मध्य रेल की अनुपमा रामचंद्रन ने जीती विश्व महिला स्नूकर चैंपियनशिप

22 Nov 2026 14:50:53
विजेताओं को सम्मानित करते हुए तस्वीर


-निशानेबाजी टीम बनी ओवरऑल चैंपियन- अनुपमा ने इंदौर में नौ देशों की 22 खिलाड़ियों को पछाड़कर जीता खिताब- रेलवे शूटिंग चैंपियनशिप में मध्य रेल ने 12 स्वर्ण सहित जीते 25 पदक

मुंबई, 22 नवंबर (हि.स.)। मध्य रेल के खिलाड़ियों ने अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर खेल जगत में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। मध्य रेल की खिलाड़ी अनुपमा रामचंद्रन ने इंदौर में आयोजित आईबीएसएफ विश्व महिला स्नूकर चैंपियनशिप 2026 का खिताब जीतकर देश का गौरव बढ़ाया है। वहीं, मध्य रेल की निशानेबाजी टीम ने पश्चिम बंगाल के आसनसोल में आयोजित 59वीं अखिल भारतीय रेलवे शूटिंग चैंपियनशिप में ओवरऑल चैंपियन का खिताब अपने नाम किया।

मध्य रेल की ओर से रविवार को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अनुपमा रामचंद्रन ने 17 से 21 नवंबर तक इंदौर में आयोजित विश्व स्नूकर चैंपियनशिप में शानदार प्रदर्शन करते हुए महिला वर्ग का खिताब जीता। इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता में नौ देशों की 22 महिला खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। अनुपमा ने विश्व बिलियर्ड्स चैंपियन एवं मध्य रेल के वरिष्ठ खेल अधिकारी तथा अनुभवी कोच अशोक शांडिल्य के मार्गदर्शन में यह उपलब्धि हासिल की।

इसी तरह, 16 से 20 नवंबर तक आसनसोल में आयोजित 59वीं अखिल भारतीय रेलवे शूटिंग चैंपियनशिप में मध्य रेल की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में भारतीय रेल की विभिन्न क्षेत्रीय रेलों और उत्पादन इकाइयों की 15 टीमों के कुल 120 निशानेबाजों ने हिस्सा लिया। मध्य रेल ने 16 खिलाड़ियों की टीम के साथ प्रतियोगिता में भाग लेते हुए कुल 25 पदक जीतकर ओवरऑल चैंपियनशिप अपने नाम की।

मध्य रेल के निशानेबाजों ने प्रतियोगिता में 12 स्वर्ण, एक रजत और 12 कांस्य पदक हासिल किए। पदक जीतने वाले खिलाड़ियों में पंकज मुखेजा, फूलचंद बांगर, सुमेध कुमार देवलालीवाला, रिया थत्ते, शहू माने, पायल, राहुल पाटिल, जितेंद्र विभूते और राधिका हवालदार शामिल हैं।

मध्य रेल प्रशासन ने दोनों प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली अनुपमा रामचंद्रन, सभी पदक विजेता खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और सहयोगी कर्मचारियों को बधाई दी है। प्रशासन ने कहा कि खिलाड़ियों की ये उपलब्धियां रेलवे में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के प्रयासों को दर्शाती हैं।------------

हिन्दुस्थान समाचार / अंचल तिवारी

Powered By Sangraha 9.0