एम्स की कार्यशाला में बच्चों में टाइप-1 डायबिटीज की शुरुआती पहचान पर जोर

युगवार्ता    23-Nov-2026
Total Views |
एम्स के निदेशक एवं एंडोक्राइनोलॉजी और मेटाबॉलिज्म विभाग के प्रमुख प्रो. निखिल टंडन


नई दिल्ली, 23 नवंबर (हि.स.)। बच्चों और किशोरों में टाइप-1 डायबिटीज की समय पर पहचान, बेहतर उपचार और जीवनभर प्रभावी प्रबंधन को लेकर एम्स और एचआरआईडीएवाई (ह्रदय) ने सोमवार को राष्ट्रीय स्तर का कार्यक्रम आयोजित किया। ‘बियॉन्ड डायग्नोसिस: लिविंग वेल विद टाइप-1 डायबिटीज एट होम, इन स्कूल्स एंड कम्युनिटीज’ विषय पर आयोजित इस कार्यक्रम में सरकारी प्रतिनिधियों, विशेषज्ञ डॉक्टरों, स्वास्थ्यकर्मियों, शिक्षकों, अभिभावकों, विद्यार्थियों और इस बीमारी के साथ जीवन जी रहे लोगों ने हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय में बाल स्वास्थ्य एवं राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम की प्रभारी उप आयुक्त डॉ. शोभना गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। एम्स के निदेशक एवं एंडोक्राइनोलॉजी और मेटाबॉलिज्म विभाग के प्रमुख प्रो. निखिल टंडन तथा ह्रदय की कार्यकारी निदेशक प्रो. मोनिका अरोड़ा भी मौजूद रहीं।

कार्यक्रम में विशेषज्ञों ने कहा कि टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों के लिए केवल बीमारी की पहचान और उपचार पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें अपनी बीमारी को समझने और उसका आत्मविश्वास के साथ प्रबंधन करने में सक्षम बनाना भी जरूरी है। इसके लिए परिवार, स्कूल, स्वास्थ्य व्यवस्था और समाज की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है। आरबीएसके 2.0 के दिशा-निर्देशों में शामिल हुई शुरुआती पहचान

कार्यक्रम का एक महत्वपूर्ण पहलू राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके ) 2.0 के वर्ष 2026 के संचालन दिशा-निर्देशों में टाइप-1 डायबिटीज की स्क्रीनिंग को शामिल किया जाना रहा। इन दिशा-निर्देशों में बीमारी के शुरुआती लक्षणों को पहचानने पर जोर दिया गया है। इसके लिए '4T' संकेतों का उल्लेख किया गया है। इनमें टॉयलेट (बार-बार पेशाब आना), थर्स्टी (अधिक प्यास लगना), टायर्ड (थकान महसूस होना) और थिनर (वजन कम होना) शामिल हैं।

इन लक्षणों की पहचान के साथ मौके पर ही ब्लड ग्लूकोज जांच और बच्चों को जिला अस्पतालों के गैर-संचारी रोग (एनसीडी) क्लीनिक में रेफर करने की व्यवस्था का प्रावधान किया गया है। विशेषज्ञों के अनुसार, इससे बच्चों में बीमारी की समय रहते पहचान और उपचार तक पहुंच आसान होगी।

इंसुलिन और नियमित जांच के साथ स्वस्थ दिनचर्या जरूरी

प्रो. निखिल टंडन ने कहा कि टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों को अपनी बीमारी के बारे में सही जानकारी देना और उन्हें इसके प्रबंधन के लिए तैयार करना जरूरी है। इंसुलिन का नियमित उपयोग, ब्लड ग्लूकोज की निगरानी, संतुलित आहार और शारीरिक गतिविधियां रोजमर्रा की देखभाल का अहम हिस्सा हैं। परिवार और स्कूलों का सहयोग मिले तो ऐसे बच्चे भी सक्रिय, स्वस्थ और खुशहाल जीवन जी सकते हैं।

ह्रदय की कार्यकारी निदेशक प्रो. मोनिका अरोड़ा ने कहा कि आज की जीवनशैली का दीर्घकालिक स्वास्थ्य पर गहरा प्रभाव पड़ता है। शारीरिक गतिविधियों की कमी, अस्वस्थ खानपान, पर्याप्त नींद न लेना और बढ़ता तनाव गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का कारण बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि टाइप-1 डायबिटीज से पीड़ित बच्चों के लिए ऐसा वातावरण तैयार करना जरूरी है, जहां इंसुलिन प्रबंधन और स्वस्थ आदतें उनकी रोजमर्रा की जिंदगी का हिस्सा बन सकें।

14 से बढ़कर 250 से अधिक हुए अनुभव साझा करने वाले एंबेसडर

कार्यक्रम में ह्रदय के नेतृत्व और बियोंड टाइप 1 के सहयोग से संचालित 'ग्रासरूट्स टू ग्लोबल इंडिया इनिशिएटिव' की उपलब्धियां भी साझा की गईं।

उल्लेखनीय है कि इस पहल का उद्देश्य देशभर में टाइप-1 डायबिटीज के प्रति जागरूकता बढ़ाना, उपचार तक पहुंच मजबूत करना और बीमारी के साथ जीवन जी रहे लोगों को समुदाय स्तर पर सहयोग देना है।

इस पहल के पहले चरण में 14 लाख से अधिक लोगों तक पहुंच बनाई गई, जबकि दूसरे चरण में अब तक करीब दो लाख लोगों को जोड़ा जा चुका है। इसके तहत बीमारी के साथ अपने अनुभव साझा करने वाले एंबेसडरों का नेटवर्क 14 से बढ़कर 250 से अधिक हो गया है। एक राष्ट्रीय और पांच क्षेत्रीय समन्वयक इस अभियान को आगे बढ़ा रहे हैं।

कार्यक्रम में स्कूलों की भूमिका पर भी चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने कहा कि स्कूलों में बच्चों को बिना किसी भेदभाव के इंसुलिन लेने, ब्लड शुगर जांचने और खेलकूद जैसी गतिविधियों में भाग लेने की सुविधा मिलनी चाहिए। साथ ही शिक्षकों और अभिभावकों को बीमारी के प्रबंधन के प्रति जागरूक करना भी जरूरी है।

कार्यक्रम के दौरान मिथक बनाम तथ्य पर संवाद, योग सत्र, प्रदर्शनी, बच्चों और अभिभावकों के लिए स्वास्थ्य जांच एवं परामर्श आयोजित किए गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Tags