
- चित्रकूट से पंचवटी, किष्किंधा और रामेश्वरम तक रामायण सर्किट को रेल नेटवर्क से जोड़ने की व्यापक तैयारी पूरी
- भारत गौरव ट्रेन से 17 दिन में 30 से अधिक तीर्थों के दर्शन, सीमावर्ती क्षेत्रों की अर्थव्यवस्था को भी मिलेगी नई गति
- डॉ. मयंक चतुर्वेदी
नई दिल्ली, 22 नवंबर (हि.स.)। भगवान श्रीराम के जीवन से जुड़े धार्मिक और सांस्कृतिक स्थलों को आधुनिक रेल नेटवर्क से जोड़ने की दिशा में भारतीय रेलवे की पहल रामायण सर्किट को नई पहचान देने जा रही है। अयोध्या से जनकपुरधाम तक प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय रेल सेवा भारत और नेपाल के बीच सदियों पुराने धार्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक संबंधों को परिवहन के आधुनिक माध्यम से मजबूती प्रदान करेगी। करीब 604 किलोमीटर लंबी इस रेल सेवा का शुभारंभ 23 नवंबर 2026 को दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों द्वारा संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किए जाने की प्रस्तावित योजना है। इसके साथ ही भारत गौरव डीलक्स एसी टूरिस्ट ट्रेन की 17 दिवसीय श्री रामायण यात्रा भी देश के विभिन्न राज्यों में फैले 30 से अधिक मंदिरों और तीर्थस्थलों को एक यात्रा मार्ग में जोड़ रही है।
अयोध्या को भगवान श्रीराम की जन्मभूमि और नेपाल के जनकपुरधाम को माता सीता की जन्मस्थली माना जाता है। रामायण में वर्णित राम-सीता विवाह का प्रसंग इन दोनों नगरों को धार्मिक और भावनात्मक रूप से जोड़ता है। प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय रेल सेवा इसी सांस्कृतिक संबंध को नई गति देने का माध्यम बनेगी। निर्धारित योजना के अनुसार जनकपुरधाम से ट्रेन शनिवार को रवाना होगी और अयोध्या से सोमवार को वापसी करेगी। इस रेल सेवा से न केवल श्रद्धालुओं को आवागमन की सुविधा मिलेगी, बल्कि बिहार और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती क्षेत्रों में भी परिवहन और पर्यटन के नए अवसर पैदा होंगे।
प्रस्तावित रेल सेवा बिहार और उत्तर प्रदेश के दस प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इनमें जयनगर, मधुबनी, शिशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम शामिल हैं। इससे मिथिलांचल, सीमावर्ती बिहार और पूर्वांचल के लोगों को नेपाल और अयोध्या के बीच यात्रा का एक नया विकल्प मिलेगा।
इस रेल संपर्क से नेपाल में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की संभावना है। नेपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के मधेस प्रांत की ट्रैवल एंड एयर ट्रांसपोर्ट कमिटी के अध्यक्ष मोहन प्रसाद शर्मा के अनुसार, जनकपुर आने वाले भारतीय श्रद्धालुओं के लिए विशेष पर्यटन पैकेज तैयार किए जा सकते हैं। इनके माध्यम से पर्यटकों को काठमांडू स्थित पशुपतिनाथ मंदिर और पश्चिमी नेपाल के मुस्तांग जिले में स्थित मुक्तिनाथ मंदिर तक पहुंचाया जा सकता है। उनका मानना है कि अयोध्या आने वाले भारतीय श्रद्धालुओं में से यदि दो से पांच प्रतिशत लोगों को भी जनकपुर के जानकी मंदिर तक आकर्षित किया जाए तो स्थानीय पर्यटन कारोबार को बड़ा लाभ मिल सकता है।
नेपाल के संस्कृति, पर्यटन और नागरिक उड्डयन मंत्रालय के वर्ष 2025 के आंकड़ों के अनुसार, देश में 11,62,365 विदेशी पर्यटक पहुंचे। इनमें 1,67,380 पर्यटक धार्मिक उद्देश्यों से आए, जो कुल विदेशी पर्यटकों का 14.40 प्रतिशत है। वहीं जनकपुर के जानकी मंदिर के पुजारी रोशन दास के अनुसार, मंदिर में प्रतिदिन लगभग एक हजार से पांच हजार श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। भारत से सीधा रेल संपर्क बनने पर यहां भारतीय श्रद्धालुओं की संख्या में वृद्धि की उम्मीद है।
भारत में भी धार्मिक और सांस्कृतिक पर्यटन अर्थव्यवस्था के महत्वपूर्ण क्षेत्रों में शामिल हो चुका है। पर्यटन विशेषज्ञ पुर्णिमा शर्मा के अनुसार, वर्ष 2025 में भारत आने वाले अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों की संख्या लगभग 2.53 करोड़ रही। वर्ष 2024 में यह संख्या 2.05 करोड़ थी, जिसमें 99.52 लाख विदेशी पर्यटक और 1.06 करोड़ प्रवासी भारतीय शामिल थे।
इंडिया टूरिज्म डेटा कंपेंडियम के अनुसार, धार्मिक यात्रा, पारिवारिक भेंट और सांस्कृतिक आदान-प्रदान को अन्य श्रेणी में रखा जाता है। इस श्रेणी में लगभग 11 प्रतिशत विदेशी पर्यटक आते हैं। इनके प्रमुख आकर्षणों में बोधगया, सारनाथ, कुशीनगर, वाराणसी, अयोध्या और तिरुपति जैसे धार्मिक स्थल शामिल हैं।
पर्यटन विशेषज्ञ मंदीप सिंह के अनुसार, वर्ष 2025 में भारत को विदेशी पर्यटकों से 2,76,831 करोड़ रुपये की विदेशी मुद्रा प्राप्त हुई। वर्ष 2024 में संशोधित अनुमान के अनुसार यह राशि 2,93,033 करोड़ रुपये थी। धार्मिक और सांस्कृतिक यात्राओं की हिस्सेदारी के आधार पर विदेशी तीर्थाटन से लगभग 30 हजार से 32 हजार करोड़ रुपये की सालाना विदेशी मुद्रा आय का अनुमान लगाया जाता है। वहीं घरेलू और विदेशी यात्रियों को मिलाकर भारत की धार्मिक एवं आध्यात्मिक पर्यटन अर्थव्यवस्था 16.8 लाख करोड़ रुपये से अधिक आंकी गई है।
केंद्र सरकार की स्वदेश दर्शन योजना के अंतर्गत रामायण सर्किट विकसित करने की परिकल्पना की गई है। इसका उद्देश्य भगवान श्रीराम के जीवन और रामायण के प्रमुख प्रसंगों से जुड़े धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों को एक व्यापक पर्यटन परिपथ में शामिल करना है। इसके तहत भारत के नौ राज्यों के 15 प्रमुख स्थलों के साथ नेपाल के जनकपुरधाम को भी सांस्कृतिक संपर्क के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में देखा जा रहा है।
उत्तर प्रदेश में अयोध्या, नंदीग्राम, श्रृंगवेरपुर, प्रयागराज और चित्रकूट इस सर्किट के प्रमुख पड़ाव हैं। बिहार में बक्सर, सीतामढ़ी और दरभंगा, मध्य प्रदेश में चित्रकूट क्षेत्र, छत्तीसगढ़ में दंडकारण्य और जगदलपुर, महाराष्ट्र में नासिक-पंचवटी, तेलंगाना में भद्राचलम, कर्नाटक में हम्पी-किष्किंधा तथा तमिलनाडु में रामेश्वरम को इस यात्रा से जोड़ने की योजना है।
इन स्थलों का धार्मिक महत्व रामायण के विभिन्न प्रसंगों से जुड़ा है। अयोध्या श्रीराम की जन्मभूमि, चित्रकूट वनवास की स्मृतियों, पंचवटी सीता हरण के प्रसंग और किष्किंधा हनुमान एवं सुग्रीव से जुड़ी मान्यताओं का प्रतीक है। वहीं रामेश्वरम रामकथा के उस प्रसंग से जुड़ा है, जहां समुद्र पर सेतु निर्माण का संकल्प लिया गया था।
रामायण सर्किट को सुविधाजनक बनाने में भारतीय रेलवे की भारत गौरव डीलक्स एसी टूरिस्ट ट्रेन भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। इसकी श्री रामायण यात्रा लगभग 16 रात और 17 दिन का विशेष पर्यटन पैकेज है। दिल्ली के सफदरजंग रेलवे स्टेशन से शुरू होने वाली यह यात्रा करीब 7,500 किलोमीटर की दूरी तय कर 30 से अधिक मंदिरों और धार्मिक स्थलों तक पहुंचाती है।
यात्रा की शुरुआत अयोध्या से होती है, जहां श्रद्धालु श्रीराम जन्मभूमि मंदिर, हनुमानगढ़ी और सरयू आरती में शामिल होते हैं। इसके बाद नंदीग्राम के भरतकुंड, सीतामढ़ी और नेपाल के जनकपुरधाम स्थित जानकी मंदिर के दर्शन कराए जाते हैं। आगे बिहार के बक्सर, वाराणसी के काशी विश्वनाथ मंदिर, प्रयागराज, श्रृंगवेरपुर और चित्रकूट के रामघाट, गुप्त गोदावरी तथा सती अनुसूया आश्रम यात्रा के प्रमुख पड़ाव हैं।
इसके बाद ट्रेन महाराष्ट्र के नासिक स्थित पंचवटी, कालाराम मंदिर, सीता गुफा और त्र्यंबकेश्वर तक पहुंचती है। कर्नाटक के हम्पी-किष्किंधा क्षेत्र में अंजनेय पर्वत और विरुपाक्ष मंदिर के दर्शन कराए जाते हैं। यात्रा के अंतिम चरण में तमिलनाडु के रामेश्वरम स्थित रामनाथस्वामी मंदिर और धनुषकोडी शामिल हैं। वापसी के दौरान तेलंगाना के भद्राचलम स्थित सीतारामचंद्र स्वामी मंदिर के दर्शन भी कराए जाते हैं।
यात्रियों की सुविधा के लिए ट्रेन में प्रथम, द्वितीय और तृतीय वातानुकूलित श्रेणी के कोच, शाकाहारी भोजन, डाइनिंग रेस्तरां, स्थानीय भ्रमण के लिए बसें, होटल में रात्रि विश्राम, यात्रा बीमा और टूर मैनेजर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की व्यवस्था है।
राम मंदिर में प्राण-प्रतिष्ठा के बाद अयोध्या पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इसे देखते हुए रेलवे ने अयोध्या धाम जंक्शन और अयोध्या कैंट स्टेशन का विकास किया है। अयोध्या धाम जंक्शन को मंदिर वास्तुकला से प्रेरित स्वरूप दिया गया है। यहां प्रतीक्षालय, एस्केलेटर, लिफ्ट, भोजन सुविधाएं, शिशु देखभाल कक्ष और पर्यटक सूचना केंद्र जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं।
अयोध्या को देश के विभिन्न हिस्सों से जोड़ने के लिए वंदे भारत, अमृत भारत, श्रद्धा सेतु एक्सप्रेस और आस्था विशेष ट्रेनों का संचालन भी महत्वपूर्ण है। दरभंगा-अयोध्या-आनंद विहार अमृत भारत एक्सप्रेस मिथिलांचल को अयोध्या और दिल्ली से जोड़ती है। वहीं अयोध्या कैंट से रामेश्वरम तक श्रद्धा सेतु एक्सप्रेस उत्तर और दक्षिण भारत के प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच संपर्क मजबूत करती है।
रामायण सर्किट के अन्य क्षेत्रों में भी रेल सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। चित्रकूट धाम कर्वी स्टेशन का आधुनिकीकरण, सीतामढ़ी-पुनौरा धाम क्षेत्र का रेल संपर्क और दरभंगा-रक्सौल रेलखंड का विकास इसी दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। महाराष्ट्र में नासिक रोड स्टेशन पंचवटी और त्र्यंबकेश्वर के लिए प्रमुख रेल केंद्र है, जबकि कर्नाटक में होसपेटे जंक्शन हम्पी-किष्किंधा क्षेत्र तक पहुंचने का माध्यम है। तमिलनाडु में नया पंबन वर्टिकल लिफ्ट रेल पुल रामेश्वरम द्वीप को मुख्य भूमि से जोड़ने वाली आधुनिक इंजीनियरिंग परियोजना है।
अयोध्या-जनकपुर रेल सेवा और रामायण सर्किट का विस्तार धार्मिक पर्यटन के साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूत कर सकता है। जयनगर, मधुबनी, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर और बस्ती जैसे शहरों में यात्रियों की संख्या बढ़ने से होटल, धर्मशालाओं, भोजनालयों, टैक्सी, ई-रिक्शा, फूल-प्रसाद विक्रेताओं और स्थानीय दुकानदारों को रोजगार के नए अवसर मिल सकते हैं।
मिथिला की प्रसिद्ध चित्रकला और पारंपरिक हस्तशिल्प को अंतरराष्ट्रीय पर्यटकों के सामने प्रस्तुत करने का अवसर भी मिलेगा। स्थानीय कारीगरों और छोटे उद्यमियों को इसका लाभ मिल सकता है। पर्यटन के साथ स्थानीय भोजन, लोककला और सांस्कृतिक परंपराओं को जोड़ने से पर्यटकों का ठहराव बढ़ाने की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।
अयोध्या हनुमानगढ़ी से जुड़े महंत श्री विरोट दास महाराज के अनुसार, भारतीय रेलवे की यह पहल परिवहन के पारंपरिक दायरे से आगे बढ़कर भारत की सांस्कृतिक विरासत को जोड़ने का माध्यम बन रही है। अयोध्या से जनकपुर, चित्रकूट से पंचवटी और किष्किंधा से रामेश्वरम तक फैला रामायण का सांस्कृतिक भूगोल विविधता में एकता का उदाहरण है। इससे भारत और नेपाल के श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थलों तक पहुंचने में सुविधा मिलेगी तथा दोनों देशों के धार्मिक, सामाजिक और आध्यात्मिक संबंध मजबूत होंगे। साथ ही पर्यटन आधारित नए उद्योगों के विकास और रोजगार सृजन की संभावनाएं भी बढ़ेंगी।
कुल मिलाकर, अयोध्या-जनकपुर अंतरराष्ट्रीय रेल संपर्क, भारत गौरव रामायण यात्रा और रामायण सर्किट का विकास भारत की धार्मिक विरासत को आधुनिक परिवहन सुविधाओं से जोड़ने की व्यापक पहल है। आने वाले समय में यह पहल भारत और नेपाल के बीच सांस्कृतिक संबंधों को नई ऊंचाई देने के साथ धार्मिक पर्यटन, स्थानीय व्यापार और रोजगार के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।----------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी