
ढाका (बांग्लादेश), 24 नवंबर (हि.स.)। अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के दिसंबर में देश लौटने की घोषणा के बाद मची हिंसा और राजनीतिक अस्थिरता के बाद घबराई सरकार ने विपक्षी नेताओं से मंत्रणा शुरू कर दी है। दूसरी ओर प्रतिबंधित अवामी लीग के नेताओं और अन्य के खिलाफ शिकंजा कसा जा रहा है। इस बीच अंतरिम सरकार के पूर्व मुख्य सलाहकार प्रोफेसर मोहम्मद यूनुस ने आरोप लगाया है कि नवंबर की शुरुआत से ही ग्रामीण बैंक की शाखाओं पर लगभग हर दिन पेट्रोल बम से हमले किए जा रहे हैं। अकेले इसी महीने देश भर में बैंक की लगभग 100 शाखाओं पर इसी तरह से हमले किए गए हैं। इस सबके बीच पुलिस ने एक और पूर्व सांसद को गिरफ्तार किया है।
प्रोथोम अलो की रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेश के जेस्सोर-6 निर्वाचन क्षेत्र के पूर्व सांसद मो. अजीजुल इस्लाम को डिटेक्टिव ब्रांच (डीबी) पुलिस ने लालमाटिया से गिरफ्तार किया है। उन्हें सोमवार दोपहर गिरफ्तार किया गया। डीबी पुलिस के तेजगांव डिवीजन के डिप्टी कमिश्नर जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद अजीजुल इस्लाम को डीबी कार्यालय लाया गया।
गिरफ्तार पूर्व सांसद अजीजुल इस्लाम 33 वर्ष के हैं। उनका घर जेस्सोर के केशवपुर में है। डीबी पुलिस के अनुसार, जेस्सोर में अजीजुल के खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। अजीजुल इस्लाम ने 2024 के 12वें राष्ट्रीय संसदीय चुनाव में जेस्सोर-6 (केशवपुर) निर्वाचन क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में जीत हासिल की थी। उन्होंने अवामी लीग के उम्मीदवार और जेस्सोर जिला अवामी लीग के महासचिव शाहीन चकलादर को हराया था।
माना जाता है कि अजीजुल इस्लाम को केशवपुर की पूर्व सांसद और पूर्व लोक प्रशासन राज्यमंत्री दिवंगत इस्मत आरा सादेक का समर्थन प्राप्त था। अजीजुल इस्लाम एक समय वे केशवपुर उपजिला में 'छात्र लीग' के संयुक्त संयोजक थे। बाद में, वे जिला परिषद के सदस्य के रूप में चुने गए । बांग्लादेश में छात्र लीग अब प्रतिबंधित है।
अंतरिम सरकार के पूर्व मुख्य सलाहकार प्रो. यूनुस ने ग्रामीण बैंक की शाखाओं पर हो रहे हमलों को रोकने और इसके लिए जिम्मेदार लोगों को जल्द से जल्द सजा दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। प्रोफेसर के अनुसार, बैंक शाखाओं पर हमले के दौरान 'जय बांग्ला' के नारे लगाए जा रहे हैं। इस माह अब तक 100 शाखाओं पर हमले हो चुके हैं। यूनुस ने ग्रामीण बैंक पर हो रहे लगातार हमलों को गरीब महिलाओं की सुरक्षा और आजादी, तथा उनके बच्चों के भविष्य पर सीधा हमला बताया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण बैंक के 1.1 करोड़ (11 मिलियन) कर्जदारों में से 97 प्रतिशत महिलाएं हैं। बैंक का लोन रिकवरी रेट 95 प्रतिशत से अधिक है। उन्होंने कहा कि ये महिला कर्जदार ही बैंक की मालिक हैं। प्रोफेसर यूनुस ने यह भी स्पष्ट किया कि ग्रामीण बैंक के के 90 प्रतिशत शेयर कर्जदारों के पास हैं, जबकि बाकी 10 प्रतिशत शेयर सरकार के पास हैं। उन्होंने स्वीकार किया कि अवामी लीग सरकार ने 2011 में उन्हें ग्रामीण बैंक के प्रबंध निदेशक के पद से हटा दिया था।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद