उत्तर रेलवे और एमसीडी का संयुक्त अभियान, दया बस्ती स्टेशन एवं यार्ड से हटाया गया 70 टन कचरा

23 Nov 2026 18:45:53
दया बस्ती रेलवे स्टेशन और यार्ड की रेलवे लाइनों के किनारे जमा कचरा हटाया गया।


नई दिल्ली, 23 नवंबर (हि.स.)। उत्तर रेलवे के दिल्ली मंडल और दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने संयुक्त अभियान चलाकर दया बस्ती रेलवे स्टेशन और यार्ड की रेलवे लाइनों के किनारे जमा करीब 70 टन कचरा हटाया। यह अभियान 22 नवंबर की रात चलाया गया।

उत्तर रेलवे के अनुसार, रेलवे पटरियों के आसपास जमा कचरे के कारण गंदगी फैलने के साथ जलभराव की समस्या भी उत्पन्न होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए रेलवे और एमसीडी की संयुक्त टीमों ने रात्रिकालीन विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान मशीनों और सफाई कर्मचारियों की मदद से रेलवे ट्रैक के किनारे जमा कचरे को हटाया गया।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, इस अभियान का उद्देश्य रेलवे ट्रैक और स्टेशन परिसर को स्वच्छ एवं सुरक्षित बनाए रखना है। संयुक्त अभियान रेलवे और नागरिक निकायों के बीच बेहतर समन्वय का उदाहरण है।

उत्तर रेलवे ने रेल यात्रियों और आम नागरिकों से रेलवे ट्रैक एवं स्टेशन परिसरों में कचरा नहीं फैलाने तथा स्वच्छ भारत अभियान में सहयोग करने की अपील की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / माधवी त्रिपाठी

Powered By Sangraha 9.0