एनीमिया के मामलों में आई कमी, अधिकांश आयु वर्गों में गंभीर एनीमिया दो प्रतिशत से कम : आईसीएमआर

23 Nov 2026 19:59:53
सर्वे का पोस्टर


नई दिल्ली, 23 नवंबर (हि.स.)। देश में एनीमिया (खून की कमी) की स्थिति को लेकर भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) के नए सर्वेक्षण में राहत देने वाले आंकड़े सामने आए हैं। आईसीएमआर के संपदा सर्वेक्षण के अनुसार, पिछले राष्ट्रीय सर्वेक्षणों की तुलना में देश में एनीमिया का प्रसार कम हुआ है। सर्वेक्षण में यह भी सामने आया है कि अधिकांश आयु वर्गों में गंभीर एनीमिया के मामले 2 प्रतिशत से कम हैं और एनीमिया से प्रभावित लोगों में ज्यादातर हल्के स्तर की स्थिति से जूझ रहे हैं।

सोमवार को स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग के तहत आईसीएमआर ने 2023-2025 के दौरान किए गए सर्वेक्षण के प्रमुख निष्कर्ष जारी किए हैं। इस सर्वेक्षण में देश के 35 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 183 जिलों के 81 हजार से अधिक परिवारों के दो लाख से अधिक लोगों को शामिल किया गया। हीमोग्लोबिन की जांच के लिए 1.7 लाख से अधिक रक्त नमूनों का विश्लेषण किया गया।

सर्वेक्षण की खास बात यह है कि इसमें रक्त की नसों से नमूना लेने की मानक वैज्ञानिक पद्धति और स्वचालित विश्लेषकों के माध्यम से हीमोग्लोबिन का आकलन किया गया। इससे जांच के नतीजों की सटीकता और विश्वसनीयता बढ़ती है। इसके अलावा, कुछ प्रतिभागियों में आयरन, फोलेट और विटामिन बी12 की स्थिति के साथ सूजन से जुड़े जैविक संकेतकों की भी जांच की गई।

महिलाओं और किशोरियों में एनीमिया की स्थिति चिंताजनक

सर्वेक्षण के अनुसार, 12 से 59 महीने के बच्चों में एनीमिया का प्रसार 42 प्रतिशत दर्ज किया गया। 10 से 19 वर्ष की किशोरियों में यह आंकड़ा 46 प्रतिशत रहा, जबकि इसी आयु वर्ग के किशोर लड़कों और 20 से 59 वर्ष के पुरुषों में एनीमिया का प्रसार 22 से 23 प्रतिशत के बीच पाया गया। प्रजनन आयु वर्ग की महिलाओं में एनीमिया का प्रसार 56 प्रतिशत दर्ज किया गया।

सर्वेक्षण में बुजुर्गों को भी शामिल किया गया है, जिससे इस आयु वर्ग में एनीमिया की स्थिति को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर महत्वपूर्ण आंकड़े उपलब्ध हुए हैं। रिपोर्ट में कहा गया है कि एनीमिया की स्थिति उम्र, लिंग, शारीरिक अवस्था और भौगोलिक क्षेत्र के अनुसार अलग-अलग है। इसलिए सभी वर्गों के लिए एक जैसी रणनीति अपनाने के बजाय उनकी जरूरतों के अनुरूप उपाय जरूरी हैं।

अधिकांश मामले हल्के

एनीमिया के

रिपोर्ट के मुताबिक, एनीमिया से प्रभावित लोगों में हल्के स्तर के मामले बड़ी संख्या में हैं। गर्भवती और स्तनपान कराने वाली महिलाओं, किशोरियों और बच्चों में एनीमिया के लगभग आधे मामले हल्के स्तर के हैं। वहीं, किशोर लड़कों, वयस्क और बुजुर्ग पुरुषों में एनीमिया का प्रसार अपेक्षाकृत कम है। इन वर्गों में एनीमिया से प्रभावित लोगों में भी करीब तीन-चौथाई मामले हल्के स्तर के पाए गए। अधिकांश आयु वर्गों में गंभीर एनीमिया का प्रसार 2 प्रतिशत से कम रहा।

एनीमिया का एक प्रमुख कारण

आयरन की कमी

सर्वेक्षण में सामने आया कि महिलाओं, किशोरियों और बच्चों में एनीमिया के लगभग आधे मामलों के लिए आयरन की कमी जिम्मेदार है। हालांकि, एनीमिया के सभी मामलों को केवल आयरन की कमी से नहीं जोड़ा जा सकता। संक्रमण, हीमोग्लोबिन से संबंधित आनुवंशिक विकार और पुरानी बीमारियों के कारण होने वाली सूजन भी इसके महत्वपूर्ण कारण हो सकते हैं।

रिपोर्ट के अनुसार, विटामिन बी12 और फोलेट की कमी एनीमिया से प्रभावित और अप्रभावित दोनों तरह के लोगों में लगभग समान पाई गई। इससे संकेत मिलता है कि भारत में एनीमिया के कुल मामलों में इन दोनों पोषक तत्वों की कमी का योगदान सीमित है।

आयरन की कमी मुख्य रूप से पांच वर्ष से कम उम्र के बच्चों, किशोरियों और प्रजनन आयु वर्ग की महिलाओं में केंद्रित पाई गई। इसके विपरीत किशोर लड़कों, पुरुषों और बुजुर्गों में आयरन की कमी का प्रसार कम रहा। मध्यम और गंभीर एनीमिया से प्रभावित लोगों में आयरन की कमी अधिक पाई गई। ऐसे लोगों की पहचान जांच के माध्यम से कर उचित उपचार और नियमित निगरानी किए जाने की जरूरत है।

स्वास्थ्य अनुसंधान विभाग के सचिव और आईसीएमआर के महानिदेशक डॉ. राजीव बहल ने कहा कि संपदा सर्वेक्षण बच्चों, किशोरों, वयस्कों, गर्भवती एवं स्तनपान कराने वाली महिलाओं और बुजुर्गों में एनीमिया की राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करने वाली तस्वीर प्रस्तुत करता है। इसमें सूक्ष्म पोषक तत्वों की कमी से जुड़ी विस्तृत जानकारी भी उपलब्ध कराई गई है।

उन्होंने कहा कि पिछले राष्ट्रीय सर्वेक्षणों की तुलना में एनीमिया के प्रसार में कमी आना उत्साहजनक है। सर्वेक्षण से प्राप्त व्यापक आंकड़े एनीमिया मुक्त भारत अभियान को और मजबूत बनाने में मदद करेंगे।

आईसीएमआर-राष्ट्रीय पोषण संस्थान (एनआईएन) की निदेशक डॉ. भारती कुलकर्णी ने कहा कि ये निष्कर्ष एनीमिया की रोकथाम और प्रबंधन के लिए अधिक लक्षित तथा आयु वर्ग के अनुरूप रणनीति बनाने में मददगार होंगे। साथ ही, इससे उन क्षेत्रों की पहचान भी हो सकेगी, जहां आगे और शोध तथा बेहतर निगरानी की जरूरत है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Powered By Sangraha 9.0