
कोलकाता, 23 नवंबर (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा के पुस्तकालय से डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का ऐतिहासिक भाषण गायब होने के मामले ने राज्य की राजनीति में नया विवाद खड़ा कर दिया है। मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने सोमवार को चेतावनी दी कि यदि ऐतिहासिक दस्तावेज गायब होने का आरोप सही पाया जाता है, तो पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के तत्कालीन विधानसभा अध्यक्ष बिमान बनर्जी, विधानसभा सचिव, संबंधित अधिकारियों और पुस्तकालयाध्यक्षों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। उन्होंने जरूरत पड़ने पर मामले की जांच अपराध जांच विभाग (सीआईडी) को सौंपने की भी बात कही।
मुख्यमंत्री ने नवान्न में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी का यह भाषण पश्चिम बंगाल के गठन और 1947 में हुए बंगाल विभाजन के इतिहास को समझने के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण है। इसमें उन परिस्थितियों का उल्लेख है, जिनके बीच बंगाल का विभाजन हुआ और पश्चिम बंगाल एक अलग राज्य के रूप में अस्तित्व में आया।
उन्होंने कहा कि विधानसभा जैसे महत्वपूर्ण संवैधानिक संस्थान के पुस्तकालय से इस तरह के प्रामाणिक ऐतिहासिक दस्तावेज का गायब होना गंभीर मामला है। यदि दस्तावेज को जानबूझकर हटाया गया है या उसकी वापसी में लापरवाही बरती गई है, तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
यह पूरा मामला तब सामने आया, जब विक्टोरिया कॉलेज के प्रोफेसर कृष्ण सरकार 20 जून, 1947 के विधानसभा अभिलेखों की तलाश में विधानसभा पुस्तकालय पहुंचे थे। उन्हें मौलाना अबुल कलाम आजाद इंस्टीट्यूट ऑफ एशियन स्टडीज में 'विभाजन और हिंदुओं की मातृभूमि के रूप में पश्चिम बंगाल का गठन' विषय पर व्याख्यान तैयार करना था। इसके लिए उन्हें डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के ऐतिहासिक भाषण की आवश्यकता थी।
हालांकि, काफी खोजबीन के बावजूद पुस्तकालय में संबंधित पुस्तक उपलब्ध नहीं हो सकी और उन्हें निराश होकर लौटना पड़ा। इसके बाद विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय के एक अधिकारी ने भी दस्तावेज की तलाश की।
बताया जा रहा है कि पुस्तकालय प्रबंधन ने अधिकारी को जानकारी दी कि संबंधित पुस्तक पहले किसी व्यक्ति को जारी की गई थी, लेकिन उसे वापस नहीं किया गया। हालांकि, बाद में 20 जून 1947 को आयोजित विधानसभा सत्र की कार्यवाही का विवरण (मिनट्स) खोजकर उपलब्ध करा दिया गया।
इस घटनाक्रम के बाद ऐतिहासिक पुस्तक और भाषण के गायब होने का मामला पुस्तकालय अधिकारियों के संज्ञान में आया और अब इसने राजनीतिक तूल पकड़ लिया है।
सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके पास डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के भाषण की एक प्रति मौजूद है, जिसे वह विधानसभा के रिकॉर्ड में जमा करवाएंगे। उन्होंने कहा कि मेरे पास इसकी एक प्रति है, जिसे मैं रिकॉर्ड के लिए जमा करवा दूंगा। हमें यह पुस्तकालय में नहीं मिली। चार दिसंबर को विधानसभा सत्र शुरू होने पर मैं इस मामले को देखूंगा। यदि वास्तव में गायब हुई है, तो तत्कालीन पुस्तकालयाध्यक्ष, अधिकारियों, सचिव और पूर्व अध्यक्ष के खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। मामले की जांच होगी और जरूरत पड़ने पर सीआईडी जांच अपने हाथ में लेगी।
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने यह भी स्पष्ट किया कि विधानसभा सत्र शुरू होने के बाद वह स्वयं पुस्तकालय जाकर पूरे मामले की जानकारी लेंगे और दस्तावेजों की उपलब्धता की जांच करेंगे।
अब सबकी नजरें 4 दिसंबर से शुरू होने वाले विधानसभा सत्र पर टिकी हैं। मुख्यमंत्री के पुस्तकालय का दौरा करने और जांच के निर्देश देने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि दस्तावेज वास्तव में गायब है, किसी के पास जारी होने के बाद वापस नहीं आया या फिर रिकॉर्ड प्रबंधन में कोई चूक हुई है।--------------
हिन्दुस्थान समाचार / ओम पराशर