राष्ट्रपति, राष्ट्रपति व अन्य ने सांसद रामराव सखाराम वाडकुटे के निधन पर दुख जताया

22 Nov 2026 12:21:53
राज्यसभा सांसद रामराव सखाराम वाडकुटे (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 22 नवंबर (हि.स.)। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन और केंद्रीय संसदीय एवं अल्पसंख्यक मामलों के मंत्री किरेन रिजिजू समेत कई नेताओं ने रविवार को राज्यसभा सदस्य रामराव सखाराम वाडकुटे के निधन से दुख जताया।

राष्ट्रपति मुर्मु ने एक्स पर लिखा, सखाराम वाडकुटे जन-कल्याण के कार्यों के प्रति समर्पित थे और उन्होंने महाराष्ट्र तथा देश के विकास में बहुमूल्य योगदान दिया। उनके परिजनों, प्रशंसकों और शुभचिंतकों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदनाएं।

राष्ट्रपति ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में सखाराम वाडकुटे के योगदान और लोगों की सेवा को हमेशा याद रखा जाएगा। उनके परिवार, मित्रों और समर्थकों के प्रति गहरी संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें दुख की इस घड़ी में संबल प्रदान करें।

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि सांसद डॉ. रामराव सखाराम वाडकुटे जी का निधन अत्यंत दुखद है। दुख की इस घड़ी में, उनकी गहरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवार के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार को इस अपार क्षति को सहने की शक्ति दें। भावपूर्ण श्रद्धांजलि।

रिजिजू ने कहा कि राज्यसभा सदस्य रामराव वडकुटे के परिवार और मित्रों के प्रति हार्दिक संवेदनाएं। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें और इस कठिन घड़ी में उनके परिजनों को संबल दें। ॐ शांति!

भाजपा के राज्यसभा सदस्य रामराव वाडकुटे की हृदयगति रुकने से उनका निधन हो गया। वह 72 वर्ष के थे। रामराव वाडकुटे ने महज आठ महीने पहले ही भाजपा सांसद के तौर पर राज्यसभा में कदम रखा था। इससे पहले उन्होंने लंबे समय तक धनगर समुदाय की सेवा की, जिले में कई अहम जिम्मेदारियां संभालीं और भेड़-बकरी विकास निगम के प्रमुख के रूप में भी काम किया। सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0