(लीड) उत्तर प्रदेश में कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा-यमुना से सरयू तक उमड़ा आस्था का सैलाब, श्रद्धालुओं ने लगाई पुण्य की डुबकी

24 Nov 2026 15:38:53
वाराणसी में गंगा स्नान का विहंगम नजारा


कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा किनारे स्नान के लिए जुटी भीड़


लखनऊ/वाराणसी, 24 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मंगलवार को कार्तिक पूर्णिमा का पर्व श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रदेशभर के गंगा, यमुना, सरयू, गोमती समेत विभिन्न पवित्र नदियों के घाटों पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। हर-हर महादेव और हर-हर गंगे के जयघोष के बीच करोड़ों श्रद्धालुओं ने पवित्र नदियों में पुण्य की डुबकी लगाई। स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने दीपदान, अर्घ्यदान और दान-पुण्य कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिरों में दर्शन-पूजन के लिए भी भक्तों की भारी भीड़ रही।

कार्तिक पूर्णिमा पर पवित्र नदियों में स्नान के लिए श्रद्धालुओं का पहुंचना सोमवार देर रात से ही शुरू हो गया था। मंगलवार तड़के करीब चार बजे से ही विभिन्न घाटों पर स्नान का सिलसिला शुरू हो गया। दिन चढ़ने के साथ श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ती गई। वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या, गोरखपुर, मिर्जापुर, बलिया, आजमगढ़, देवरिया, लखनऊ, कानपुर, आगरा और झांसी समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों में नदियों के घाटों पर श्रद्धालुओं का हुजूम उमड़ पड़ा।

महिलाओं, पुरुषों और बच्चों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु गंगा, गोमती, सरयू, चंद्रप्रभा, वरुणा, रामगंगा और सोन समेत अन्य नदियों के घाटों पर पहुंचे। सुबह होते-होते कई घाटों पर भारी भीड़ के कारण तिल रखने तक की जगह नहीं बची। यही नजारा प्रदेश के सरोवरों, तालाबों और ग्रामीण क्षेत्रों के जलाशयों पर भी देखने को मिला।

प्रयागराज में गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के पावन संगम पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही। संगम तट के अलावा बलुआघाट, शिवकुटी, अरैल और फाफामऊ में लाखों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। वहीं, धर्मनगरी वाराणसी के प्राचीन दशाश्वमेध और पंचगंगा घाट पर विशेष रौनक रही। गंगा के दोनों तटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटी। अस्सी, भदैनी, शीतला, अहिल्याबाई, केदार, भैंसासुर और रविदास घाट समेत सामनेघाट तथा रामनगर बलुआघाट पर भी सुबह से ही स्नानार्थियों का तांता लगा रहा। स्नान के बाद महिलाओं और पुरुषों ने समूह में दीपदान और अर्घ्यदान किया।

रामनगरी अयोध्या में भी तड़के से ही सरयू के घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। लाखों श्रद्धालुओं ने सरयू में स्नान कर पूजा-अर्चना और दान-पुण्य किया। जौनपुर में गोमती और सई नदी के विभिन्न घाटों पर हजारों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई। यहां भोर से ही स्नानार्थियों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। वहीं, महर्षि भृगु की धरती बलिया में सोमवार मध्यरात्रि से ही गंगा तट पर श्रद्धा का अद्भुत नजारा देखने को मिला। महावीर घाट स्थित गंगा की रेती पर महाआरती के बाद लाखों श्रद्धालुओं ने स्नान किया।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर प्रदेशवासियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के सुख, स्वास्थ्य और समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि यह पावन पर्व श्रद्धा, भक्ति, दान और लोककल्याण का संदेश देता है। मुख्यमंत्री ने पर्व की धार्मिक महत्ता का उल्लेख करते हुए कहा कि मान्यता के अनुसार, इसी दिन भगवान विष्णु ने मत्स्य अवतार लिया था और भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध कर देवताओं को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी। यह पर्व भारतीय संस्कृति की आध्यात्मिक चेतना, आस्था और परंपराओं का प्रतीक है। उन्हाेंने लखनऊ में सिख समाज की ओर से आयाेजित कार्यक्रम में भी हिस्सा लिया।

कार्तिक पूर्णिमा के स्नान पर्व को देखते हुए प्रदेशभर के प्रमुख नदी घाटों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालुओं की भीड़ को नियंत्रित करने और आवागमन सुचारु बनाए रखने के लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी पूरी तरह मुस्तैद रहे। पुलिस अधिकारी और जवान रात से ही घाटों पर तैनात हो गए थे। लगातार निगरानी के साथ पुलिसकर्मी भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित करने में जुटे रहे।

सनातन धर्म में कार्तिक पूर्णिमा के स्नान का विशेष धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व है। इसे त्रिपुरारी पूर्णिमा के नाम से भी जाना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस दिन गंगा, यमुना और गोदावरी जैसी पवित्र नदियों में स्नान, दीपदान और दान-पुण्य करने से विशेष पुण्य की प्राप्ति होती है। मान्यता है कि कार्तिक पूर्णिमा पर गंगा नदी में अथवा तुलसी के समीप दीप प्रज्ज्वलित करने से मां लक्ष्मी प्रसन्न होती हैं। इसी दिन कार्तिक मास में पूरे महीने चलने वाले गंगा स्नान, पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठानों का समापन भी होता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान विष्णु के मत्स्य अवतार और भगवान शिव द्वारा त्रिपुरासुर के वध से भी इस तिथि का विशेष संबंध माना जाता है। इसी कारण इसे देव दीपावली के रूप में भी मनाया जाता है।

दूसरी ओर, गुरु नानक देव के 557वें प्रकाश पर्व पर प्रदेशभर के प्रमुख गुरुद्वारों में विशेष धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। सिख श्रद्धालुओं ने गुरुद्वारों में मत्था टेककर अरदास की और गुरु की संगत में शामिल होकर शबद-कीर्तन का आनंद लिया। 'सद्गुरु नानक परगटया, मिटी धुंध जग चानण होआ...' और 'नानक नाम जहाज है, चढ़ै सो उतरे पार' जैसे भजनों और गुरुवाणी के गायन से गुरुद्वारे गूंज उठे। सुखमनी साहिब के पाठ, नाम सिमरन और अरदास के बाद श्रद्धालुओं ने गुरु का अटूट लंगर छका। गुरुद्वारों में सेवा, श्रद्धा और समर्पण का भाव दिखाई दिया।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी

Powered By Sangraha 9.0