मोदी कहीं नहीं जाएंगे, 2029 में भी लाल किले पर नजर आएंगे: नितिन नवीन

23 Nov 2026 18:12:53
करीमनगर में भाजपा की पदयात्रा में नितिन नवीन


हैदराबाद, 23 नवंबर (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व पर भरोसा जताते हुए कहा कि वह कहीं जाने वाले नहीं हैं। वर्ष 2029 में भी वह लाल किले की प्राचीर पर नजर आएंगे। उन्होंने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि वह सपने देखते रहें, देश के युवा, किसान, महिलाएं, श्रमिक और समाज का हर वर्ग प्रधानमंत्री मोदी के साथ खड़ा है।

नितिन नवीन ने सोमवार को तेलंगाना के करीमनगर में पार्टी द्वारा आयोजित ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ महापदयात्रा में भाग लिया। पदयात्रा में केंद्रीय गृह राज्य मंत्री बंडी संजय कुमार, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष रामचंद्र राव, प्रदेश प्रभारी सुनील बंसल सहित पार्टी के विधायक, नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता भी शामिल हुए।

महापदयात्रा से पहले आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि वर्ष 2014 में देश की जनता ने नरेन्द्र मोदी को जनादेश दिया था और वह राष्ट्रसेवा के लिए समर्पित सेवक के रूप में काम कर रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसने सेवक की अवधारणा को कभी नहीं समझा। कांग्रेस के लिए राजनीति सत्ता और विशेषाधिकार का विषय है और सत्ता केवल लूटने का एक माध्यम है, जबकि भाजपा के लिए सत्ता व्यक्तिगत लाभ नहीं, बल्कि जनसेवा का माध्यम है।

नितिन नवीन ने तेलंगाना में भाजपा की राजनीतिक संभावनाओं को लेकर भी विश्वास जताया। उन्होंने कहा कि राज्य की मौजूदा सरकार की उल्टी गिनती शुरू हो चुकी है। भाजपा कार्यकर्ता अब सरकार की जवाबदेही तय करेंगे।

भाजपा अध्यक्ष ने राहुल गांधी पर देश की छवि खराब करने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह देश के भीतर और विदेशों में भी भारत का अपमान करते हैं। राहुल गांधी जहां भी जाते हैं, भारत की अर्थव्यवस्था को लेकर नकारात्मक बातें करते हैं।

नितिन नवीन ने कहा कि भारत की अर्थव्यवस्था और विकास वैश्विक स्तर पर लगातार आगे बढ़ रहा है। उनके मुताबिक, भारत फ्रेजाइल फाइव से निकलकर दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुका है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / Dev Kumar Pukhraj

Powered By Sangraha 9.0