गोयल ने दार्जिलिंग चाय की गुणवत्ता और अनुसंधान को बेहतर बनाने के लिए समर्थन का किया वादा

22 Nov 2026 22:10:53
दार्जिलिंग के कुर्सेओंग में चाय उत्पादकों के साथ बैठक के बाद संवाददाताओं को संबोधित करते गोयल


कहा-उत्पादक संपत्तियों में निवेश की अपील से सोने का आयात घटाने में मदद मिली

नई दिल्ली/सिलीगुड़ी, 22 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने रविवार को दार्जिलिंग के कुर्सेओंग में चाय के व्यापारियों, उत्पादकों, छोटे किसानों, चाय पत्ती प्रसंस्करण इकाइयों के मालिकों और अन्य हितधारकों के साथ मुलाकात की।

गोयल ने इस अवसर पर आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि दार्जीलिंग चाय को कैसे पुनः विश्वस्तरीय ताकत दी जाए, उसके लिए केंद्र सरकार, निर्यात संवर्धन मिशन के तहत पैकेजिंग और ब्रांडिंग में सहायता देगी। उन्होंने बताया कि इस मुद्दे पर सभी हितधारकों के साथ चाय उद्योग की चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की गई है।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री ने कहा कि इस बैठक में चाय क्षेत्र को मजबूत करने, निर्यात को बढ़ावा देने, नीलामी प्रक्रिया में सुधार लाने और दार्जिलिंग चाय की वैश्विक प्रतिष्ठा को बहाल करने की रणनीतियों पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी की सरकार के रहते यहां के कामगारों को प्रधानमंत्री चा श्रमिक प्रोत्साहन योजना (पीएमसीएसवाई) का जो लाभ नहीं मिला था, वो अब पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की सरकार के प्रयास से मिलना शुरू होगा।

गोयल ने कुर्सेओंग में चाय के व्यापारियों, उत्पादकों, छोटे किसानों, चाय पत्ती प्रसंस्करण इकाइयों के मालिकों और अन्य हितधारकों के साथ बैठक के दौरान उन्होंने दार्जिलिंग चाय की वैश्विक प्रतिष्ठा को बहाल करने के लिए केंद्र सरकार की ओर से ब्रांडिंग, मार्केटिंग और निर्यात को बढ़ावा देने में सहयोग देने की घोषणा की।

इससे पहले, पीयूष गोयल ने कहा कि सोने के बजाय उत्पादक संपत्तियों में निवेश करने की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अपील से देश में सोने का आयात घटाने में मदद मिली है। बागडोगरा हवाई अड्डे पर संवाददाताओं से बातचीत में गोयल ने कहा कि सोने के आयात में कमी का अंतरराष्ट्रीय बाजार पर भी सकारात्मक असर पड़ा है।

केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नागरिकों से की गई उस अपील ने—जिसमें उन्होंने सोने के बजाय उत्पादक संपत्तियों में निवेश करने को कहा था—भारत के सोने के आयात को कम करने में मदद की है और वैश्विक स्तर पर सोने की कीमतों पर सकारात्मक प्रभाव डाला है।

उल्लेखनीय है कि कुर्सेओंग के मकाईबारी में चाय उद्योग से जुड़े हितधारकों के साथ एक बैठक की गई। टी बोर्ड ऑफ इंडिया के द्वारा आयोजित इस बैठक में चाय क्षेत्र के सामने मौजूद मौजूदा चुनौतियों और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की गई।

---------------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0