


गोवा, 22 नवंबर (हि.स.)। इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ऑफ इंडिया (आईएफएफआई) के तीसरे दिन अभिनेता, लेखक और निर्देशक पंकज झा और फिल्म निर्माता सागर श्रीवास्तव ने वेव्स फिल्म बाजार स्थित बिहार पवेलियन का विधिवत उदघाटन किया। मौके पर मौजूद बिहार राज्य फिल्म विकास एवं वित्त निगम(फिल्म निगम) के प्रबंध निदेशक(एमडी) प्रणव कुमार(भा.प्र.से.) ने पंकज झा का स्वागत किया।
फिल्म निगम के एमडी प्रणव कुमार ने पंकज झा के साथ बिहार में फिल्म उद्योग को सुदृढ़ करने को लेकर चर्चा के बाद कहा कि राज्य सरकार फिल्म जगत के लोगों के सुझावों का स्वागत करती है। मीडिया को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि बिहार में शूटिंग अनुमति से लेकर अनुदान की प्रक्रिया सहज और सरल है तथा बिहार में फिल्म शूट करने पर 4 करोड़ तक के अनुदान का प्रावधान है।
पंकज झा ने फिल्म नीति लागू करने के लिए सरकार का धन्यवाद देते हुए कहा, अभिनय एक अदृश्य कला है और ये तब सर्वश्रेष्ठ होती है जब नज़र नहीं आती। मैं इसी का पालन करता हूँ। बिहार मेरा घर है और मैं यहाँ फिल्म उद्योग के विकास को अपना पूर्ण समर्थन देता हूँ।
फिल्म परामर्शी प्रो अरविंद रंजन दास ने कहा कि आईएफएफआई गोवा में भाग लेने से देश विदेश के बड़े बड़े फिल्म निर्माताओं को बिहार में आकर शूटिंग करने लिए प्रोत्साहित करने का बड़ा आकाश मिलता है। इस बार इस दिशा में काम करने का जबरदस्त मौका मिला है।
प्रोड्यूसर राजन सिंह ने शूटिंग परमिशन और अनुदान की प्रक्रिया की जानकारी प्राप्त करने के बाद कहा कि वह मार्च में अपनी अगली हिंदी फिल्म की शूटिंग पूर्णिया में करेंगे।
प्रोड्यूसर सागर श्रीवास्तव ने कहा कि उनकी फिल्म टिया बनकर रिलीज के लिए तैयार है और वह जल्द ही बड़े स्टार के साथ एक बड़ी बजट फिल्म की शूटिंग बिहार में करेंगे।
मौके पर बिहार में पूरी तरह शूट हुई हिंदी फिल्म 'कबीर सर का आखिरी लेसन' की टीम बिहार पवेलियन पहुंची। इस मौके पर फिल्म निगम के संचार परामर्शी कुमार गौरव ने फिल्म के निर्माता-निर्देशक सरफराज और सिनेमेटोग्राफर एंड प्रोडक्शन डिजाइनर असीम बजाज तथा लेखक रजनीश बाबा मेहता को आईएफएफआई गोवा के इंडियन पैनोरमा सेक्शन में फिल्म के चयनित होने पर बधाई दी एवं सम्मानित किया।
निर्माता-निर्देशक सरफराज ने कहा कि उन्होंने नालंदा के बिहार शरीफ में फिल्म की शूटिंग की है। ये एक ओल्ड टीचर की कहानी है, जो स्मार्ट एडुकेशन को अपनाने की कोशिश करता है। यह बदलाव की कहानी कहता है। उन्होंने कहा कि वह बिहार का हिस्सा बनने पर गर्व करते हैं। उन्होंने निगम के प्रबंध निदेशक प्रणव कुमार और नालंदा के जिलाधिकारी का धन्यवाद देते हुए कहा कि शूटिंग के दौरान प्रशासन का पूरा सहयोग मिला वहीं, शूटिंग परमिशन आसानी से मिल गई।
फिल्म के लेखक रजनीश ने कहा, “एक लेखक के लिए उसकी लिखी कहानी को बड़े पर्दे पर जीवंत होते देखना अपने आप में एक विशेष अनुभव होता है। और जब वही कहानी भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव आईएफएफआई जैसे प्रतिष्ठित मंच तक पहुंचती है, तो यह खुशी और जिम्मेदारी दोनों को बढ़ा देती है।
उन्होंने कहा, कबीर सर का आखिरी लेसन’ मेरे लिए सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि शिक्षा, शिक्षक और विद्यार्थी के बीच के उस भावनात्मक रिश्ते को सामने रखने का एक प्रयास है, जिसकी अहमियत आज तेजी से बदलते समय में और भी बढ़ गई है। कहानी के माध्यम से हमने यह सवाल उठाने की कोशिश की है कि तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के इस दौर में क्या एक शिक्षक की भूमिका और उसके मानवीय अनुभवों की जगह कोई तकनीक ले सकती है?
रजनीश ने कहा, मेरा मानना है कि शिक्षा केवल जानकारी हासिल करने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह सोचने, समझने और इंसान बनने की प्रक्रिया भी है। इस कहानी को लिखते समय मेरे मन में यही विचार सबसे महत्वपूर्ण रहा। उन्होंने कहा, आईएफएफआई में फिल्म का चयन होना मेरे लिए व्यक्तिगत रूप से बेहद सम्मान और खुशी की बात है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गोविंद चौधरी