भारतीय अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था एक दशक से भी कम समय में 40-45 अरब डॉलर तक पहुंचेगी: डॉ. जितेंद्र सिंह

24 Nov 2026 18:59:53
पांचवें इंडिया इंटरनेशनल स्पेस कॉन्क्लेव-2026 को संबोधित करते हुए केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा अंतरिक्ष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह


नई दिल्ली, 24 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी तथा अंतरिक्ष राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि भारत की अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था आने वाले वर्षों में बड़ी छलांग लगाने के लिए तैयार है। वर्तमान में करीब 9 अरब डॉलर की भारतीय अंतरिक्ष अर्थव्यवस्था एक दशक से भी कम समय में बढ़कर 40 से 45 अरब डॉलर तक पहुंचने की संभावना है।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने मंगलवार को नई दिल्ली में पांचवें इंडिया इंटरनेशनल स्पेस कॉन्क्लेव-2026 को संबोधित कर रहे थे। सम्मेलन में इसरो के अध्यक्ष एवं अंतरिक्ष विभाग के सचिव डॉ. वी. नारायणन, इन-स्पेस के अध्यक्ष डॉ. पवन कुमार गोयनका, इंडियन स्पेस एसोसिएशन के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल अनिल कुमार भट्ट (सेवानिवृत्त) सहित अंतरिक्ष उद्योग से जुड़े कई प्रमुख प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

इस अवसर पर डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि अंतरिक्ष तकनीक का महत्व केवल रॉकेट प्रक्षेपण, उपग्रह निर्माण और अंतरिक्ष अभियानों तक सीमित नहीं है। इसका वास्तविक आर्थिक योगदान उन बचतों, सुविधाओं और बेहतर परिणामों में भी दिखाई देता है, जो विभिन्न क्षेत्रों में इसके इस्तेमाल से मिलते हैं।

उन्होंने पीएम गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान का उदाहरण देते हुए कहा कि अंतरिक्ष आधारित तकनीक बुनियादी ढांचे की बेहतर योजना बनाने, परियोजनाओं को समय पर पूरा करने, लागत घटाने और संसाधनों की बर्बादी तथा लीकेज कम करने में मदद कर रही है। अंतरिक्ष तकनीक का उपयोग निर्माण, संचार, शिक्षा, स्वास्थ्य, रेलवे, रक्षा और लगभग हर मंत्रालय के कामकाज में किया जा सकता है।

प्रश्नोत्तर सत्र में डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि अंतरिक्ष उद्योग में मांग की कमी की धारणा का एक बड़ा कारण इसके व्यावहारिक उपयोगों के प्रति जागरूकता का अभाव है। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष तकनीक के माध्यम से बुनियादी ढांचे, संचार और सरकारी सेवाओं की गुणवत्ता में व्यापक सुधार किया जा सकता है।

तकनीकी आत्मनिर्भरता और अंतरराष्ट्रीय सहयोग के बीच संतुलन पर उन्होंने कहा कि दोनों एक-दूसरे के विरोधी नहीं हैं। भारत को स्वदेशी तकनीक, स्वदेशी संसाधनों और स्वदेशी परियोजनाओं को मजबूत करने के साथ लाभकारी अंतरराष्ट्रीय साझेदारियों के लिए भी खुले रहना चाहिए।

उन्होंने राष्ट्रीय क्वांटम मिशन की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि वर्ष 2023 में शुरू किए गए इस मिशन के तहत भारत ने तीन वर्षों में 1,000 किलोमीटर की सुरक्षित क्वांटम संचार क्षमता हासिल की है, जबकि आठ वर्षों में 2,000 किलोमीटर का लक्ष्य निर्धारित किया गया था। उन्होंने कहा कि अंतरिक्ष, क्वांटम तकनीक, सेमीकंडक्टर और परमाणु विज्ञान जैसे क्षेत्र आपस में जुड़े हैं और इनमें विकास की व्यापक संभावनाएं हैं।

डॉ. जितेंद्र सिंह ने निजी कंपनियों से अंतरिक्ष क्षेत्र में निवेश बढ़ाने और विदेशी निवेश को भारत की ओर आकर्षित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार अनुसंधान और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए अनुसंधान नेशनल रिसर्च फाउंडेशन तथा रिसर्च, डेवलपमेंट एंड इनोवेशन (आरडीआई) फंड जैसे माध्यमों से सहयोग उपलब्ध करा रही है।

उन्होंने उद्योग जगत से कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (सीएसआर) के तहत वैज्ञानिक अनुसंधान और विकास के लिए अधिक धन उपलब्ध कराने की अपील की। उन्होंने कहा कि सीएसआर का उपयोग केवल मशीनरी और बुनियादी ढांचे तक सीमित नहीं रहना चाहिए बल्कि इसे शोध और वैज्ञानिक विकास से भी जोड़ा जाना चाहिए। वैज्ञानिक परोपकार की संस्कृति विकसित करना समय की जरूरत है।

मंत्री ने अंतरराष्ट्रीय स्पेस इनोवेशन एलायंस, स्टार्टअप के लिए वैश्विक एक्सीलरेटर कार्यक्रम और अंतरराष्ट्रीय नवाचार प्रतियोगिताओं जैसे सुझावों का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि भारत का अंतरिक्ष क्षेत्र नीतिगत सुधारों, स्वदेशी तकनीकी क्षमताओं और निजी उद्यमिता के दम पर वैश्विक स्तर पर अपनी मजबूत पहचान बनाने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विजयालक्ष्मी

Powered By Sangraha 9.0