

सागर, 22 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के सागर जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर रविवार दोपहर भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां गौरझामर थाना क्षेत्र के नीम घाटी के पास नर्मदा स्नान कर लौट रहे ग्रामीणों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 33 लोग घायल हुए हैं। मृतकों में दो महिलाएं और एक पुरुष शामिल हैं। घायलों में महिला, पुरुषों के साथ बच्चे भी शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, हादसे के समय ट्रैक्टर-ट्रॉली में करीब 36 लोग सवार थे। सभी सागर जिले की बांदरी तहसील के ग्राम गढ़ौला गोसाई के निवासी थे। वे शनिवार को नरसिंहपुर जिले के बरमान घाट पर नर्मदा स्नान और पूजा-अर्चना के लिए गए थे। रविवार को स्नान के बाद गांव लौटते समय नीम घाटी के पास ट्रैक्टर-ट्रॉली अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसा इतना गंभीर था कि कई लोग ट्रॉली के नीचे दब गए, जबकि कुछ सड़क पर दूर जा गिरे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास से गुजर रहे राहगीरों और स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। ट्रॉली के नीचे फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसडीएम देवरी मुनव्वर खान, पुलिस अधिकारियों और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। प्रारंभिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल लोगों को सागर के बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। कुछ घायलों का देवरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उपचार किया जा रहा है। घायलों में कई के हाथ-पैर में फ्रैक्चर और चेहरे सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान रक्षा प्रजापति, प्रेमरानी यादव पत्नी रम्मू यादव और राकेश यादव पुत्र रम्मू यादव, उम्र 50 वर्ष के रूप में हुई है। प्रेमरानी यादव और राकेश यादव मां-बेटे है। हादसे में एक ही गांव के तीन लोगों की मौत और बड़ी संख्या में ग्रामीणों के घायल होने से गढ़ौला गोसाई में शोक का माहौल है।
एसडीएम मुनव्वर खान के मुताबिक, दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच कराई जा रही है। ट्रैक्टर-ट्रॉली के अनियंत्रित होकर पलटने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। यह भी जांच का विषय है कि वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक लोग तो सवार नहीं थे। गौरझामर और देवरी पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, प्रत्यक्षदर्शी नवीन कुमार ने ट्रैक्टर-ट्रॉली में बड़ी संख्या में लोगों को बैठाकर हाईवे पर सफर कराने पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने टोल प्लाजा से ऐसे वाहनों के गुजरने और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई।
घायलाें में सविता यादव, शालिनी सेन, स्वाती सेन, तुलसीराम यादव, प्रेमबाई यादव, चमन सेन, सीता प्रजापति, शानवी प्रजापति, सुमन पति कैलाश प्रजापति, बबीता पत्नी महेश यादव, अनीता सेन पत्नी मनोहर सेन, सत्यम पुत्र बालचंद सेन, भरत पुत्र जयराम प्रजापति, संध्या पत्नी नितिन, महावीर, गीता पुत्री रामलाल, पार्वती पत्नी राममिलन सेन, राममिलन सेन, राजपाल प्रजापति, भूपेन्द्र यादव, ललित प्रजापति, जशोदा प्रजापति, भूमि प्रजापति, अनुराधा यादव, संध्या सेन, मिथलेश यादव, लक्ष्मी यादव, अंगद सेन, राधिका प्रजापति, टीकाराम प्रजापति, मेघा यादव पुत्री राकेश यादव, द्रोपदी पत्नी रामलाल प्रजापति, रानू पुत्री नितिन यादव के नाम शामिल है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे