तेलंगाना में भाजपा की महा पदयात्रा आज, करीमनगर में तैयारियां पूरी, नितिन करेंगे 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' का उद्घोष

23 Nov 2026 07:47:53
भाजपा के एक्स हैंडल में इस कार्यक्रम की जानकारी साझा की गई है।


करीमनगर (तेलंगाना), 23 नवंबर (हि.स.)। तेलंगाना के उत्तर-मध्य भाग में मनैर नदी के तट पर बसा करीमनगर आज भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की महा पदयात्रा (लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ) का गवाह बनने जा रहा है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन इसमें शामिल होने के लिए दोपहर को पहुंच रहे हैं। करीमनगर कलेक्ट्रेट के पास बने हेलीपैड पर उतरने के बाद वे सीधे गांधी प्रतिमा के पास पहुंचेंगे। यहां से महा पदयात्रा शुरू होगी। नितिन वैश्य भवन में विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के दौरे को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

भाजपा के एक्स हैंडल पर उपलब्ध सूचना के अनुसार, पार्टी अध्यक्ष नितिन नवीन वैश्य भवन के पास इस यात्रा में दोपहर पौने दो बजे शामिल होंगे। उनके संबोधन के बाद पदयात्रा शुरू होगी। यह पदयात्रा वैश्य भवन, राजीव चौक, टावर सर्किल, घड़ियाल सेंटर, शास्त्री रोड और भारत टॉकीज होते हुए कमान चौरस्ता तक पहुंचेगी। शाम को यहां से वह हैदराबाद के लिए प्रस्थान करेंगे। वहां से दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

नितिन नवीन पहली बार करीमनगर आ रहे हैं। इस अवसर पर लगभग एक लाख लोगों की भागीदारी के साथ भव्य महा पदयात्रा आयोजित करने के लिए केंद्रीय मंत्री बंडी संजय कुमार ने बड़े पैमाने पर तैयारियां की हैं। पिछले तीन दिनों से वे पार्टी नेताओं के साथ लगातार बैठकें कर रहे हैं। इन बैठकों में उन्होंने लोगों को जुटाने, पदयात्रा की व्यवस्था, शहर की सजावट और बैनर व होर्डिंग लगाने जैसे विषयों पर दिशा-निर्देश दिए हैं।

बंडी संजय कुमार ने पदयात्रा स्थल का दौरा कर तैयारियों का जायजा लिया है। समूचे करीमनगर को स्वागत द्वारों और पार्टी के झंडों से सजाया गया है। सड़कों के दोनों ओर रंग-बिरंगे बैनर, कट-आउट और होर्डिंग लगाए गए हैं। इससे शहर में उत्सव जैसा माहौल है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के लिए विशेष और भव्य इंतजाम किए हैं। तेलंगाना के लोक कलाकार पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रमों, लोकगीतों और जोश से भरे डप्पू नृत्यों के साथ उनका भव्य स्वागत करेंगे।

महा पदयात्रा मार्ग पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रमों की व्यवस्था की गई है। प्रसिद्ध लेखक आकुला नागेश्वर राव के नेतृत्व में कलाकारों की एक टीम लोकगीतों और पारंपरिक प्रस्तुतियों के माध्यम से लोगों का मनोरंजन करेगी। पदयात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए पूरे मार्ग में परिवहन और पीने के पानी की विशेष व्यवस्था की गई है। एक लाख से अधिक छाछ के पैकेटों का इंतजाम किया गया है।विभिन्न सामाजिक संगठनों और समुदायों ने भी रास्ते में विशेष काउंटर लगाने की घोषणा की है। इन काउंटरों पर पानी, छाछ और नाश्ता उपलब्ध कराया जाएगा।

केंद्रीय गृह राज्यमंत्री बंडी संजय कुमार ने विश्वास जताया कि करीमनगर में नितिन नवीन के नेतृत्व में होने वाली महा पदयात्रा इतिहास रचेगी । उन्होंने कहा कि कांग्रेस और इंडी गठबंधन के नेता एसआईआर के नाम पर संवैधानिक संस्थाओं पर हमला कर रहे हैं और देश की प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचा रहे हैं। इसके विरोध में भाजपा का राष्ट्रीय नेतृत्व देशभर के 40 स्थानों पर लोकतंत्र बचाओ –अराजकता हटाओ उद्घोष के साथ महा पदयात्रा और रैलियां आयोजित कर रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

Powered By Sangraha 9.0