
एनेरिन डोनाल्ड ने 32 गेंदों में ठोके 85 रन, फिल सॉल्ट ने भी जड़ा तूफानी अर्धशतक
कारारा, 24 नवंबर (हि.स.)। एनेरिन डोनाल्ड की 32 गेंदों में 85 रन की तूफानी पारी और फिल सॉल्ट के 30 गेंदों में 58 रन की बदौलत इंग्लैंड ने मंगलवार को कारारा ओवल में खेले गए दूसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में ऑस्ट्रेलिया को आठ विकेट से हरा दिया। इंग्लैंड ने 185 रन का लक्ष्य महज 13.1 ओवर में दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ ही इंग्लैंड ने पांच मैचों की सीरीज में 1-1 से बराबरी कर ली।
लक्ष्य का पीछा करने उतरे इंग्लैंड को डोनाल्ड ने शुरुआत से ही तेज रफ्तार दी। उन्होंने महज 18 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। यह पुरुष टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में किसी इंग्लिश बल्लेबाज का संयुक्त रूप से तीसरा सबसे तेज अर्धशतक है। दिलचस्प बात यह रही कि लक्ष्य का पीछा करते हुए शुरुआती दो ओवरों में इंग्लैंड ने केवल 11 रन बनाए थे। इसके बाद डोनाल्ड ने जैक एडवर्ड्स के ओवर में एक चौका और दो छक्के जड़कर आक्रामक रुख अपनाया।
पांचवें ओवर में उन्होंने निखिल चौधरी को निशाना बनाया और उनके ओवर में दो छक्के तथा दो चौके लगाकर 26 रन बटोरे। डोनाल्ड ने अपनी पारी में आठ चौके और छह छक्के लगाए। उनकी स्लॉग स्वीप खास तौर पर बेहद प्रभावशाली रही।
दूसरी ओर, सॉल्ट ने भी आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने आठवें ओवर में जोएल डेविस के खिलाफ 31 रन बटोरे। इस ओवर के बाद इंग्लैंड का स्कोर 121 रन पहुंच गया और टीम जीत से काफी करीब हो गई। सॉल्ट ने केवल 24 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। दोनों सलामी बल्लेबाजों ने 10 ओवर में पहले विकेट के लिए 151 रन की साझेदारी कर मुकाबले को लगभग एकतरफा बना दिया।
डोनाल्ड 85 रन बनाकर आउट हुए, जबकि सॉल्ट को बेन ड्वारशुइस ने कैच और बोल्ड किया। सॉल्ट ने 58 रन बनाए। उस समय इंग्लैंड को जीत के लिए केवल 33 रनों की जरूरत थी और ऑस्ट्रेलिया के पास मुकाबले में वापसी का बहुत कम मौका बचा था।
इसके बाद हैरी ब्रूक और टॉम बैंटन ने बिना किसी परेशानी के इंग्लैंड को जीत तक पहुंचा दिया। बैंटन ने केवल सात गेंदों में नाबाद 20 रन बनाए, जिसमें दो छक्के शामिल थे। उन्होंने निखिल चौधरी की गेंद पर डीप मिडविकेट के ऊपर छक्का लगाकर इंग्लैंड की जीत पूरी की।
इससे पहले, टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम ने शुरुआती झटकों से उबरते हुए निर्धारित 20 ओवर में आठ विकेट पर 184 रन बनाए। इंग्लैंड के गेंदबाजों ने पावरप्ले के भीतर ही ऑस्ट्रेलिया के चार विकेट 58 रन पर गिरा दिए थे। बीच के ओवरों में आदिल राशिद ने प्रभावशाली गेंदबाजी की। उन्होंने अपने चार ओवर में केवल 26 रन दिए और लचलान शॉ का विकेट भी हासिल किया।
दो दिन पहले मैच जिताऊ प्रदर्शन करने वाले निखिल चौधरी ने इस मुकाबले में भी अच्छी बल्लेबाजी की। उन्होंने 35 गेंदों में 45 रन बनाए और जोएल डेविस के साथ 49 रन की साझेदारी की। डेविस ने 25 गेंदों में 39 रन का योगदान दिया। जैक एडवर्ड्स ने आठ गेंदों में 18 रन की तेज पारी खेली।
हालांकि, ऑस्ट्रेलिया को आखिरी ओवर में बेन ड्वारशुइस ने बड़ी राहत दिलाई। उन्होंने सैम करन के ओवर में लगातार तीन छक्के लगाकर टीम का स्कोर आठ विकेट पर 184 रनों तक पहुंचाया।
करन ने आखिरी ओवर में 20 रन खर्च किए लेकिन उन्होंने दो विकेट लेकर 29 रन दिए। हेनरी क्रॉम्ब ने भी दो विकेट हासिल किए। इसके बावजूद ऑस्ट्रेलिया का आखिरी ओवरों में किया गया प्रयास इंग्लैंड की तेज बल्लेबाजी के सामने नाकाफी साबित हुआ।
संक्षिप्त स्कोर: ऑस्ट्रेलिया 20 ओवर में 184/8 (निखिल चौधरी 45, जोएल डेविस 39; सैम करन 2/29)।
इंग्लैंड 13.1 ओवर में 188/2 (एनेरिन डोनाल्ड 85, फिल सॉल्ट 58; राइली मेरेडिथ 1/18) ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील दुबे