अमित शाह गुरुवार को ‘संविधान गौरव दिवस’ कार्यक्रम को करेंगे संबोधित

25 Nov 2026 15:33:53
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (फाइल फोटो)


नई दिल्ली, 25 नवंबर (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को नई दिल्ली में आयोजित ‘संविधान गौरव दिवस’ समारोह को संबोधित करेंगे। दिल्ली प्रदेश भाजपा की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता भी शामिल होंगी। कार्यक्रम दोपहर 3:30 बजे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी सिविक सेंटर में आयोजित किया जाएगा।

दिल्ली भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि अमित शाह समारोह में मुख्य अतिथि और प्रमुख वक्ता होंगे। समारोह में दिल्ली के सांसदों के अलावा विभिन्न क्षेत्रों के प्रबुद्ध नागरिकों को भी आमंत्रित किया गया है।

कार्यक्रम में अधिवक्ताओं, चार्टर्ड अकाउंटेंट, चिकित्सकों, प्राध्यापकों, शिक्षकों और विद्यार्थियों की भागीदारी भी रहेगी। इसका उद्देश्य भारतीय संविधान के मूल्यों और सिद्धांतों के प्रति नागरिकों में जागरूकता बढ़ाना तथा संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर के योगदान को याद करना है। यह आयोजन भाजपा के ‘संविधान गौरव अभियान’ के तहत किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि भारत में प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। इसी दिन 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अंगीकार किया था। हालांकि संविधान 26 जनवरी 1950 को लागू हुआ और इसी दिन भारत गणराज्य बना। केंद्र सरकार ने वर्ष 2015 में 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था। वर्ष 2026 में संविधान अंगीकार किए जाने के 77 वर्ष पूरे हो रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुशील कुमार

Powered By Sangraha 9.0