
हरिद्वार, 24 नवंबर (हि.स.)। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर मंगलवार को उत्तराखंड में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। हरिद्वार से लेकर ऋषिकेश और प्रदेश के अन्य पवित्र घाटों तक श्रद्धालुओं ने गंगा में आस्था की डुबकी लगाई। हरिद्वार में ब्रह्म मुहूर्त से ही हरकी पौड़ी समेत गंगा के विभिन्न घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई। देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे श्रद्धालुओं ने गंगा स्नान, पूजा-अर्चना और दीपदान कर सुख-समृद्धि की कामना की। घाटों पर हर-हर गंगे के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
हरिद्वार में हरकी पौड़ी के ब्रह्मकुंड समेत गंगा के तमाम घाटों पर तड़के से ही श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही। परिवारों के साथ पहुंचे लोगों ने गंगा स्नान के बाद गंगा पूजन किया और सूर्यदेव को अर्घ्य अर्पित किया। ऋषिकेश के त्रिवेणी घाट सहित अन्य गंगा घाटों पर भी श्रद्धालुओं ने स्नान और पूजा-अर्चना की। मंदिरों, आश्रमों और मठों में धार्मिक अनुष्ठान आयोजित किए गए। देव दीपावली के अवसर पर घाटों पर दीपदान भी किया गया। गंगा के जयकारों, पूजा-अर्चना और दीपदान के बीच हरिद्वार सहित प्रदेश के प्रमुख तीर्थस्थलों पर दिनभर धार्मिक उल्लास का माहौल बना रहा।
कार्तिक पूर्णिमा का सनातन धर्म में विशेष महत्व है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन को देव दीपावली के रूप में भी मनाया जाता है। मान्यता है कि इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध कर देवताओं को उसके अत्याचारों से मुक्ति दिलाई थी। इस विजय की खुशी में देवताओं ने दीपोत्सव मनाया था। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान विष्णु ने इसी दिन मत्स्य अवतार धारण किया था। इस कारण कार्तिक पूर्णिमा पर भगवान विष्णु और भगवान शिव की आराधना का विशेष महत्व माना जाता है।
पं. देवेंद्र शुक्ल शास्त्री ने बताया कि कार्तिक पूर्णिमा पर ब्रह्म मुहूर्त में गंगा स्नान करना अत्यंत पुण्यकारी माना गया है। स्नान के बाद जरूरतमंदों को गुड़, तिल, अन्न और ऊनी वस्त्रों का दान करना शुभ माना जाता है। इस दिन दीपदान का भी विशेष महत्व है। श्रद्धालु दीप प्रज्ज्वलित कर भगवान विष्णु और शिव की आराधना करते हैं तथा पितरों की शांति के लिए प्रार्थना करते हैं। मान्यता है कि इस दिन श्रद्धा से किए गए दान-पुण्य से जीवन में सुख-शांति और समृद्धि आती है।
श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए हरिद्वार मेला क्षेत्र को दो सुपर जोन, 11 जोन और 30 सेक्टरों में विभाजित कर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती की गई। हरकी पौड़ी सहित प्रमुख घाटों और बाजारों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहा। पुलिसकर्मी लगातार भीड़ पर नजर रखते हुए श्रद्धालुओं की आवाजाही सुचारु बनाए रखने में जुटे रहे।
यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए उत्तराखंड परिवहन निगम ने रुड़की और ऋषिकेश डिपो सहित आसपास के अन्य डिपो से 50 अतिरिक्त बसों की मांग की। यात्रियों का दबाव बढ़ने पर बसों के अतिरिक्त फेरे भी लगाए गए, ताकि लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
स्नान पर्व को देखते हुए हरिद्वार में विशेष यातायात और डायवर्जन योजना लागू की गई। हाई-वे पर भारी वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रखी गई, जबकि शहर के प्रमुख मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात पुलिस तैनात रही। प्रशासन ने श्रद्धालुओं की सुविधा और पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यवस्थाएं कीं।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला