुलेंस और पिकअप की भीषण टक्कर में पांच लोगों की मौत हो गई। हादसा सुबेहा थाना क्षेत्र के गेरांवा गांव के पास सुबह करीब 6:30 बजे हुआ। एंबुलेंस जयपुर से एक शव लेकर पश्चिम बंगाल जा रही थी। इसी दौरान उसकी पिकअप से टक्कर हो गई। हादसे में एंबुलेंस सवार पांचों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में एंबुलेंस के दोनों चालक भी शामिल हैं।

क्षेत्राधिकारी समीर सिंह ने बताया कि एंबुलेंस संख्या आरजे 14 पीएफ 8529 की पिकअप संख्या यूपी 78 जीटी 6480 से टक्कर हुई थी। हादसे में अमीनुल हक (40) पुत्र अब्दुल हुसैन और रुपिक (50) पुत्र अब्दुल रहमान, निवासी ग्राम मुक्ती बाला भूत, पश्चिम बंगाल, मकबूल खान (52) पुत्र सुभान, निवासी जवारनगर, जयपुर, अजय (33) पुत्र प्रकाश चंद्र सैनी, निवासी ग्राम ताल सीढ़ी, जिला दौसा और हरिओम योगी (31) पुत्र जयसिंह, निवासी पीपल खेर, जिला अलवर की मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, अजय और हरिओम एंबुलेंस के चालक थे। हादसे के बाद पुलिस ने सभी शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।----------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी

Powered By Sangraha 9.0