रक्सौल-काठमांडू रेलमार्ग का फील्ड लोकेशन सर्वे पूरा, अब डीपीआर तैयार करने पर नेपाल-भारत के बीच सहमति

24 Nov 2026 10:53:53
पीएम मोदी के साथ नेपाल के पीएम बालेन्द्र शाह


काठमांडू, 24 नवंबर (हि.स.)। नेपाल की राजधानी काठमांडू को भारत के सीमावर्ती शहर रक्सौल से जोड़ने वाली प्रस्तावित विद्युतीय रेल परियोजना ने एक महत्वपूर्ण पड़ाव पार कर लिया है। काठमांडू-रक्सौल रेलमार्ग का फील्ड लोकेशन सर्वे (स्थलीरय सर्वेक्षण) पूरा हो गया है। प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की भारत यात्रा के दौरान दोनों देशों ने इसकी आधिकारिक घोषणा की।

भारत और नेपाल की ओर से जारी संयुक्त विजन पेपर में कहा गया है कि दोनों देशों के प्रधानमंत्रियों ने प्रस्तावित रक्सौल-काठमांडू इलेक्ट्रिक ब्रॉडगेज रेलमार्ग का फील्ड लोकेशन सर्वे पूरा होने की घोषणा की है। सर्वे पूरा होने के बाद अब इस परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने का रास्ता साफ हो गया है। हालांकि, रेलमार्ग के निर्माण की लागत और निवेश का प्रारूप अभी तय नहीं हुआ है।

2018 में हुआ था रेल संपर्क विस्तार पर समझौता

नेपाल और भारत के बीच 7 अप्रैल 2018 को रेल संपर्क विस्तार को लेकर सहमति बनी थी। इसी समझौते के तहत भारत के सीमावर्ती शहर रक्सौल को नेपाल की राजधानी काठमांडू से जोड़ने के लिए नई विद्युतीय रेल लाइन बनाने का प्रस्ताव रखा गया था। इस परियोजना का वित्तीय प्रबंधन भारत की ओर से किए जाने की बात कही गई थी। फाइनल लोकेशन सर्वे के लिए 8 अक्टूबर 2021 को दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय समझौता (एमओयू) हुआ था। इसके तहत भारत की आर्थिक और तकनीकी सहायता से सर्वे का काम आगे बढ़ाया गया।

भारत ने वर्ष 2023 में ही इस रेलमार्ग का फाइनल लोकेशन सर्वे तैयार कर नेपाल सरकार से उस पर राय और सुझाव मांगे थे। भारतीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने भी 20 मार्च 2026 को राज्यसभा में जानकारी देते हुए बताया था कि रक्सौल-काठमांडू रेलमार्ग का फाइनल लोकेशन सर्वे पूरा हो चुका है। उस समय उन्होंने इसकी लंबाई 136 किलोमीटर बताई थी। हालांकि, प्रधानमंत्री शाह की भारत यात्रा के दौरान जारी जानकारी के अनुसार, सर्वे की नवीनतम रिपोर्ट में रेलमार्ग की लंबाई 140.79 किलोमीटर बताई गई है।

41 किलोमीटर हिस्से में बनेंगी सुरंगें

सर्वे रिपोर्ट के अनुसार, प्रस्तावित रेलमार्ग का लगभग 41 किलोमीटर हिस्सा सुरंगों से होकर गुजरेगा, जबकि शेष हिस्सा जमीन की सतह पर बनाया जाएगा। इस रेल परियोजना के तहत 122 छोटे और 101 बड़े पुलों का निर्माण प्रस्तावित है। इनमें 18 लंबे और जटिल प्रकृति के पुल भी शामिल हैं। इन पुलों के ऊपर से रेल लाइन गुजरेगी। नेपाल के भौतिक पूर्वाधार विकास मंत्रालय ने फाइनल लोकेशन सर्वे के दौरान भारत को कुछ महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए थे। नेपाल ने प्रस्तावित निजगढ़ अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे और खनन क्षेत्रों को प्रभावित किए बिना रेलमार्ग का डिजाइन तैयार करने का सुझाव दिया था। इसके अलावा काठमांडू-तराई फास्ट ट्रैक के साथ प्रस्तावित रेलमार्ग का जुड़ाव किस तरह होगा, इसे भी स्पष्ट करने के लिए कहा गया था।

निर्माण लागत और निवेश प्रारूप अभी तय नहीं

फिलहाल इस परियोजना की डीपीआर तैयार नहीं हुई है। इसलिए रेलमार्ग के निर्माण पर कुल कितना खर्च आएगा, इसका आकलन अभी नहीं किया जा सका है। इसके साथ ही परियोजना में निवेश का प्रारूप भी तय होना बाकी है। नेपाल सरकार भारत से इस रेलमार्ग का निर्माण अनुदान सहायता के तहत कराने का अनुरोध करने की तैयारी में है। डीपीआर तैयार होने, निर्माण लागत का आकलन और वित्तीय व्यवस्था तय होने के बाद ही इस महत्वाकांक्षी रेल परियोजना के निर्माण को लेकर आगे की प्रक्रिया स्पष्ट हो सकेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज दास

Powered By Sangraha 9.0