एक समिति की सलाहकार मंडली में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी का नाम शामिल
कोलकाता, 24 नवंबर (हि. स.)। मतुआ समुदाय के प्रमुख धार्मिक केंद्र ठाकुरबाड़ी में एक बार फिर संगठनात्मक विभाजन की तस्वीर सामने आई है। मतुआ ठाकुरबाड़ी से जुड़े दो भाई शांतनु ठाकुर और सुब्रत ठाकुर ने अखिल भारतीय मतुआ महासंघ की अलग-अलग कमेटियों की घोषणा की है। खास बात यह है कि सुब्रत ठाकुर की ओर से गठित कमेटी की सलाहकार मंडली में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को भी शामिल किया गया है। मुख्यमंत्री के उस बयान के महज 23 दिन बाद यह घटनाक्रम सामने आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि वह ठाकुरबाड़ी को विभाजित नहीं होने देंगे।
हालांकि, दोनों भाइयों के पिता और ठाकुरबाड़ी के प्रमुख सेवायत मंजुल कृष्ण ठाकुर ने संगठन में किसी तरह के विभाजन से इनकार किया है। उनका कहना है कि ठाकुरबाड़ी में कोई बंटवारा नहीं है और सभी लोग एकजुट होकर मतुआ समुदाय के विकास के लिए काम कर रहे हैं। वहीं, सुब्रत ठाकुर का तर्क है कि देशभर में करोड़ों मतुआ श्रद्धालुओं तक बेहतर ढंग से पहुंचने और उन्हें संगठनात्मक सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए दो कमेटियों का गठन किया गया है।
दरअसल, तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में भी ठाकुरबाड़ी के भीतर संगठनात्मक मतभेद सामने आए थे। उस समय अखिल भारतीय मतुआ महासंघ की दो अलग-अलग कमेटियां बन गई थीं। इनमें एक का नेतृत्व ममता ठाकुर कर रही थीं, जबकि दूसरी कमेटी की कमान शांतनु और सुब्रत ठाकुर के हाथों में थी। वर्ष 2025 में दोनों भाइयों के बीच भी दूरियां बढ़ने की खबर सामने आई थी। इसके बाद सुब्रत ठाकुर ने अलग अखिल भारतीय मतुआ महासंघ की घोषणा कर दी थी। इस तरह एक ही नाम से तीन अलग-अलग संगठनात्मक इकाइयां अस्तित्व में आ गई थीं।
राज्य में सत्ता परिवर्तन के बाद एक नवंबर को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ठाकुरनगर स्थित ठाकुरबाड़ी पहुंचे थे। वहां आयोजित कार्यक्रम के मंच से उन्होंने ठाकुरबाड़ी के विभाजन को लेकर तृणमूल कांग्रेस पर निशाना साधा था।
उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा था कि वह ठाकुरबाड़ी को बंटने नहीं देंगे। उनके इस बयान के बाद मतुआ समुदाय के एक वर्ग को उम्मीद थी कि दोनों भाइयों के बीच आपसी मतभेद दूर होंगे और संगठन में एकजुटता दिखाई देगी। लेकिन मुख्यमंत्री के बयान के 23 दिन बाद ही दोनों भाइयों की अलग-अलग कमेटियों की घोषणा ने एक बार फिर संगठनात्मक एकता पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
हर वर्ष की तरह इस बार भी रास उत्सव के अवसर पर ठाकुरबाड़ी में मतुआ सम्मेलन आयोजित किया गया। इसी कार्यक्रम के दौरान अखिल भारतीय मतुआ महासंघ की कमेटियों का नवीनीकरण किया गया। हालांकि, इस बार कार्यक्रम एक मंच पर आयोजित होने के बजाय दो अलग-अलग स्थानों पर हुए। शांतनु ठाकुर की ओर से ठाकुरबाड़ी के नाटमंदिर में कार्यक्रम आयोजित किया गया, जबकि सुब्रत ठाकुर ने अपने आवास के सामने अलग से कार्यक्रम का आयोजन किया।
दोनों कार्यक्रमों में पिता मंजुल कृष्ण ठाकुर की मौजूदगी विशेष चर्चा का विषय रही। पहले शांतनु ठाकुर के कार्यक्रम में मंजुल कृष्ण ठाकुर ने अखिल भारतीय मतुआ महासंघ के संघाधिपति के रूप में शांतनु ठाकुर के नाम की घोषणा की। इसके बाद सुब्रत ठाकुर के कार्यक्रम में भी उन्होंने संघाधिपति के रूप में सुब्रत ठाकुर के नाम की घोषणा कर दी। सुब्रत ठाकुर ने अपनी कमेटी के अन्य पदाधिकारियों के नामों की भी घोषणा की।
सुब्रत ठाकुर की ओर से गठित कमेटी की सलाहकार मंडली में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के अलावा विधायक असीम सरकार, असीम विश्वास, बंकिम घोष सहित कई विधायकों को शामिल किया गया है। वहीं, दोनों भाइयों की ओर से गठित अखिल भारतीय मतुआ महासंघ की कमेटियों में पिता मंजुल कृष्ण ठाकुर प्रमुख सेवायत की भूमिका में बने हुए हैं।
दो अलग-अलग कमेटियों के गठन को लेकर मंजुल कृष्ण ठाकुर ने कहा कि ठाकुरबाड़ी में किसी तरह का विभाजन नहीं है। सभी लोग एक हैं और एकजुट होकर मतुआ समुदाय के विकास के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जो लोग विभाजन की बात करते हैं, वे ज्यादा दिनों तक टिक नहीं पाते।
दूसरी ओर, सुब्रत ठाकुर ने अलग कमेटी के गठन को संगठन के विस्तार से जोड़ते हुए कहा कि पूरे देश में मतुआ समुदाय के पांच से छह करोड़ श्रद्धालु हैं। ऐसे में दो संगठनात्मक कमेटियां होने से श्रद्धालुओं तक अधिक प्रभावी तरीके से पहुंचा जा सकेगा और उन्हें बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
अपनी कमेटी में मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को सलाहकार मंडली में शामिल किए जाने के सवाल पर सुब्रत ठाकुर ने कहा कि शुभेंदु अधिकारी जब विधानसभा में विपक्ष के नेता थे, तब भी वह कमेटी में शामिल थे और समय-समय पर अपना परामर्श देते थे। अब वह राज्य के मुख्यमंत्री हैं, इसके बावजूद उन्हें कमेटी में रखा गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा