तमिलनाडु में कपड़ा क्षेत्र को मिलेगी नई रफ्तार, गिरिराज सिंह ने बुनकर कल्याण और निर्यात बढ़ाने पर दिया जोर

24 Nov 2026 18:06:53
केन्द्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह समेत अन्य लोग मौजूद।


नई दिल्ली, 24 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने तमिलनाडु के दो दिवसीय दौरे में राज्य में कपड़ा और रेशम उत्पादन क्षेत्र की पहलों की गहन समीक्षा की। उन्होंने औद्योगिक विकास, बुनकरों की आय बढ़ाने, उत्पाद विविधीकरण और कपड़ा निर्यात को प्रोत्साहित करने पर विशेष जोर दिया।

गिरिराज सिंह ने दौरे के अंतिम दिन मंगलवार को चेन्नई में केंद्र और राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों एवं उद्योग प्रतिनिधियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। बैठक में विरुधुनगर स्थित 'पीएम मित्र पार्क' की प्रगति, कांचीपुरम के रेशम उत्पादों के विविधीकरण, नए जमाने के फाइबर (न्यू-एज फाइबर) को बढ़ावा देने और सफल कांचीपुरम क्लस्टर मॉडल को अन्य कपड़ा क्षेत्रों में लागू करने पर विस्तार से चर्चा हुई। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय बाजार में भारत की प्रतिस्पर्धात्मकता को मजबूत करने के लिए एक समन्वित दृष्टिकोण अपनाने की आवश्यकता जताई। इससे पहले उन्होंने सोमवार को चेन्नई में 27वें अंतरराष्ट्रीय सेरीकल्चर एवं सिल्क इंडस्ट्री कांग्रेस और सिल्क मार्क एक्सपो 2026 के उद्घाटन के बाद कांचीपुरम का दौरा किया।

मंत्री ने 'पेरारिग्नार अन्ना हैंडलूम सिल्क पार्क' में हथकरघा इकाइयों का निरीक्षण किया और प्रकाश सिल्क्स एंड साड़ियों के उत्पादों को देखा। उन्होंने बुनकरों और निदेशक मंडल के साथ बातचीत कर उनकी समस्याएं और उपलब्ध सुविधाएं जानीं। उन्होंने कहा कि कांचीपुरम की समृद्ध रेशम विरासत को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के लिए बेहतर बुनियादी ढांचा और बाजार के नए अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

मंत्री ने सिरुकाबेरीपक्कम स्थित सेंट्रल सिल्क बोर्ड के क्षेत्रीय रेशम तकनीकी अनुसंधान केंद्र का भी दौरा किया। यहां उन्होंने सीएसबी परीक्षण केंद्र में जारी परीक्षण सुविधाओं का जायजा लिया और गुणवत्ता मानकों को बेहतर बनाने के प्रयासों की जानकारी ली।

गिरिराज सिंह ने 'एक पेड़ माँ के नाम' अभियान के तहत सेंट्रल सिल्क बोर्ड परिसर में पौधारोपण भी किया और सतत विकास का संदेश दिया। उन्होंने दोहराया कि सरकार 'आत्मनिर्भर भारत' और 'विकसित भारत' के संकल्प के साथ बुनियादी ढांचे, नवाचार एवं बुनकरों के कल्याण के जरिए देश की कपड़ा मूल्य शृंखला को मजबूत करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

बैठक में तमिलनाडु के हथकरघा एवं कपड़ा सचिव आर. लिली, सेरीकल्चर निदेशक आर. सधीश, सिपकोट के एमडी एसए रमन, हथकरघा निदेशक पी. उमा माहेश्वरी, केंद्रीय कपड़ा मंत्रालय की अतिरिक्त विकास आयुक्त स्वयंप्रभा पानी, निदेशक अनिल कुमार और सेंट्रल सिल्क बोर्ड के सदस्य सचिव पी. शिवकुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रद्धा द्विवेदी

Powered By Sangraha 9.0