
मुंबई, 24 नवंबर (हि.स.)। एचएसबीसी इंडिया ने गोल्फ लीग के पांचवें सत्र का ऐलान कर दिया है। इस बार लीग का आयोजन देश के 15 शहरों में कुल 18 प्रतियोगिताओं के रूप में किया जाएगा। पिछले सत्र में 11 शहरों में 13 टूर्नामेंट आयोजित किए गए थे। नए सत्र का समापन लीग के इतिहास के अब तक के सबसे बड़े फाइनल के साथ होगा।
मुंबई के बॉम्बे प्रेसिडेंसी गोल्फ क्लब में आयोजित कार्यक्रम में पूर्व भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह, एशियन टूर के 11 बार के विजेता गोल्फर गगनजीत भुल्लर, एशियाई खेलों की स्वर्ण पदक विजेता प्रणवी उर्स और एचएसबीसी इंडिया में इंटरनेशनल वेल्थ एंड प्रीमियर बैंकिंग के तहत कस्टमर्स, डिजिटल एवं मार्केटिंग विभाग के प्रमुख जसविंदर सोढ़ी ने पांचवें सत्र का शुभारंभ किया।
लीग के विजेताओं को इस बार खास अवसर मिलेगा। उन्हें स्कॉटलैंड के सेंट एंड्रयूज में आयोजित होने वाली 155वीं ओपन चैंपियनशिप में एचएसबीसी की मेजबानी का अनुभव करने का मौका मिलेगा। यह प्रतिष्ठित प्रतियोगिता 11 से 18 जुलाई 2027 तक आयोजित होगी। खास बात यह है कि 2027 में इस चैंपियनशिप के दौरान बॉबी जोन्स की 1927 में ओल्ड कोर्स पर दर्ज की गई ओपन जीत के 100 वर्ष भी पूरे होंगे।
जसविंदर सोढ़ी ने कहा कि खेल लोगों को प्रेरित करने, जोड़ने और नई संभावनाएं पैदा करने का माध्यम है। एचएसबीसी का लक्ष्य भारत में गोल्फ की लोकप्रियता बढ़ाना, जमीनी स्तर पर युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करना और इस खेल को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि पांचवें सत्र में लीग पहले से ज्यादा शहरों में पहुंचेगी और इसका समापन गोल्फ के ऐतिहासिक केंद्र सेंट एंड्रयूज की यादगार यात्रा के साथ होगा।
पांचवें सत्र के सभी मुकाबले स्ट्रोक प्ले प्रारूप में खेले जाएंगे। खिलाड़ियों की हैंडीकैप गणना सिंगल पियोरिया प्रणाली के आधार पर होगी। सभी 18 प्रतियोगिताओं के स्कोर एचएसबीसी इंडिया के लिए थ्राइव द्वारा विकसित 'द गोल्फ लीग' डिजिटल प्लेटफॉर्म पर दर्ज किए जाएंगे।
-----------------------
हिन्दुस्थान समाचार / आकाश कुमार राय