आयुष्मान की घातक गेंदबाजी से रेलगांव क्रिकेट क्लब आठ विकेट से जीता

22 Nov 2026 20:38:53
खिलाड़ी आयुष्मान का छाया चित्र


प्रयागराज, 22 नवंबर (हि.स.)। आयुष्मान वर्मा की धारदार गेंदबाजी और मोहम्मद अकसम अली की शानदार बल्लेबाजी की बदौलत रेलगांव क्रिकेट क्लब ने द्वितीय स्वर्गीय राममूर्ति त्रिपाठी अंडर-16 क्रिकेट प्रतियोगिता में मऊआइमा क्लब को आठ विकेट से पराजित कर पूरे अंक हासिल किए।

ईश्वर शरण इंटर कॉलेज के मैदान पर खेले गए मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए मऊआइमा क्लब ने निर्धारित 30 ओवर में नौ विकेट पर 149 रन बनाए। आदित्य विश्वकर्मा ने 66 और आर्यन पटेल ने 27 रन का योगदान दिया। रेलगांव की ओर से आयुष्मान वर्मा ने छह ओवर में 22 रन देकर पांच विकेट झटके। मोहम्मद अकदस अली ने दो और सक्षम वर्मा ने एक विकेट लिया।

जवाब में रेलगांव क्रिकेट क्लब ने 19.2 ओवर में दो विकेट खोकर 150 रन बनाते हुए लक्ष्य हासिल कर लिया। मोहम्मद अकसम अली 54 रन बनाकर नाबाद रहे। अंश सिंह ने 35 और सक्षम वर्मा ने 23 रन बनाए। मऊआइमा की ओर से रंजीत कुमार और बद्री विशाल पांडेय ने एक-एक विकेट लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Powered By Sangraha 9.0