जेन्सेन हुआंग की एनवीडिया में वापसी वैश्विक बाजारों के इतिहास के सबसे दूरगामी फैसलों में से एक: उदय कोटक

24 Nov 2026 18:41:53
कोटक महिंद्रा बैंक के संस्थापक उदय कोटक का फाइल फोटो


नई दिल्ली, 24 नवंबर (हि.स.)। कोटक महिंद्रा बैंक के संस्थापक उदय कोटक ने मंगलवार को एनवीडिया के संस्थापक जेन्सेन हुआंग की मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) के पद पर दोबारा नियुक्ति को वैश्विक बाजारों के इतिहास के सबसे दूरगामी फैसलों में से एक बताया।

उदय कोटक ने ‘एक्स’ पर जारी पोस्ट में लिखा, जेन्सेन हुआंग की वापसी के फैसले के बाद चिप विनिर्माता एनवीडिया का बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) एक लाख करोड़ डॉलर और अमेरिकी बाजार का बाजार मूल्य चार लाख करोड़ डॉलर बढ़ गया है। उन्होंने कहा कि इस फैसले के पीछे कृत्रिम मेधा (एआई) की दौड़ में अमेरिका को आगे रखने का एक स्पष्ट राजनीतिक और आर्थिक एजेंडा है।

कोटक ने अपनी पोस्ट में आगे लिखा है, ‘‘हुआंग की एनवीडिया के सीईओ के रूप में वापसी वैश्विक बाजारों के इतिहास के सबसे दूरगामी फैसलों में से एक है।’’ उन्होंने कहा कि यह फैसला सही हो या गलत, दुनिया को संदेश देता है कि वैश्विक शक्ति की राजनीति में खेल के नियम लचीले होते हैं। कोटक ने कहा, ‘‘जब हाथी नाचते हैं तो हर कोई उन्हें जगह देने के लिए खिसक जाता है।’’

इससे पहले एनवीडिया ने सोमवार को ऐलान किया था कि उसके निदेशक मंडल के सर्वसम्मत फैसले के बाद हुआंग तत्काल प्रभाव से कंपनी के अध्यक्ष, सीईओ और निदेशक मंडल के सदस्य के रूप में लौट आए हैं। हुआंग ने एक विवाहेत्तर संबंध उजागर होने से उपजे विवाद के बाद 12 नवंबर को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद कंपनी की मुख्य वित्त अधिकारी (सीएफओ) कोलेट क्रेस को अंतरिम सीईओ की जिम्मेदारी सौंपी गई थी, हार्वे जोन्स को निदेशक मंडल का पहला अध्यक्ष बनाया गया था।

जेन्सेन हुआंग की एनवीडिया में वापसी से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने रविवार रात सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म मंच ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट कर उन्हें फिर से सीईओ नियुक्त किए जाने की उम्मीद जताई थी। ट्रंप ने कहा था कि उनकी वापसी कंपनी और देश, दोनों के हित में होगी। एनवीडिया के निदेशक मंडल ने कहा कि अमेरिकी सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों से सुझाव मिलने के बाद हुआंग के साथ कई दौर की बातचीत की गई। आखिर में निदेशक मंडल ने उनके नेतृत्व पर भरोसा जताया।

उल्लेखनीय है कि इस घटनाक्रम के बाद एनवीडिया के शेयरों में 30 फीसदी से अधिक की तेजी आई। वहीं, क्लाउड कंप्यूटिंग कंपनियों कोरवीव और नेबियस के शेयर भी 30 फीसदी से अधिक चढ़ गए। इससे चिप विनिर्माता एनवीडिया का मार्केट कैप एक ट्रिलियन डॉलर और अमेरिकी बाजार का मार्केट कैप चार ट्रिलियन डॉलर तक पहुंच गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रजेश शंकर

Powered By Sangraha 9.0