नितिन नवीन ने गुरु नानक जयंती पर गुरुद्वारा रकाबगंज में माथा टेका

24 Nov 2026 15:51:53
अरदास करते हुए भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन


नई दिल्ली, 24 नवंबर (हि.स.)। गुरु नानक देव जी की 557वीं जयंती के अवसर पर भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने मंगलवार को दिल्ली स्थित गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब में माथा टेका। उन्होंने गुरुद्वारे में अरदास की और कीर्तन भी सुना।

इस अवसर पर दिल्ली भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा और दिल्ली सरकार के मंत्री सरदार मनजिंदर सिंह सिरसा भी उनके साथ मौजूद रहे। गुरुद्वारा प्रबंधन की ओर से सिख परंपरा के अनुसार नितिन नवीन को सम्मान स्वरूप सरोपा भेंट किया गया।

गुरुद्वारा परिसर में उपस्थित संगत को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने मानवता को 'एक ओंकार, एक ज्योति' का संदेश दिया। उन्होंने जात-पात, ऊंच-नीच और भेदभाव को मिटाकर समाज को 'नाम जपो, कीरत करो, वंड छको' का मार्ग दिखाया। गुरुजी की शिक्षाएं आज भी मानवता, समानता, सेवा और परोपकार की प्रेरणा देती हैं।

उन्होंने कहा कि मोदी सरकार गुरु नानक देव जी के आदर्शों पर चलते हुए अंत्योदय और 'सबका साथ, सबका विकास' के मंत्र को साकार करने की दिशा में काम कर रही है। गुरु नानक देव की जयंती पर कामना है कि उनका प्रकाश सभी के जीवन को करुणा, परिश्रम और परोपकार से आलोकित करे तथा भारत विश्वगुरु बने।

हर्ष मल्होत्रा ने भी गुरु नानक जयंती पर दिल्लीवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि गुरु जी ने प्रेम, भाईचारे और सेवा का संदेश दिया। दिल्ली भाजपा उनके आदर्शों पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक सेवा पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने संगत को प्रकाश पर्व की बधाई देते हुए कहा कि गुरु नानक देव जी का संदेश 'सबका भला' ही सरकार का संकल्प है। उन्होंने कहा कि गुरुद्वारों की मर्यादा और सिख विरासत के संरक्षण के लिए सरकार सदैव तत्पर है।

इस मौके पर दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के अध्यक्ष सरदार हरमीत सिंह कालका ने नितिन नवीन का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि गुरु नानक देव जी के दिखाए मार्ग पर चलकर ही देश एकता और भाईचारे की डोर में बंध सकता है।

कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक आशीष ऊषा अग्रवाल, विधायक सरदार तरविंदर सिंह मारवाह, निगम पार्षद योगिता सिंह, पंजाबी एकेडमी के उपाध्यक्ष सरदार इमप्रीत सिंह बख्शी, दिल्ली भाजपा प्रवक्ता यासिर जिलानी सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और संगत उपस्थित रहे।

-------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Powered By Sangraha 9.0