फूडलिंक एफएंडबी होल्डिंग्स का आईपीओ 26 को खुलेगा, 3 दिसंबर को हो सकती है लिस्टिंग

24 Nov 2026 17:17:53
प्रतीकात्मक


नई दिल्ली, 24 नवंबर (हि.स.)। फूड एंड बेवरेज सर्विसेज सेक्टर की दिग्गज कंपनी फूडलिंक एफ एंड बी होल्डिंग्स (इंडिया) लिमिटेड का 360.76 करोड़ रुपये का आईपीओ 26 नवंबर को सब्सक्रिप्शन के लिए लॉन्च किया जाएगा। कंपनी के इस आईपीओ में निवेशक 30 नवंबर तक बोली लगा सकते हैं। इश्यू की क्लोजिंग के बाद 1 दिसंबर को शेयरों का अलॉटमेंट किया जाएगा, जबकि 2 दिसंबर को सफल निवेशकों के डीमैट अकाउंट में शेयर क्रेडिट कर दिए जाएंगे। इसी दिन जिन निवेशकों को शेयर का अलॉटमेंट नहीं हुआ होगा, उनके लिए रिफंड की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी। कंपनी के शेयर 3 दिसंबर को बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) और नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के मेनबोर्ड प्लेटफॉर्म पर लिस्ट हो सकते हैं।

इस आईपीओ में बोली लगाने के लिए 181 रुपये से लेकर 191 रुपये प्रति शेयर का प्राइस बैंड तय किया गया है, जबकि लॉट साइज 78 शेयर का है। इस आईपीओ में रिटेल इनवेस्टर्स को कम से कम एक लॉट यानी 78 शेयरों के लिए बोली लगाना होगा, जिसके लिए उन्हें 14,898 रुपये का निवेश करना होगा। इस आईपीओ के तहत 2 रुपये फेस वैल्यू वाले कुल 1,88,87,738 शेयर जारी हो रहे हैं। इनमें 192 करोड़ रुपये के 1,00,52,356 नए शेयर (फ्रेश इश्यू) शामिल हैं, जबकि 168.76 करोड़ रुपये के 88,35,382 शेयर ऑफर फॉर सेल विंडो के जरिए बेचे जा रहे हैं।

इस आईपीओ में नए शेयरों की बिक्री से जुटाई गई रकम में से 50.81 करोड़ रुपये का इस्तेमाल कंपनी अपनी सब्सिडियरी एफजीआरसीएस में निवेश करने के लिए करेगी, जिससे चार नए कैजुअल डाइनिंग रेस्तरां स्थापित किए जाएंगे। इसके अलावा 41.50 करोड़ रुपये दो नए बैंक्वेट हॉल स्थापित करने और 21.40 करोड़ रुपये दो सेंट्रलाइज्ड किचन बनाने के पूंजीगत व्यय (कैपिटल एक्सपेंडिचर) पर खर्च किए जाएंगे। कंपनी और उसकी सब्सिडियरी के कुछ बकाया कर्ज को चुकाने के लिए 21.00 करोड़ रुपये का उपयोग किया जाएगा, जबकि शेष राशि सामान्य कॉर्पोरेट उद्देश्यों के लिए खर्च होगी।

इस आईपीओ के कुल साइज में से क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स (क्यूआईबी) के लिए कम से कम 75 प्रतिशत हिस्सा सुरक्षित रखा गया है। इसके अलावा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए अधिकतम 10 प्रतिशत हिस्सा और नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए अधिकतम 15 प्रतिशत हिस्सा रिजर्व किया गया है। इस पूरे इश्यू के लिए इक्विरस कैपिटल लिमिटेड और जेएम फाइनेंशियल लिमिटेड को बुक रनिंग लीड मैनेजर बनाया गया है, जबकि एमयूएफजी इनटाइम इंडिया प्राइवेट लिमिटेड को रजिस्ट्रार नियुक्त किया गया है।

फूडलिंक एफ एंड बी होल्डिंग्स (इंडिया) लिमिटेड की वित्तीय स्थिति की बात करें, तो दाखिल किए गए रेड हेरिंग प्रॉस्पेक्टस (आरएचपी) में दी गई जानकारी के अनुसार कंपनी के कारोबार में लगातार विस्तार हुआ है। हालांकि, इसके शुद्ध लाभ में उतार-चढ़ाव होता रहा है। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी को 15.35 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा हुआ था, लेकिन वित्त वर्ष 2024-25 में कंपनी मुनाफे में लौट आई और इसे 14.26 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ (प्रॉफिट आफ्टर टैक्स) प्राप्त हुआ। इसके अगले वित्त वर्ष 2025-26 में शुद्ध लाभ 104 प्रतिशत की जोरदार छलांग के साथ 29.11 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। हालांकि मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही यानी 30 सितंबर 2026 तक कंपनी को 16.15 करोड़ रुपये का शुद्ध घाटा दर्ज करना पड़ा।

इस दौरान कंपनी की राजस्व प्राप्ति में लगातार मजबूती बनी रही। वित्त वर्ष 2023-24 में कंपनी को 380.17 करोड़ रुपये का कुल राजस्व (टोटल इनकम) प्राप्त हुआ था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 455.40 करोड़ रुपये रहा और अगले वित्त वर्ष 2025-26 में 26 प्रतिशत की बढ़त के साथ 572.26 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही यानी 30 सितंबर 2026 तक कंपनी को 222.18 करोड़ रुपये का कुल राजस्व प्राप्त हो चुका था।

इस अवधि में कंपनी के ऊपर लदे कर्ज के बोझ की बात करें, तो वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी पर कुल 35.30 करोड़ रुपये का कर्ज था। अगले वित्त वर्ष 2024-25 में यह मामूली बढ़त के साथ 35.88 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। वहीं पिछले वित्त वर्ष 2025-26 के अंत तक कर्ज का बोझ घट कर 24.29 करोड़ हो गया। मौजूदा वित्त वर्ष की पहली छमाही यानी 30 सितंबर 2026 में कंपनी पर कोई कर्ज नहीं है। आरएचपी में किए गए दावे के अनुसार फिलहाल कंपनी कर्ज मुक्त हो चुकी है।

कंपनी की कुल संपत्ति (टोटल एसेट्स) में भी इस दौरान लगातार बढ़ोतरी बनी रही। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी की कुल संपत्ति 268.13 करोड़ रुपये के स्तर पर थी, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 318.59 करोड़ रुपये हो गई और वित्त वर्ष 2025-26 में बड़ी उछाल के साथ 454.32 करोड़ रुपये हो गई। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही के अंत यानी 30 सितंबर 2026 तक कंपनी की कुल संपत्ति 443.99 करोड़ रुपये दर्ज की गई।

रिजर्व और सरप्लस की बात करें, तो कंपनी ने इस मोर्चे पर भी लगातार मजबूती हासिल की है। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी का रिजर्व और सरप्लस 77.94 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 96.26 करोड़ रुपये हो गया और अगले वित्त वर्ष 2025-26 के अंत में दोगुने से भी ज्यादा होकर 218.89 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही यानी 30 सितंबर 2026 तक यह 205.55 करोड़ रुपये के स्तर पर दर्ज किया गया।

इस अवधि में कंपनी के नेटवर्थ में भी लगातार बड़ा इजाफा दर्ज किया गया। वित्त वर्ष 2023-24 के अंत में कंपनी का नेटवर्थ 79.59 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 106.22 करोड़ रुपये हो गया और वित्त वर्ष 2025-26 में उछल कर 229.35 करोड़ रुपये हो गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही के अंत यानी 30 सितंबर 2026 तक कंपनी का नेटवर्थ 216.01 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

इसी तरह कंपनी का ईबीआईटीडीए (अर्निंग बिफोर इंट्रेस्ट, टैक्सेज, डिप्रेशिएशंस एंड एमॉर्टाइजेशन) वित्त वर्ष 2023-24 में 30.63 करोड़ रुपये के स्तर पर था, जो वित्त वर्ष 2024-25 में बढ़ कर 61.45 करोड़ रुपये के स्तर पर पहुंच गया। इसके अगले वित्त वर्ष 2025-26 में यह और बढ़ कर 78.43 करोड़ रुपये हो गया। मौजूदा वित्त वर्ष 2026-27 की पहली छमाही के अंत यानी 30 सितंबर 2026 तक कंपनी का ईबीआईटीडीए 16.15 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।

वर्ष 2003 में स्थापित मुंबई मुख्यालय वाली फूडलिंक एफ एंड बी होल्डिंग्स (इंडिया) लिमिटेड एक प्रमुख फूड एंड बेवरेज सर्विसेज कंपनी है, जो प्रीमियम इवेंट कैटरिंग सेवाएं देने के साथ-साथ कैजुअल डाइनिंग रेस्तरां, क्लाउड किचन और लग्जरी बैंक्वेट्स का संचालन करती है। कंपनी के रेस्तरां पोर्टफोलियो में चाइना बिस्ट्रो, इंडिया बिस्ट्रो, ग्लोकल और आर्ट ऑफ दम जैसे लोकप्रिय ब्रांड शामिल हैं। 30 सितंबर तक कंपनी भारत और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में कुल 28 कैजुअल डाइनिंग रेस्तरां और क्लाउड किचन का संचालन कर रही थी, जबकि भारत के पांच प्रमुख शहरों में इसके सेंट्रलाइज्ड किचन मौजूद हैं। इसके अलावा कंपनी स्विट्जरलैंड, तुर्की, इटली, फ्रांस और ब्रिटेन समेत दुनिया के कई देशों में बड़े आयोजनों के लिए कैटरिंग सेवाएं दे चुकी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / योगिता पाठक

Powered By Sangraha 9.0