

- मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला एवं गैलरी का किया शुभारंभ
भोपाल, 23 नवम्बर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राजधानी भोपाल में स्थापित डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला के माध्यम से अब 10 लाख वर्ष तक पुरातात्विक महत्व की सामग्रियों की जांच और आयु का वैज्ञानिक निर्धारण किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि उज्जैन में लगभग 100 एकड़ भूमि पर डीप टेक रिसर्च एवं इनोवेशन पार्क विकसित किया जाएगा। इससे विज्ञान, अनुसंधान, नवाचार और उभरती प्रौद्योगिकियों के क्षेत्र में नई संभावनाएं सृजित होंगी।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव सोमवार को म.प्र. विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (मैपकास्ट) के विज्ञान भवन में ‘प्राचीन से आधुनिक काल तक वैज्ञानिक विधियों से कालगणना’ के अंतर्गत ‘महाकाल : द मास्टर ऑफ टाइम’ थीम पर आधारित राष्ट्रीय कार्यशाला को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने मैपकास्ट में स्थापित प्रदेश की पहली और देश की तीसरी अत्याधुनिक डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला एवं डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर गैलरी का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में कौशल विकास और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए मेपकास्ट एवं धनुष क्वांटम टेक्नोलॉजी लिमिटेड के बीच एमओयू का आदान-प्रदान किया गया।
मुख्यमंत्री ने ‘महाकाल : द मास्टर ऑफ टाइम’ विषय पर आयोजित अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन पर आधारित कॉफी टेबल और दत्तोपंत ठेंगड़ी राष्ट्रीय शोध संस्थान के शोधार्थी समागम के पोस्टर का भी विमोचन भी किया। इस अवसर पर डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला एवं गैलरी पर आधारित फिल्म का प्रदर्शन किया गया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सदैव भारतीय ज्ञान परंपरा के प्रोत्साहन, प्राचीन विरासतों के संरक्षण, वैज्ञानिक शोध और नवाचार को आगे बढ़ाया है। मध्य प्रदेश में भी प्राचीन सभ्यताओं और पुरातात्विक धरोहरों के वैज्ञानिक अध्ययन को नई दिशा देने के लिए महत्वपूर्ण पहल की गई है। उन्होंने कहा कि उज्जैन केवल धार्मिक नगरी ही नहीं, बल्कि विज्ञान, उद्योग, कला, संस्कृति और सभ्यता का भी महत्वपूर्ण केंद्र रहा है। प्राचीन काल से ही उज्जैन काल-गणना एवं खगोल विज्ञान के क्षेत्र में विशिष्ट स्थान रखता है। प्रदेश की वैज्ञानिक विरासत को आधुनिक विज्ञान एवं तकनीक से जोड़ते हुए उज्जैन को साइंस सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है।
पद्मश्री डॉ. वाकणकर ने भारतीय पुरातत्व एवं सभ्यताओं के अध्ययन को नई दिशा दी
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि पद्मश्री डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर प्रसिद्ध पुरातत्वविद्, चित्रकार और इतिहासकार थे। उन्होंने सीमित संसाधनों और विपरीत परिस्थितियों में भारतीय पुरातत्व एवं प्राचीन सभ्यताओं के अध्ययन को आगे बढ़ाया। उनके शोध और योगदान ने भारत की प्राचीन सभ्यता को वैश्विक पहचान दिलाई।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि उज्जैन प्राचीन काल से ही काल-गणना एवं खगोल विज्ञान का प्रमुख केंद्र रहा है। विक्रमादित्य की परंपरा, भारतीय काल-गणना पद्धति और प्राचीन ज्ञान को आधुनिक विज्ञान से जोड़कर आगे बढ़ाया जा रहा है। विक्रमादित्य शोध पीठ को भी अकादमिक एवं शोध संस्थान के रूप में विकसित किया जा रहा है। डीप टेक रिसर्च एवं इनोवेशन पार्क में उभरती तकनीकों के क्षेत्र में अनुसंधान एवं नवाचार को प्रोत्साहन मिलेगा। शोध एवं अनुसंधान जितना व्यापक होगा, विकास की संभावनाएं भी उतनी ही बढ़ेंगी। राज्य सरकार वैज्ञानिक अनुसंधान, नवाचार एवं भारतीय ज्ञान परंपरा को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उज्जैन धार्मिक और औद्योगिक नगरी के साथ अब साइंस सिटी के रूप में भी विकसित हो रहा है। वहीं भोपाल को नॉलेज सिटी के रूप में विकसित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उद्योग के अपर मुख्य सचिव नीरज मंडलोई ने बताया कि उज्जैन में लगभग 100 एकड़ भूमि पर 237 करोड़ रुपये की लागत से डीप टेक रिसर्च एवं इनोवेशन पार्क विकसित किया जाएगा। इसमें आईआईटी इंदौर तकनीकी एवं अनुसंधान सहयोगी के रूप में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। पार्क में अनुसंधान, तकनीकी विकास, पेटेंट, स्टार्ट-अप, इनक्यूबेशन एवं तकनीक के व्यावसायीकरण के लिए एकीकृत सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे युवाओं को शोध से स्टार्टअप एवं उद्यमिता तक आगे बढ़ने और अपने नवाचारों को बाजार तक पहुंचाने के अवसर मिलेंगे। पार्क में चार प्रमुख क्षेत्रों में अनुसंधान एवं विकास गतिविधियां संचालित होंगी। इनमें खगोल विज्ञान एवं अंतरिक्ष अध्ययन, भारतीय ज्ञान प्रणाली, कृषि प्रौद्योगिकी एवं जलवायु अनुसंधान तथा आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, क्वांटम कंप्यूटिंग, ब्लॉकचेन एवं अन्य उभरती प्रौद्योगिकियां शामिल हैं।
भारतीय काल-गणना परंपरा में समय, जीवन प्रकृति एवं सभ्यता से जुड़ा विषय रहा है : सुरेश सोनी
विचारक एवं समाजसेवी सुरेश सोनी ने डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर का स्मरण करते हुए कहा कि वे जन्म जात पुरातत्वविद थे। उन्होंने कहा कि भारतीय काल-गणना परंपरा में समय केवल मापन की इकाई नहीं, बल्कि जीवन, प्रकृति एवं सभ्यता से जुड़ा विषय रहा है। प्राचीन भारतीय विद्वानों ने समय की सूक्ष्मतम से लेकर विशालतम इकाइयों तक की अवधारणाएं विकसित की थीं। इस परंपरा को आधुनिक वैज्ञानिक शोध एवं प्रमाणों के आधार पर आगे बढ़ाने की आवश्यकता है।
मैपकास्ट के महानिदेशक डॉ. अनिल कोठारी ने बताया कि मैपकास्ट विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी को समाज की आवश्यकताओं से जोड़ते हुए अनुसंधान, नवाचार, पारंपरिक ज्ञान, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक-आर्थिक विकास को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उज्जैन को कालगणना का केंद्र बिंदु बनाना हमारा ध्येय है। उन्होंने कहा कि पीएम फसल बीमा योजना के अंतर्गत रिमोट सेंसिंग तकनीक के उपयोग में मध्यप्रदेश देश में प्रथम स्थान पर है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव की विज्ञान के प्रति रुचि प्रदेश में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने में सहायक
विज्ञान भारती के राष्ट्रीय संगठन सचिव शिवकुमार शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव की विज्ञान के प्रति रुचि एवं वैज्ञानिक विषयों पर संवाद प्रदेश में वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने में सहायक है। उन्होंने डोंगला एवं महाकाल केंद्रों तथा अक्षांश-देशांतर गणना के महत्व का उल्लेख किया। शर्मा ने कहा कि प्राचीन एवं आधुनिक विज्ञान एक-दूसरे के पूरक हैं। इस कार्यशाला से प्राप्त निष्कर्ष भविष्य के शोध एवं योजनाओं को दिशा प्रदान करेंगे।
रामायण एवं महाभारत का वैज्ञानिक अध्ययन करने की आवश्यकता है
सीएसआईआर भटनागर फेलो एवं डेक्कन कॉलेज, पुणे के पूर्व कुलपति वसंत शिंदे ने कहा कि ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला की स्थापना मध्यप्रदेश में वैज्ञानिक अनुसंधान की दिशा के लिए महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने रामायण एवं महाभारत जैसे ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विषयों का वैज्ञानिक अध्ययन करने की आवश्यकता बतायी। उन्होंने कहा कि डेटिंग के परिणामों को पुरातात्विक एवं सांस्कृतिक साक्ष्यों के साथ समन्वित कर अध्ययन किया जाना चाहिए। प्रयोगशालाओं के सतत संचालन एवं विकास से शोध कार्यों को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।
क्वांटम कंप्यूटिंग में अनुसंधान, नवाचार एवं तकनीकी सहयोग को मिलेगा बढ़ावा
मुख्यमंत्री की उपस्थिति में मध्य प्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (मैपकास्ट) एवं धनुष क्वांटम टेक्नोलॉजीज प्राइवेट लिमिटेड के मध्य क्वांटम कंप्यूटिंग के क्षेत्र में डीप टेक अनुसंधान, नवाचार एवं उन्नत प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने के लिए एमओयू का आदान-प्रदान किया गया। यह पहल प्रदेश में क्वांटम कंप्यूटिंग के अनुसंधान एवं विकास को बढ़ावा देने और प्रस्तावित डीप टेक रिसर्च एंड इनोवेशन पार्क के माध्यम से उभरती अत्याधुनिक प्रौद्योगिकियों के अनुसंधान, विकास, नवाचार एवं व्यावसायिक उपयोग को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।
आधुनिक उपकरणों एवं वैज्ञानिक तकनीकों से सुसज्जित है डॉ. वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला
शुभारंभ अवसर पर प्रदर्शित फिल्म में बताया गया कि मैपकास्ट की डॉ. विष्णु श्रीधर वाकणकर ल्यूमिनेसेंस डेटिंग प्रयोगशाला आधुनिक उपकरणों एवं वैज्ञानिक तकनीकों से सुसज्जित है। प्रयोगशाला में आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों से एक मिलियन वर्ष तक पुरानी सामग्रियों की आयु निर्धारित करने में सहायता मिलेगी। ल्यूमिनेसेंस डेटिंग तकनीक से पुरातात्विक स्थलों एवं अवशेषों की आयु, भूस्तरों के निर्माण की अवधि, प्राचीन जलवायु एवं सभ्यताओं के कालक्रम का पुनर्निर्माण करने में सहायता मिलेगी।
यह तकनीक क्वार्ट्ज एवं अन्य खनिजों के प्रकाश या ताप के संपर्क में आने के बाद दबे रहने की अवधि का वैज्ञानिक आकलन करती है। इसका उपयोग तलछट, फेल्डस्पार, जिप्सम, कार्बोनेट, मिट्टी के बर्तन एवं आग से प्रभावित पत्थरों सहित विभिन्न नमूनों के अध्ययन में किया जा सकता है। प्रयोगशाला में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण, राज्य पुरातत्व विभाग एवं अन्य वैज्ञानिक संस्थानों के सहयोग से नमूना संग्रह एवं शोध कार्य किए जाएंगे। इससे पुरातत्व, भू-पुरातत्व, पृथ्वी विज्ञान एवं प्राचीन सभ्यताओं के अध्ययन को नई वैज्ञानिक दिशा मिलेगी।
कार्यशाला में भारतीय कालगणना परंपरा, प्राचीन खगोलीय ज्ञान और आधुनिक वैज्ञानिक तकनीकों के समन्वय पर देश के प्रतिष्ठित वैज्ञानिक, पुरातत्वविद् एवं विशेषज्ञ विचार-विमर्श करेंगे। शुभारंभ अवसर पर भारत सरकार के सलाहकार डॉ. गंटी एस मूर्ति, संस्कृति सलाहकार एवं वीर भारत न्यास के निदेशक श्रीराम तिवारी तथा बड़ी संख्या में प्राध्यापकगण, शोधार्थी, छात्र-छात्राएं उपस्थित थीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत