अयोध्या से जनकपुरधाम पहुंची ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’, भारत-नेपाल के बीच शुरू हुई रामायण सर्किट रेल सेवा

24 Nov 2026 11:58:53
जनकपुर अयोध्या रेल जनकपुरधाम पहुंचा


काठमांडू, 24 नवंबर (हि.स.)। भारत और नेपाल के बीच धार्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने की दिशा में शुरू की गई ‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ मंगलवार सुबह नेपाल के जनकपुरधाम पहुंच गई। भारत के अयोध्या से रवाना हुई यह ट्रेन मंगलवार सुबह 9 बजकर 40 मिनट पर जनकपुरधाम रेलवे स्टेशन पहुंची। ट्रेन के पहुंचने पर यात्रियों का फूल-मालाओं और भारत-नेपाल के राष्ट्रीय ध्वज के साथ स्वागत किया गया।

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की भारत यात्रा के दौरान सोमवार को भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शाह ने संयुक्त रूप से इस रेल सेवा का उद्घाटन किया । यह सोमवार दोपहर करीब 12:30 बजे ट् अयोध्या से जनकपुरधाम के लिए रवाना हुई । करीब 21 घंटे की यात्रा पूरी करने के बाद ट्रेन जनकपुरधाम पहुंची। ट्रेन में सवार यात्रियों के आगमन को लेकर जनकपुरधाम में उत्साह का माहौल रहा। स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं और दोनों देशों के झंडों के साथ यात्रियों का स्वागत किया।

‘सरयू-कमला एक्सप्रेस’ रेल सेवा को भारत और नेपाल के बीच धार्मिक पर्यटन तथा सांस्कृतिक संपर्क बढ़ाने की महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है। इसके माध्यम से अयोध्या और जनकपुर जैसे रामायण परंपरा से जुड़े प्रमुख धार्मिक स्थलों के बीच संपर्क को बढ़ावा मिलेगा। अयोध्या भगवान श्रीराम की जन्मभूमि है। जनकपुरधाम को माता सीता की जन्मभूमि माना जाता है। रामायण परंपरा में दोनों शहरों का विशेष धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व है।

इस रेल सेवा से दोनों देशों के श्रद्धालुओं और पर्यटकों को धार्मिक स्थलों की यात्रा में सुविधा मिलने की उम्मीद है। साथ ही, भारत और नेपाल के बीच पर्यटन, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और जनस्तर पर संपर्क को भी बढ़ावा मिल सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वालेन्द्र शाह के संयुक्त उद्घाटन के बाद ट्रेन का जनकपुरधाम पहुंचना दोनों देशों के बीच रेल संपर्क और धार्मिक पर्यटन सहयोग की दिशा में एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0